इतिहास

आज का इतिहास 21 मई
21-May-2019
  आज का इतिहास 21 मई

1991 में आज ही के दिन भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या हुई. श्रीलंका में शांति सेना भेजने से नाराज तमिल विद्रोहियों के संगठन लिट्टे ने तमिलनाडु के श्रीपेरम्बदूर में राजीव पर आत्मघाती हमला करवाया.
श्रीपेरम्बदूर में लोकसभा चुनावों के लिए प्रचार कर रहे राजीव गांधी के पास एक महिला फूलों का हार लेकर आई. जैसे ही वो महिला हार पहनाने के लिए बेहद करीब पहुंची, धमाका हो गया. धमाका इतना जबरदस्त था कि उसकी चपेट में आने वाले ज्यादातर लोगों के मौके पर ही परखच्चे उड़ गए.
46 साल के युवा नेता को खोने का मातम पूरे देश में देखा जा सकता था. देश भर में ज्यादातर जगहों पर सुबह सुबह लोगों को रेडियो के जरिए राजीव गांधी की हत्या की खबर मिली. देखते ही देखते देश भर के सरकारी संस्थानों में तिरंगा झुक गया. स्कूलों में शोकसभाएं हुईं.
जवाहर लाल नेहरू के नाती और इंदिरा गांधी के बड़े बेटे राजीव ने ब्रिटेन में कॉलेज की पढ़ाई की. इसके बाद 1966 में वो कर्मशियल पायलट बन गए. राजीव गांधी 1980 तक इंडियन एयरलाइंस के पायलट थे. उनके छोटे भाई संजय गांधी राजनीति में थे. 1980 में एक विमान हादसे में संजय गांधी की मौत हो गई. इसके बाद राजीव राजनीति में आए. उन्होंने संजय गांधी की मौत के बाद खाली हुई अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की.
1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राजीव गांधी प्रधानमंत्री बने. लोकसभा चुनावों में कांग्रेस तीन चौथाई बहुमत से संसद में दाखिल हुई. 533 में से पार्टी ने 414 सीटें जीतीं. राजीव गांधी जब प्रधानमंत्री बने तब उनकी उम्र महज 40 साल थी. युवा प्रधानमंत्री से देश को काफी उम्मीदें थीं. उन्होंने स्कूलों में कंप्यूटर लगाने की व्यापक योजना बनाई. देश भर में उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय स्थापित किए, ताकि गांव के बच्चों को छठी से 12वीं तक अच्छी पढ़ाई करने का मौका मिले. राजीव ने गांव गांव तक टेलीफोन पहुंचाने के लिए पीसीओ कार्यक्रम शुरू किया. लाइसेंस राज को कम किया गया, लेकिन वक्त बीतने के साथ सरकार की छवि पर बड़े धब्बे भी लगने लगे. सिख दंगे, भोपाल गैस कांड, शाहबानो केस, बोफोर्स कांड, काला धन और श्रीलंका नीति को लेकर सरकार की बेहद आलोचना हुई.
इतिहासकार रामचंद्र गुहा के मुताबिक राजीव गांधी के कार्यकाल में कांग्रेस के नेताओं से पसीने की गंध की जगह आफ्टर शेव की बास आने लगी. गुहा मानते हैं कि उस दौर में राजनीति में बड़े भ्रष्टाचार की शुरुआत हुई. इसकी कीमत 1989 के चुनाव में राजीव गांधी को चुकानी पड़ी. कांग्रेस की हार हुई और वीपी सिंह की सरकार बनी. 1990 में सरकार गिरी और कांग्रेस के समर्थन से चंद्रशेखर की सरकार बनी. 1991 में यह सरकार भी गिर गई और चुनाव का एलान हुआ. इन्हीं चुनावों के लिए प्रचार करने राजीव तमिलनाडु गए थे.
 ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार 21 मई वर्ष का 141 वां (लीप वर्ष में यह 142 वां) दिन है। साल में अभी और 224 दिन शेष हैं।

