राजपथ - जनपथ

छत्तीसगढ़ की धड़कन और हलचल पर दैनिक कॉलम : राजपथ-जनपथ : नेहरू-गांधी की फोटो
09-Jun-2021 5:43 PM
छत्तीसगढ़ की धड़कन और हलचल पर दैनिक कॉलम : राजपथ-जनपथ : नेहरू-गांधी की फोटो

नेहरू-गांधी की फोटो

दिल्ली में आज कांग्रेस के एक किसी बड़े नेता के भाजपा में जाने की चर्चा चल रही थी, और अभी दोपहर तक वह नाम भी सामने आ गया जतिन प्रसाद  भाजपा में शामिल हो गए हैं। फेसबुक पर किसी ने दिलचस्प सवाल किया कि जब लोग पार्टी बदलते हैं, तो उनके घर पर बैठकखाने की दीवारों पर से तस्वीरें भी बदल जाती होंगी? हो सकता है कि नई-नई निष्ठा के कुछ अधिक सुबूत पेश करने के लिए लोग अपने पुराने नेताओं के साथ की तस्वीरें हटा भी देते हो। लेकिन छत्तीसगढ़ में एक आईएएस अफसर ऐसे भी हुए जिन्होंने रमन सरकार के दौरान राजधानी का कलेक्टर रहते हुए अपने चेंबर में अपनी मेज के ठीक पीछे नेहरू और गांधी की बड़ी सी तस्वीर लगा कर रखी थी। जो भी उनसे मिलने आए उन्हें यह तस्वीर दिखती ही थी, और उनकी जो फोटो खींची जाए उसमें पीछे नेहरू-गांधी दिखते ही थे। अब दिल्ली से लेकर दूसरी जगह तक भाजपा के बड़े से बड़े नेता जिस नेहरू के कद को काटने में लगे रहते हैं वैसे में छत्तीसगढ़ की मजबूत भाजपा सरकार के रहते हुए भी एक अफसर ने इतना हौसला दिखाया था कि अपनी पसंद की तस्वीर उसने दीवार पर लगा कर रखी थी। कलेक्टर ठाकुर राम सिंह ने इस बारे में पूछने पर बतलाया था कि वे जब जिस दफ्तर में रहे उसमें उन्होंने यही तस्वीर लगा कर रखी क्योंकि वह नेहरू और गांधी से सबसे अधिक प्रभावित थे। जहां पर अफसर कई मामलों में अपनी पसंद और नापसंद, सत्ता के हिसाब से तय करते हैं, उनके बीच में एक अफसर रिटायरमेंट के इतने करीब भी नेहरू को सजा कर रखता था जबकि रिटायरमेंट के बाद उन्हें भी किसी नियुक्ति की उम्मीद थी। आमतौर पर लोग ऐसे में सावधान होकर भारत माता की है किसी और की फोटो लगा लेते हैं, लेकिन ठाकुर रामसिंह ने वह फोटो कभी नहीं बदली।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news