गरियाबंद

राज्यपाल ने किया संत समागम का शुभारंभ
07-Mar-2021 5:28 PM
राज्यपाल ने किया संत समागम का शुभारंभ

राजिम में धर्म, आध्यात्म एवं आस्था का भी संगम-उइके 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 7 मार्च। 
त्रिवेणी संगम के तट पर आयोजित राजिम माघी पुन्नी मेला का संत समागम समारोह मुख्य अतिथि राज्यपाल अनसुईया उइके की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। राज्यपाल ने भगवान श्री राजीवलोचन और महानदी की पूजा आरती कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। समारोह में धर्मस्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, अभनपुर विधायक धनेंद्र साहू, राजिम विधायक अमितेश शुक्ल, सिहावा विधायक लक्ष्मी धु्रव, महंत गोवर्धन शरण महाराज, संत विचार साहेब, सिद्धेश्वरानंद जी महाराज, उमेश आनंद महाराज, देवदास  महाराज मंच पर विशेष रूप से मौजूद थे। 

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सुश्री उईके ने कहा कि राजिम पुन्नी मेले में आए साधु-संतों, श्रद्धालुजनों का मैं हार्दिक अभिनंदन करती हूं। यहां न सिर्फ सोंढूर, पैरी एवं महानदी का संगम है बल्कि यहॉं धर्म आध्यात्म एवं आस्था का भी संगम है। भगवान श्रीराजीव लोचन, श्री कुलेश्वर नाथ महादेव एवं राजिम माता की कृपा हमेशा बनी रहे। संगम में स्नान करने का पुण्य मिलता है। साधु संतों का समागम छत्तीसगढ़ के साथ देशभर का आयोजन बन गया है। किसी भी मेले का सामूहिक महत्व होता है। उन्होंने आगे कहा की भारत साधु-संतों की भूमि रही है उनके आगमन से पवित्रता को प्राप्त करते है। संतों का जीवन सदैव परोपकार के लिए समर्पित रहता है। 

राज्यपाल ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने नदियों, सरोवरों और वृक्षों की महत्ता और उनके संरक्षण पर विशेष बल दिया। आज इस बात की आवश्यकता है कि हम अपने पुरखों द्वारा दिखाई गई राह पर चलें। राज्यपाल ने लोगों से अपील किया है कि कोरोनावायरस बचने के लिए अभी भी सावधानी बरतें और मास्क का उपयोग करें।

धर्मस्व और जिले के प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि हम मेला को लगातार अच्छा बनाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि यहाँ स्थानीय पुरोहितों ने पूर्ण श्रद्धा और भक्ति के साथ आरती की है। हमारी सरकार ने स्थानीय को ही ध्यान में रखकर मेला के स्वरूप को बदला है। 
इस अवसर पर अभनपुर विधायक धनेंद्र साहू ने राजिम की गरिमा को रेखांकित करते हुए कहा कि यहां की संस्कृति, परम्परा और आस्था लोगों के जीवन शैली में शामिल है। पुरातन समय मे लोग अपने परिवार के साथ यहां आते थे और राजिम मेला का आनद लेते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार मूल संस्कृति और परम्परा को आगे बढ़ा रही है।

राजिम विधायक श्री शुक्ल ने कहा कि राजिम की इस पवित्र भूमि से सदैव लगाव रहा है। यहां की मिट्टी से वे रचे बसे है। उन्होंने कहा कि राजिम मेले की महत्ता इस क्षेत्र ही नही बल्कि  पूरे देश के लिए जाना जाता है। 
कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने अपने प्रतिवेदन में बताया कि अब तक करीब 3 लाख श्रद्धालुओं ने राजिम मेला में आकर कर दर्शन किये है। कोरोना संक्रमण से सावधानी बरतने प्रशासन द्वारा विशेष प्रयास किये गए है। 
ब्रम्हकुमार नारायण भाई ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह आयोजन आस्था धर्म संस्कृति के बीच हो रहा है। मानव स्वयं को भूल जाता है तब ऐसे समय पर स्वयंभू शिव कल्प के अंत में आता है। आत्मा अजर अमर है सत्यता के आभाव के कारण मानव का मनोबल गिरता जा रहा है। आस्था ज्ञान का रुप लेती है तब अध्यात्म बन जाता है। जहॉं सत्य वहॉं शांति है। 

इस अवसर पर गरियाबंद जिला पंचायत अध्यक्ष स्मृति ठाकुर, राजिम नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सोनकर, नवापारा के अध्यक्ष धनराज मध्यानी, जनपद पंचायत फिंगेश्वर के अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं कलेक्टर निलेश क्षीरसागर, पुलिस अधीक्षक भोज राम पटेल, अपर कलेक्टर जेआर चौरसिया मौजूद थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news