‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 2 जनवरी। तमनार क्षेत्र में प्रस्तावित जनसुनवाई के विरोध में शांतिपूर्ण धरना दे रहे 14 गांवों के ग्रामीणों ने 27 दिसंबर को महिला आरक्षक के साथ हुई शर्मनाक एवं अमानवीय घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। ग्रामीणों ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया कि इस घृणित और निंदनीय घटना को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों से उनका किसी भी प्रकार का कोई संबंध नहीं है। 14 गांवों की जनता इस घटना की एक स्वर में भत्र्सना करती है और शासन-प्रशासन से मांग करती है कि घटना में शामिल सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ग्रामीणों ने कहा कि यह घटना शांतिपूर्ण जनआंदोलन को बदनाम करने की एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा प्रतीत होती है। तमनार क्षेत्र के ग्रामीण पिछले 20-21 दिनों से पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपने अधिकारों के लिए आंदोलनरत हैं। ऐसे में उनके द्वारा हिंसा किए जाने का आरोप पूरी तरह निराधार और असत्य है।
प्रेस नोट में यह भी उल्लेख किया गया कि आंदोलन को कमजोर करने के उद्देश्य से असामाजिक तत्वों की घुसपैठ लगातार करने का प्रयास किया गया, जिसे ग्रामीणों की सजगता के कारण हर बार विफल किया गया। ग्रामीणों ने स्मरण कराया कि वर्ष 2008 में गारे-खम्हरिया में कंपनी से जुड़े 200 से अधिक गुंडों द्वारा जनसुनवाई स्थल पर घुसकर प्रशासनिक अमले और आम जनता पर पथराव किए जाने की घटना सर्वविदित है, जिसकी सच्चाई आज भी क्षेत्र की जनता के जहन में है। 14 गांवों के ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष, सूक्ष्म और पारदर्शी जांच कराई जाए तथा सच्चाई को आम जनता के सामने लाया जाए, ताकि निर्दोष और शांतिपूर्ण आंदोलनरत ग्रामीणों की छवि को धूमिल करने की किसी भी कोशिश को नाकाम किया जा सके।
छत से गिरकर युवक की मौत, जांच
रायगढ़, 2 जनवरी। छत से गिरकर एक युवक की अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों की सूचना के बाद मर्ग पंचनामा कार्रवाई पश्चात पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घरघोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कुडुमकेला के फिटिंगपारा निवासी बोट लाल मांझी 26 साल कल दोपहर किसी काम के सिलसिले में अपने ही घर के छत पर चढ़ा था, इस दौरान अचानक कमजोरी और बेहोश होने के चलते छत से नीचे गिर गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों ने तत्काल बोटलाल को उपचार के लिये घरघोड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्रारंभिक जांच के दौरान मौके पर मौजूद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बहरहाल, परिजनों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची घरघोड़ा पुलिस इस मामले में मर्ग पंचनामा कार्रवाई पश्चात आगे की जांच में जुट गई है।