राजनांदगांव

10 दिन से लापता जवान का सुराग नहीं
08-May-2021 2:17 PM
10 दिन से लापता जवान का सुराग नहीं

  कांकेर-नंादगांव पुलिस सीमावर्ती गांवों में कर रही खोजबीन  
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 मई।
जिले के मानपुर के अंदरूनी  इलाके से पिछले 10 दिनों से लापता कांकेर जिले के सहायक आरक्षक की अब तक कोई खोज-खबर नहीं मिली है। पुलिस के लिए गुमशुदा जवान एक पहली  बन गई है। राजनांदगांव और कांकेर पुलिस संयुक्त गश्त के तहत जवान की सीमावर्ती गांवों में सरगर्मी से तलाश कर रहे हैं। बीते 28 अप्रैल से सहायक आरक्षक मनोज नेताम राजनांदगांव के रानवाही गांव से एकाएक गायब हो गया। पुलिस को शुरूआती सर्चिंग में सहायक आरक्षक का मोटर साइकिल लावारिस हालत में मिला। 

बताया जा रहा है कि सहायक आरक्षक की तलाश करने में जुटी पुलिस नक्सली समेत निजी जिंदगी से जुड़े तथ्यों पर जानकारी जुटा रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस लगातार बीहड़ नक्सल इलाकों में जवान की खोजबीन कर रही है। सहायक आरक्षक कांकेर जिले के कोडेकुर्से थाना में पदस्थ था। बताया जा रहा है कि 2020 से उसकी उक्त थाना में पदस्थापना थी। 28 अप्रैल को एकाएक गणना में गैरमौजूद होने पर जवान की तलाश शुरू हुई। बताया जा रहा है कि पुलिस के पास नक्सलियों द्वारा अपहृत किए जाने की खबर सामने आई थी। मोटर साइकिल के पास मिले नक्सल पर्चे को देखकर पुलिस को अंदाजा हो गया कि मामला नक्सलियों से जुड़ा नहीं है। यही कारण है कि पुलिस सहायक आरक्षक के व्यक्तिगत व्यवहार से जुड़े तथ्यों के आधार पर जांच कर रही है। 

इस संबंध में कांकेर रेंज डीआईजी विनीत खन्ना ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि सहायक आरक्षक की तलाश करते पुलिस हर तरह की सूचनाओं को प्राथमिकता दे रही है। अब तक लापता जवान की कोई खबर नहीं मिली है। इधर दोनों जिले के शीर्ष अफसर लगातार लापता जवान की तलाश में जमीन-आसमान एक कर रहे हैं। पुलिस के हाथ अब तक खाली है।

कवर्धा से भी एएसआई गायब
कवर्धा जिले से भी नक्सल इलाके में तैनात एक एएसआई के गायब होने से पुलिस उलझन में है। बताया जा रहा है कि झलमला थाना क्षेत्र के एक पुलिस चौकी से सीएएफ के सहायक उप निरीक्षक लकड़ा भी करीब महीनेभर से बिना सूचना नदारत हैं। बताया जा रहा है कि एएसआई के गुम होने से आलाधिकारी लगातार बालाघाट सीमा पर गश्त अभियान चलाए हुए हैं। बताया जा रहा है कि लापता एएसआई कथित रूप से मानसिक रोगी भी था। हालांकि अफसरों ने गुम सुरक्षाकर्मी के घर और नजदीकी रिश्तेदारों से संपर्क किया है। अभी तक पुलिस को ठोस जानकारी नहीं मिली है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news