नयी दिल्ली, 11 सितंबर इतिहास में 11 सितंबर का दिन एक दुखद घटना के साथ दर्ज है। दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमेरिका के सीने पर इस दिन हुए घातक आतंकी हमले ने एक ऐसा जख्म दिया, जिसकी टीस रहती दुनिया तक कायम रहेगी।
साल 2001 में 11 सितंबर के दिन आतंकवादियों ने यात्री विमानों का अपहरण कर अमेरिका के विश्व प्रसिद्ध वर्ल्ड ट्रेड सेंटर और पेंटागन मुख्यालय को निशाना बनाया। इसे अमेरिका के इतिहास के सबसे बड़े आतंकी हमले के तौर पर देखा जाता है।
इसके अलावा, 11 सितंबर की तारीख को स्वामी विवेकानंद के एक चर्चित भाषण से जोड़कर देखा जाता है, जो उन्होंने 1893 को अमेरिका के शिकागो में विश्व धर्म सम्मेलन के दौरान दिया था।
देश-दुनिया में 11 सितंबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1893 : अमेरिका के शिकागो क्षेत्र में आयोजित विश्व धर्म सम्मेलन में स्वामी विवेकानंद ने सांप्रदायिकता, धार्मिक कट्टरता और हिंसा पर ऐतिहासिक भाषण दिया। इस दौरान उन्होंने सभी धर्मों की अच्छाइयों का भी जिक्र किया।
1895 : महान स्वतंत्रता सेनानी, सामाजिक कार्यकर्ता और प्रसिद्ध गांधीवादी नेता विनोबा भावे का जन्म।
1906 : महात्मा गांधी ने दक्षिण अफ्रीका में सत्याग्रह आंदोलन शुरू किया।
1919 : अमेरिकी नौसेना ने होंडुरास पर आक्रमण किया।
1922 : ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में सचित्र दैनिक समाचार पत्र ‘द सन न्यूज पिक्टोरियल’ की शुरुआत।
1939 : इराक और सऊदी अरब ने जर्मनी के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।
1948 : ब्रिटिशकालीन भारत के प्रमुख नेता और 'मुस्लिम लीग' के अध्यक्ष मुहम्मद अली जिन्ना का निधन।
1951 : फ्लोरेंस चाडविक ने इंग्लिश चैनल तैरकर पार किया। उन्हें इंग्लैंड से फ्रांस पहुंचने में 16 घंटे और 19 मिनट लगे। ऐसा करने वाली वह पहली महिला बनीं।
1961 : विश्व वन्यजीव कोष की स्थापना।
1968 : एयर फ्रांस का विमान नाइस के पास दुर्घटनाग्रस्त। हादसे में 89 यात्रियों और चालक दल के छह सदस्यों की मौत।
2001: अमेरिका में आतंकवादियों ने विमानों का अपहरण कर न्यूयॉर्क में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की दो इमारतों, वर्जीनिया स्थित पेंटागन मुख्यालय और पेन्सिलवेनिया पर हमला किया।
2003 : चीन के विरोध के बावजूद अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज बुश तिब्बत के धार्मिक नेता दलाई लामा से मिले।
2005 : गाजा पट्टी में 38 साल से जारी सैन्य शासन समाप्त करने की घोषणा।
2019 : अमेरिका ने प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के सरगना नूर वली महसूद पर प्रतिबंध लगाया और उसे वैश्विक आतंकवादी घोषित किया। (भाषा)
आज ही के दिन हुई थी दिल्ली उच्च न्यायालय में सूटकेस में रखे बम में विस्फोट की दर्दनाक घटना
नयी दिल्ली, 7 सितंबर। दिल्ली उच्च न्यायालय के गेट नंबर पांच के बाहर सात सितंबर 2011 के दिन सूटकेस में रखे बम में हुए विस्फोट में 17 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 76 लोग घायल हुए थे। यह आतंकवादी घटना थी। धमाके की जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन हरकत उल जिहाद अल इस्लामी (हूजी) ने ली थी।
