‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 जनवरी। 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी ने जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर, राष्ट्रध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगान पश्चात राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का गायन हुआ। सांसद श्रीमती चौधरी ने हर्ष के प्रतीक तीन रंग के गुब्बारें आकाश में छोड़े। इसके पश्चात सांसद श्रीमती चौधरी ने परेड निरीक्षण कर परेड की सलामी ली। तत्पश्चात मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश का वाचन किया। मंच पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार मौजूद थे।
इसके पश्चात प्लाटून 20वीं वाहिनी छग सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना महिला प्लाटून, सीनियर डिवीजन एनसीसी, एनएसएस महाविद्यालय, जूनियर डिवीजन एनसीसी गाईड, स्काउट, एनएसएस विद्यालय एवं रेडक्रॉस की टुकडिय़ों द्वारा अनुशासित मार्च पास्ट एवं सलामी दी गई।
समारोह के दौरान सांसद रूपकुमारी चौधरी ने जिले के शहीदों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने शहीद परिवारों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके त्याग, बलिदान और राष्ट्रसेवा को नमन किया। तत्पश्चात विभिन्न 16 स्कूलों के 1000 छात्र-छात्राओं द्वारा समन्वय एवं ऊर्जा से भरपूर पीटी का प्रदर्शन किया गया तथा इसके पश्चात 6 विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। वहीं पुलिस विभाग द्वारा कहो नशे को अलविदा विषय पर विशेष प्रस्तुति देकर नशामुक्ति का सशक्त संदेश दिया गया।
इसके अलावा वन विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला बाल विकास, उद्यानिकी विभाग, जल संसाधन, मछली पालन, आदिवासी विभाग, पशुपालन, पीएचई, क्रेडा,विद्युत, कृषि विभाग और खाद्य विभाग द्वारा शासकीय योजनाओं एवं गतिविधियों की जीवंत झांकियों का प्रदर्शन किया गया।