7 राजपत्रित अधिकारी ड्यूटी पर
सद्भावना से रंग-गुलाल खेलें -एएसपी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 मार्च। होली त्यौहार को लेकर महासमुंद जिला पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वाले और हुड़दंगियों से निपटने के लिए पुलिस ने इस बार जीरो टॉलरेंस की रणनीति अपनाई है। हाल के दिनों में जिले में हुई चाकूबाजी और हत्या जैसी गंभीर वारदातों को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक विशेष सुरक्षा खाका तैयार किया गया है।
महासमुंद पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि यदि किसी ने भी त्योहार के उल्लास में खलल डालने की कोशिश की, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा और सीधे जेल केी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए जिले भर में कुल 350 पुलिस जवानों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। पूरी सुरक्षा व्यवस्था की कमान 7 राजपत्रित अधिकारियों के हाथों में सौंपी गई है, जो संवेदनशील इलाकों में खुद मुस्तैद रहकर स्थिति की निगरानी करेंगे।
जानकारी अनुसार शहर के अनेक मोहल्ले सहित आसपास के ग्राम अपराध मामलों में संवेदनशील हैं। फलस्वरूप इन स्थानों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। जानकारी के अनुसार महासमुंद के दलदली मार्ग सोरिद रोड, नयापारा, सुभाष नगर, मौहारी भांठा, खैरा चौक, बेमचा में में पुलिस की विशेष नजर रहेगी। अभी हाल में ही शराब दुकान के पास हुई एक युवक की हत्या सहित कुछ स्थानों पर चाकूबाजी तथा लूट की वारदात के बाद पुलिस और अधिक सख्त हो गई है।
अत: पुलिस ने इस बार जिले में कुल 36 हेल्पलाइन सेंटर बनाए हैं। इन सेंटर्स का मुख्य कार्य सूचना मिलते ही उसे तत्काल नजदीकी ड्यूटी पॉइंट या पेट्रोलिंग टीम को फॉरवर्ड करना होगा। जिससे रिस्पांस टाइम कम से कम रहे। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से होली का आनंद लें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि शराब पीकर वाहन चलाने, जबरन चंदा वसूली करने या अश्लील हरकतें करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। संदिग्धों की धरपकड़ के लिए सर्च अभियान भी तेज कर दिया गया है, ताकि आम जनमानस बिना किसी भय के रंगों का त्योहार मना सके।
जिले के ग्रामीण अंचलों तक पुलिस का सूचना तंत्र सक्रिय कर दिया गया है। विशेष रूप से संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों पर नजर रखने के लिए 17 पेट्रोलिंग वाहनों को तैनात किया गया है। पुलिस की गश्त इतनी सघन होगी कि प्रत्येक 15 मिनट में मोहल्लों और गलियों में पेट्रोलिंग गाडिय़ां सायरन बजाते हुए दौरा करेंगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की गुंजाइश न रहे।
प्रतिभा पाण्डेय एएसपी ने शहर के लोगों के शांतिपूर्वक होली मनाने की अपील करते हुए बताया हैकि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर 75 फि क्स पॉइंट बनाए गए हैं। इन पॉइंट्स पर तैनात जवान किसी भी संदिग्ध गतिविधि या त्वरित वारदातों को रोकने के लिए हर समय मुस्तैद रहेंगे। आपातकालीन स्थितियों और अचानक होने वाली झड़पों से निपटने के लिए प्रशासन ने 5 एडी स्कॉट की टीमें गठित की हैं। प्रत्येक स्कॉट टीम में 8 से 10 चुनिंदा और प्रशिक्षित जवानों को रखा गया है, जो सूचना मिलते ही मौके पर स्ट्राइक करेंगे। इस बार कुल 350 जवानों की ड्यूटी लगाई गई है जिसमें त्वरित कार्रवाई के लिए 5 टीमें पृथक से रिजर्व है। प्रत्येक टीम में 8 से 10 जवान शामिल हैं।
फूलझर में पृथ्वीम फाउंडेशन द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर
नवापारा राजिम, 3 मार्च। छुरा विकासखंड के ग्राम फूलझर में पृथ्वीम् फाउंडेशन द्वारा अध्यक्ष योगिता सिन्हा के नेतृत्व में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में आसपास गांव के ग्रामीणों ने आंख जांच, दांत जांच, महिला रोग एवं होम्योपैथी जांच करवाया। विशाल मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर में 100 से अधिक ग्रामवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। बता दे कि पृथ्वीम फाउंडेशन समाजसेवी संस्थान द्वारा एक वर्ष से गरियाबंद एवं रायपुर जिले में स्वास्थ्य शिविर, होली के अवसर में स्लम बस्तियों में रंग-गुलाल-पिचकारी वितरण, दिवाली में पटाखे वितरण एवं शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। सामाजिक चेतना एवं महिला उत्थान के लिए पृथ्वीम फाउंडेशन ने कई रचनात्मक एवं प्रशंसनीय कार्य किए है। जिसका प्रत्यक्ष लाभ अंचल के वंचित एवं जरूरतमंद लोगों को मिल रहा है। कार्यक्रम में फूलझर, धूरसा,मुरमुरा एवं झरझरा के सरपंच, पंच एवं ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा। स्वास्थ्य शिविर का आयोजन पृथ्वीम फाउंडेशन ने रोटरी क्लब के चिकित्सकों के सहयोग से आयोजित की।शिविर के आयोजन में रुचि सेठ,सविता गोस्वामी,सोनल महाडिक,अनुराधा सारडा की विशेष सहभागिता रही।