वर्ष 2011 की इस आतंकवादी घटना के बाद सात सितंबर की तारीख एक दर्दनाक याद के रूप में इतिहास में दर्ज हो गई।
सात सितंबर की तारीख भारत के लिए एक ऐतिहासिक अंतरिक्ष उपलब्धि के तौर पर दर्ज हो सकती थी, जब भारत ने 2019 में अपने ‘चंद्रयान-2’ अभियान के तहत लैंडर ‘विक्रम’ को चांद पर उतारने का प्रयास किया था, लेकिन चांद की सतह से सिर्फ 2.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर लैंडर का जमीनी स्टेशन से संपर्क टूट गया। इसके साथ ही इसरों के वैज्ञानिकों की कई वर्ष की मेहनत पर पानी फिर गया और पूरे देश में मायूसी छा गई।
देश-दुनिया के इतिहास में सात सितंबर की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
1812: नेपोलियन ने रूसी सेना को हराया।
1822: ब्राजील ने पुर्तगाल से अपनी स्वतंत्रता की घोषणा की।
1906: बैंक ऑफ इंडिया की स्थापना।
1921: मिस अमेरिका प्रतियोगिता की शुरुआत की गई।
1923 : विएना में इंटरपोल की स्थापना।
1927: फिलियो टेलर ने पूर्णतः इलेक्ट्रॉनिक टीवी बनाने में सफलता हासिल की।
1931: लंदन में गोलमेज सम्मेलन का दूसरा सत्र शुरू।
1940: दूसरे विश्व युद्ध के दौरान जर्मनी ने अपनी वायुसेना के जरिए ब्रिटेन के शहरों पर बमबारी शुरू की।
1963 : अशोक चक्र विजेता विमान परिचारिका नीरजा भनोट का जन्म। नीरजा ने एक अपहृत विमान के यात्रियों को बचाने के दौरान अपनी जान गंवा दी थी।
1986 : बिशप डेसमंड टूटू केपटाउन के पहले अश्वेत आर्कबिशप बने।
2008 : भारत-अमेरिका परमाणु करार के तहत एनएसजी के 45 सदस्यों ने भारत को अंतरराष्ट्रीय बिरादरी से परमाणु व्यापार की छूट दी।
2009 : भारत के पंकज आडवाणी ने विश्व पेशेवर बिलियडर्स का ख़िताब जीता। 2011 : दिल्ली उच्च न्यायालय के गेट नंबर पांच के बाहर बम विस्फोट में 17 लोगों की मौत, 76 अन्य घायल।
2019 : भारत का चंद्रयान-2 अभियान असफल, लैंडर ‘विक्रम’ का चांद पर उतरने से ठीक पहले पृथ्वी के नियंत्रण केन्द्र से संपर्क टूटा।
2020: कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण 169 दिन तक बंद रहने के बाद दिल्ली मेट्रो ने ‘येलो लाइन’ पर अपनी सीमित सेवाएं बहाल कीं। (भाषा)
पाकिस्तान के ऑपरेशन जिब्राल्टर का भारतीय सेना ने आज ही के दिन दिया था मुंहतोड़ जवाब
नयी दिल्ली, 6 सितंबर (भाषा)। साल के नौवें महीने का छठा दिन देश के इतिहास में सेना के शौर्य की याद दिलाता है जब पाकिस्तान के ‘ऑपरेशन जिब्राल्टर’ का भारतीय सेना ने छह सितंबर को मुंहतोड़ जवाब दिया था।
ऑपरेशन जिब्राल्टर पाकिस्तान की जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ करने की रणनीति का कूट नाम (कोड) था जो भारतीय शासन के खिलाफ विद्रोह शुरू करने के लिए किया गया था। सफल होने पर, पाकिस्तान को कश्मीर पर नियंत्रण हासिल करने की उम्मीद थी, लेकिन उसके लिए यह अभियान एक बड़ी विफलता साबित हुआ। इसके जवाब में छह सितंबर 1965 को भारतीय सैनिकों ने कार्रवाई की। अंतत: युद्ध छिड़ा और उसमें भारत ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी।