  • 1819-पहली साइकिल न्यूयॉर्क में चलते देखी गई।
  • 1853-पहली बार लंदन में जनता के लिए ऐक्वेरियम खोला गया।
  • 1981 - पियरे मोरो फ्रांस के प्रधानमंत्री नियुक्त।
  • 1994 - दक्षिणी यमन द्वारा उत्तरी यमन से अलग होने की घोषणा।
  • 1998 - 32 वर्षों तक लगातार इंडोनेशिया पर शासन करने वाले राष्ट्रपति सुहार्तों का त्यागपत्र।
  • 2002 - बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति एच.एम. इरशाद को 6 महीने कारावास की सज़ा।
  • 2003 - विश्व के 190 से भी अधिक देशों ने तम्बाकू के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय संधि को जिनेवा में मंजूरी दी।
  • 2008 - रिजर्व बैंक ने सेंचुरियन बैंक ऑफ़ पंजाब के एचडीएफसी बैंक में विलय प्रस्वाव को मंज़ूरी दी। नोबेल पुरस्कार विजेता भौतिक विज्ञानी विलिस ई लैंक का निधन। 
  • 2010 - ओडिशा तट पर बंगाल की खाड़ी में भारतीय सेना के जंगी जहाज़ रणवीर से भारतीय नौसेना ने सुपरसोनिक ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल के उध्र्वाधर प्रक्षेपण संस्करण का सफलतापूर्वक परीक्षण किया। दार्जीलिंग में अखिल भारतीय गोरखा लीग के अध्यक्ष मदन तमांग  की हत्या कर दी गई। 
  • 1931 - भारत के प्रसिद्ध व्यंग्य रचनाकार शरद जोशी का जन्म हुआ। 
  • 1960 -  रुस्तम-ए-ज़मां पहलवान के नाम से मशहूर गामा पहलवान का निधन हुआ। 
  • 1991 -भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी के पुत्र, भारत की कांग्रेस (इ) पार्टी के अग्रणी महासचिव (1981 से) और भारत के प्रधानमंत्री (1984-1989) राजीव गांधी की हत्या। 
  • 1922- अमेरिकी चिकित्सक राबर्ट गुड का जन्म हुआ, जो आधुनिक प्रतिरक्षण विज्ञान के अग्रणी माने जाते हैं। उन्होंने 1968 में अस्थिमज्जा का पहला सफल प्रत्यारोपण किया जो उन्होंने अपनी बहन से एक बच्चे में किया था जिसे प्रतिरक्षण तंत्र की बीमारी थी। (निधन-13 जून 2003)
  • 1860 -डच शरीर क्रिया विज्ञानी  विलियम ईन्थोवेन का जन्म हुआ,  जिन्हें इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम सहायता से हृदय की विद्युत विशेषताओं के बारे में बताया। इसे उन्होंने एक नैदानिक उपकरण के रूप में विकसित किया। (निधन-29 सितम्बर 1927) 
  • 1935-डच वनस्पति वैज्ञानी और आनुवांशिकीविद्  ह्यूगो (मैरी) डी व्राइस का निधन हुआ, जिन्होंने जैविक विकास का प्रायोगिक अध्ययन प्रतिपादित किया, तथा उत्परिवर्तन (म्यूटेशन) का सिद्धान्त दिया। (जन्म-16 फरवरी 1848) 
  • 1786- स्वीडिश रसायनज्ञ  कार्ल विल्हेम शीले का निधन हुआ, जिन्होंने 1772 में आक्सीजन की खोज की। शीले एक उत्साही प्रयोगविद् थे जिन्होंने कठिन और गंभीर परिस्थितियों में काम किया। अपनी एकमात्र पुस्तक कैमिकल आब्ज़र्वेशन्स ऐन्ड एक्सपैरिमेन्ट आन एयर ऐण्ड फायर में उन्होंने आक्सीजन और नाइट्रोजन के बारे में बताया। उन्होंने कई तत्वों की भी खोज की, जैसे क्लोरीन (1774), मैंगनीज़ (1774), टंगस्टन (1781)।  (जन्म-9 दिसम्बर 1742)
  •  महत्वपूर्ण दिवस-आतंकवाद विरोध/बलिदान दिवस (राजीव गांधी की पुण्य तिथि) ।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news