दन्तेवाड़ा

भूमकाल दिवस को जोर-शोर से मनाएं, पर्चे फेंककर नक्सलियों की जनता से अपील
10-Feb-2021 1:30 PM
भूमकाल दिवस को जोर-शोर से मनाएं, पर्चे फेंककर नक्सलियों की जनता से अपील

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 10 फरवरी।
दंतेवाड़ा में नक्सलियों ने पर्चे फेंक कर ग्रामीणों से बुधवार को भूमकाल दिवस की 111वीं वर्षगांठ जोर-शोर से मनाने की अपील की है। उल्लेखनीय है कि नक्सली संगठन द्वारा प्रतिवर्ष 10 फरवरी को भूमकाल दिवस मनाया जाता है। नक्सलियों ने पुलिस के विशेष अभियान घर वापस आइए का भी उल्लेख किया है। उक्त अभियान से नक्सली संगठन को बड़ी क्षति पहुंचने की स्वीकारोक्ति की गई है। 

ज्ञात हो कि घर वापस आइए अभियान के अंतर्गत 200 से अधिक नक्सलियों ने हथियार डालकर मुख्यधारा का रास्ता चुना है। पर्चे में नक्सलियों ने पुलिस के आधार शिविरों में बड़े हमले करने की मंशा जाहिर की है। चिकपाल और टेटम पुलिस कैंप में रानी बोदली और मुरकीनार के समान व्यापक हमले के इरादे जताये गये हैं। नक्सलियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नया भारत की बजाय नव जनवादी भारत बनाए जाने का आह्वान किया है। उक्त पर्चे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की माओवादी की कटेकल्याण एरिया कमेटी द्वारा जारी किए गये हंै।

ख्वाब ही रहेंगे नक्सली मंसूबे-एसपी
इस पर्चे पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव ने कहा कि पुलिस के आधार शिविरों पर बड़े हमले करने के नक्सली मंसूबे ख्वाब ही रहेंगे। नक्सलियों के नापाक इरादे पुलिस कामयाब नहीं होने देगी। उन्होंने घर वापस आइए अभियान में 300 नक्सलियों के आत्मसमर्पण शीघ्र पूर्ण होने की बात कही।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news