देश दुनिया के इतिहास में छह सितंबर की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
1522 : समंदर के रास्ते पृथ्वी का पूरा चक्कर लगाने वाला पहला जहाज विक्टोरिया स्पेन लौटा।
1657 : मुगल शासक शाहजहां के अचानक बीमार पड़ने से उनके राज्य में कई जगह अलगाववादी आंदोलन शुरू हो गए।
1889 : शरत् चंद्र बोस का जन्म।
1901 : अमेरिका के 25वें राष्ट्रपति विलियम मैककिनले को न्यूयॉर्क में एक व्यक्ति ने गोली मारी। आठ दिन तक जीवन-मृत्यु के बीच संघर्ष करने के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।
1929 : जाने-माने भारतीय फिल्मकार यश जौहर का जन्म अविभाजित भारत के लाहौर में हुआ।
1965 : पाकिस्तान के ऑपरेशन जिब्राल्टर का भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
1970 : पॉपुलर फ्रंट फॉर द लिबरेशन ऑफ फलस्तीन ने यूरोप के हवाई अड्डों से चार विमानों का अपहरण किया। अपहरणकर्ता इन विमानों को जॉर्डन और मिस्र के हवाईअड्डों पर ले गए। बंधक बनाए गए 382 यात्रियों के बदले में उन्होंने स्विस जेल में बंद तीन लोगों को छोड़ने की मांग की।
1972 : हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत के दिग्गज एवं प्रसिद्ध सरोद वादक उस्ताद अलाउद्दीन खान का निधन।
1990 : संसद से पारित हुआ प्रसार भारती विधेयक।
1991 : रूस के दूसरे सबसे बड़े शहर को कभी सेंट पीटर्सबर्ग, कभी पेत्रोग्राद तो कभी लेनिनग्राद नाम से पुकारे जाने के बाद उसका पुराना नाम सेंट पीटर्सबर्ग वापस मिला।
1997: एक हफ़्ते तक शोक मनाने के बाद वेल्स की राजकुमारी डायना को ब्रिटेन और दुनिया ने अंतिम विदाई दी।
1998: मशहूर जापानी फिल्म निर्देशक अकीरा कुरासोवा का निधन।
2008 : भारत और अमेरिका के बीच परमाणु समझौते को परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह ने मंजूरी दी।
2018 : उच्चतम न्यायालय ने परस्पर सहमति से वयस्कों के बीच समलैंगिक यौन संबंधों को अपराध की श्रेणी से बाहर किया और इससे जुड़े ब्रिटिश काल के कानून को समानता के अधिकार का उल्लंघन बताया।
2020: संविधान के मूल ढांचे का सिद्धांत दिलाने वाले केशवानंद भारती का निधन। भारती ने केरल भूमि सुधार कानून को चुनौती दी थी जिसपर सुनवाई करते हुए उच्चतम न्यायालय ने संविधान के मूल ढांचे का सिद्धांत दिया ।
5 सितंबर : डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्मदिन, शिक्षक दिवस
नयी दिल्ली, 5 सितंबर। भारत के इतिहास में पांच सितंबर की तारीख का एक खास महत्व है। दरअसल इस दिन देश के द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्म हुआ था और उन्हीं के सम्मान में इस दिन को ‘शिक्षक दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। पांच सितंबर 1888 को तमिलनाडु में जन्मे डॉ. राधाकृष्णन को भारतीय संस्कृति के संवाहक, प्रख्यात शिक्षाविद् और महान दार्शनिक के तौर पर जाना जाता है।
