कोण्डागांव

कोण्डागांव महिला पुलिस पहुंचीं नक्सल प्रभावित गांव, किया जागरूक
07-Mar-2021 8:55 PM
  कोण्डागांव महिला पुलिस पहुंचीं नक्सल प्रभावित गांव, किया जागरूक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 7 मार्च। गत वर्ष नवंबर से कोण्डागांव एसपी सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में क्षेत्र की महिलाओं के कल्याण व शिकायत निवारण के लिए संचालित विशेष अभियान आम्चो पुलिस आम्चो संगी के तहत 6 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर जिले की महिला पुलिस अधिकारियों डीएसपी अंजली गुप्ता व डीएसपी निकिता मिश्रा के नेतृत्व में जिले के सुदूर अंचल में बसे थाना मर्दापाल क्षेत्र के गांव मटवाल, पुंगारपाल में आयोजित किया गया।

यह पहला ऐसा मौका था, जब महिला पुलिस अधिकारी इन गांव के लोगों से रूबरू हुईं, जिस कारण खबर मिलते ही बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यक्रम का हिस्सा बनने पहुंचीं। जिसमें घर पर कामकाज करने वाली महिलाओं के साथ-साथ छात्राएं व खेती में सहयोग करने वाली महिलाएं भी उत्साहपूर्वक शामिल हुईं।

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं से उनकी समस्याओं को जानने का प्रयास किया गया, उन्हें महिला संबंधी अपराधों को लेकर जागरूक किया गया तथा उनके विधिक अधिकारों के बारे में भी जानकारी दी गई। इस प्रकार महिला अधिकारियों को अपने पास पाकर ग्रामीण महिलाओं ने भी सहजता से अपनी बात सबके सामने रखी तथा उनके साथ स्थानीय भाषा में लोक गीत गाए।

डीएसपी अंजली गुप्ता ने महिलाओं के साथ आए छोटे बच्चों के समय पर टीकाकरण व आंगनबाड़ी में वितरित किए जाने वाले पौष्टिक आहार को खिलाने की बात कही। डीएसपी निकिता तिवारी ने उपस्थित कामकाजी महिलाओं के उनके परिवार के प्रति समर्पण व योगदान को भी महत्वपूर्ण बताते हुए सराहा तथा महिलाओं के शिक्षित होने की आवश्यकता पर जोर देते हुए उनके आर्थिक रूप से सक्षम व स्वतंत्र होने के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं को कॉपी पेन वितरित किए गए और सभी महिलाओं को भेंट स्वरूप साडिय़ां वितरित की गईं।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को समर्पित कोण्डागांव पुलिस के इस आयोजन से स्थानीय महिलाएं उत्साहित व प्रेरित होती प्रतीत हुईं। इस कार्यक्रम में निरीक्षक अर्चना धुरंधर, उप निरीक्षक नमिता टेकाम व सहायक उप निरीक्षक निशा प्रयाग ने भी हिस्सा लिया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news