पूरे देश को अपनी विद्वता से अभिभूत करने वाले डॉ. राधाकृष्णन को भारत सरकार ने सर्वोच्च सम्मान ‘भारत रत्न’ से अलंकृत किया था।
देश-दुनिया के इतिहास में पांच सितंबर की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाएं इस प्रकार है:-
1698 : इंग्लैंड में एक प्रतिद्वंद्वी ईस्ट इंडिया कंपनी खोली गई।
1763 : मीर कासिम को राजमहल के निकट उदयनाला में ब्रिटिश फौजों के खिलाफ युद्ध में हार स्वीकार करनी पड़ी।
1888 : सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्म। वर्ष 1962 में इस दिन को भारत में ‘शिक्षक दिवस’ के तौर पर मनाने का ऐलान किया गया।
1914 : ब्रिटेन, फ्रांस, बेल्जियम और रूस के बीच लंदन समझौता।
1986 : आतंकवादियों द्वारा अपह्रत भारतीय विमान के यात्रियों को बचाने के लिए विमान परिचारिका नीरजा भनोट ने अपनी जान दी।
1991 : नेल्सन मंडेला अफ्रीकी नेशनल कांग्रेस के अध्यक्ष चुने गये।
2002 : अफग़ानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई घातक हमले में बाल-बाल बचे।
2009 : नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने दस कम्पनियों पर शेयर बाज़ार में कारोबार करने पर प्रतिबंध लगाया।
2011 : भारतीय बैंक संघ और भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम द्वारा तैयार एटीएम के जरिए चेक निर्गम (क्लियर) करने की तकनीकी प्रणाली को अंतिम रूप दिया गया।
2014 : विश्व स्वास्थ्य संगठन के एक अनुमान के मुताबिक, गिनी, लाइबेरिया, नाइजीरिया, सेनेगल और सिएरा लियोन में इबोला वायरस से संक्रमित 3500 लोगों में से 1900 लोगों की मौत।
2022: चीन के सिचुआन में 6.8 तीव्रता के भूकंप के कारण कम से कम 93 लोगों की मौत हुई और 25 लोग लापता हुए। (भाषा)
27 अगस्त : हरमंदिर साहिब में पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब की स्थापना
नयी दिल्ली, 27 अगस्त। प्रत्येक धर्म में ग्रंथों को पवित्रतम स्थान हासिल है। हिंदुओं में गीता, मुसलमानों में कुरान, ईसाइयों में बाइबिल की तरह ही सिखों में गुरु ग्रंथ साहिब पूजनीय पवित्र ग्रंथ है। सिख इतिहास में 27 अगस्त का विशेष महत्व है। दरअसल सिखों के लिए सर्वाधिक श्रद्धेय अमृतसर के हरमंदिर साहिब में 1604 को 27 अगस्त के ही दिन गुरु ग्रंथ साहिब की स्थापना की गई थी।
देश-दुनिया के इतिहास में 27 अगस्त की तारीख पर दर्ज कुछ अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1604 : अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में आदि ग्रंथ साहिब की स्थापना।
1870 : भारत के पहले मजदूर संगठन के रूप में श्रमजीवी संघ की स्थापना की गई।
1781 : हैदर अली ने ब्रिटिश सेना के खिलाफ पल्लीलोर का युद्ध लड़ा।
1908 : क्रिकेट के सर्वकालिक महान बल्लेबाज सर डॉन जॉर्ज ब्रैडमैन का जन्म।
1939 : जेट ईंधन वाले विश्व के पहले विमान ने जर्मनी से पहली उड़ान भरी।
1947 : आजादी मिलने के 12 दिन के भीतर देश की अपनी समाचार एजेंसी प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया की स्थापना।
1950 : टेलीविज़न की दुनिया के इतिहास में बीबीसी ने पहली बार सीधा प्रसारण किया। 1985 : नाइजीरिया में सैनिक क्रांति में मेजर जनरल मुहम्मद बुहारी की सरकार का तख्तापलट। जनरल इब्राहिम बाबनगिदा नये सैनिक शासक बने।
1990 : वाशिंगटन स्थित इराकी दूतावास के 55 में से 36 कर्मचारियों को अमेरिका ने निष्कासित कर दिया।
1991 : मालदोवा ने सोवियत संघ से आजाद होने की घोषणा की।
1999 : भारत ने कारगिल संघर्ष के दौरान अपने यहां बंदी बनाये गये पाकिस्तानी युद्धबंदियों को रिहा किया।
2003 : साठ हजार वर्षों के अंतराल के बाद मंगल पृथ्वी के सबसे नजदीक पहुंचा।
2004 : पाकिस्तान के वित्त मंत्री शौकत अजीज ने देश के प्रधानमंत्री का पद संभाला।
2018 : भारत के नीरज चोपड़ा ने जकार्ता एशियाई खेलों की पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
2018 : सस्ती उड़ान सेवा देने वाली विमानन कंपनी स्पाइसजेट ने देश की पहली जैव जेट ईंधन से चलने वाली परीक्षण उड़ान का परिचालन किया। (भाषा)
आज ही के दिन पहुंचा था ईस्ट इंडिया कंपनी का पहला जहाजी बेड़ा सूरत के तट पर
नयी दिल्ली, 24 अगस्त। ईस्ट इंडिया कंपनी का भारत आना व्यापारिक उद्देश्यों से प्रेरित था, जो बाद में बदलकर साम्राज्यवाद बना। दरअसल 15वीं शताब्दी में यूरोप में कुछ ऐसी घटनाएं हुईं, जिनकी वजह से भारत और पूर्व के देशों के प्रति यूरोपीय देशों में आकर्षण बढ़ा। यूरोप की व्यापारिक एवं औद्योगिक क्रांति ने वहां के व्यापारियों को जब नया बाजार तलाशने के लिए विवश किया तो सबसे पहले उनकी नजर भारत पर पड़ी।
इसी क्रम में पहले पुर्तगालियों का और फिर डच व्यापारियों का भारत में आगमन हुआ और उन्होंने परस्पर व्यापार को बढ़ावा दिया। 1608 में 24 अगस्त के दिन कैप्टन हॉकिन्स के नेतृत्व में अंग्रेजों का पहला जहाजी बेड़ा ‘हेक्टर’ भारत पहुंचा। उस समय मुगल बादशाह जहांगीर का शासन था। कहने को तो यह एक सामान्य सी घटना थी और इससे पहले भी व्यापार के लिए जहाजी बेड़े यहां से वहां आते जाते थे, लेकिन इतिहास की इस एक घटना ने भारत के मस्तक पर अंग्रेजों की गुलामी की काली रेखा खींच दी ।
देश-दुनिया के इतिहास में 24 अगस्त की तारीख पर दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
1600 : ईस्ट इंडिया कम्पनी का पहला जहाज ‘हेक्टर’ सूरत के तट पर पहुंचा।
1690 : कलकत्ता शहर की स्थापना हुई।
1814 : ब्रिटिश सेना ने अमेरिका में व्हाइट हाउस को आग के हवाले कर दिया।
1891 : थॉमस एडिसन ने काइनेटोग्राफिक कैमरा और काइनेटोस्कोप के लिए पेटेंट प्राप्त किया। यही तकनीक आगे चलकर चलचित्र में तब्दील हुई।
1914 : प्रथम विश्व युद्ध में जर्मन सेना ने नैमूर पर कब्जा किया।
1954 : गहराते राजनीतिक समीकरणों के बीच ब्राज़ील के राष्ट्रपति गेटुलियो वर्गास ने इस्तीफा देने के बाद आत्महत्या की।
1969 : वी.वी. गिरि भारत के चौथे राष्ट्रपति बने।
1974 : फखरूद्दीन अली अहमद भारत के पांचवें राष्ट्रपति बने।
1991 : सोवियत संघ से अलग होकर यूक्रेन एक स्वतंत्र देश बना।
1993 : पॉप स्टार माइकल जैक्सन के ख़िलाफ़ लॉस एंजिलिस पुलिस ने यौन शोषण के आरोपों की जांच शुरू की।
1995 - उत्तरी अमेरिका में माइक्रोसॉफ्ट विन्डोज 95 की आम जनता के लिए शुरुआत।
1999 : पाकिस्तान ने करगिल ऑपरेशन के दौरान भारत द्वारा पकड़े गये आठ युद्धबंदियों को युद्धबंदी मानने से इंकार किया।
2000 : बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद इरशाद को पांच वर्ष की सज़ा।
2006 : अंतरराष्ट्रीय खगोलीय संघ ने प्लूटो (यम) का ग्रह का दर्जा समाप्त किया।
22 अगस्त : महात्मा गांधी ने जलाई विदेशी कपड़ों की होली
नयी दिल्ली, 22 अगस्त। वर्ष के आठवें महीने का यह 22वां दिन कई अच्छी बुरी घटनाओं के साथ इतिहास के पन्नों में दर्ज है। इन घटनाओं में से कुछ महत्वपूर्ण घटनाओं की बात करें, तो महात्मा गांधी ने 22 अगस्त को विदेशी कपड़ों की होली जलाकर स्वदेशी का नारा बुलंद किया था और अंग्रेजों के खिलाफ एक अलग तरह के विरोध की शुरूआत की थी।
खेल जगत के लिए भी इस दिन का खास महत्व है। भारत की राही सरनोबत ने 2018 में 22 अगस्त के दिन ही एशियाई खेलों की 25 मीटर पिस्टल निशानेबाजी में स्वर्णिम सफलता अर्जित कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह एशियाई खेलों की निशानेबाजी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।
देश-दुनिया के इतिहास में 22 अगस्त की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 1320 : गयासुद्दीन तुगलक (गाजी मलिक) ने खिलजी वंश के आखिरी शासक नासिरूद्दीन खुसरो को पराजित किया।
1639 : ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी ने तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई (तत्कालीन मद्रास) की स्थापना की।
1848 : अमेरिका ने न्यू मैक्सिको पर कब्जा किया।
1849 : ऑस्ट्रिया ने इटली के शहर वेनिस पर चालक रहित गुब्बारों से इतिहास का पहला हवाई हमला किया।
1921 : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने विदेशी वस्त्रों की होली जलाई।
1922 : जनरल माइकल कोलिन्स की पश्चिम कॉर्क में हत्या कर दी गई।
1944 : अमेरिका, ब्रिटेन, रूस और चीन के प्रतिनिधियों ने संयुक्त राष्ट्र के गठन की योजनाओं को लेकर मुलाकात की।
1969: अमेरिका में समुद्री तूफान में 255 लोगों की मौत।
2007 : अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की मरम्मत के लिए दो सप्ताह के मिशन पर गया अंतरिक्ष यान एण्डेवर फ़्लोरिडा में केनेडी स्पेस सेंटर पर सुरक्षित उतरा।
2007 : मिस्र के पुरातत्त्वविदों ने पश्चिम रेगिस्तान के सिवा क्षेत्र में लगभग 20 लाख साल पुराने मानव पद-चिह्नों का पता लगाया।
2018 : राही सरनोबत 25 मीटर पिस्टल निशानेबाजी में स्वर्णिम सफलता हासिल कर, एशियाई खेलों की निशानेबाजी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। (भाषा)
21 अगस्त : शहनाई हुई खामोश, उस्ताद बिस्मिल्लाह खां का निधन
नयी दिल्ली, 21 अगस्त। दुनिया में ऐसे बहुत से फनकार हुए हैं, जो किसी एक देश की सरहदों तक सीमित नहीं रहे। ऐसे भी लोग हुए, जिन्होंने किसी एक साज के साथ खुद को ऐसा जोड़ लिया कि दोनों एक दूसरे का पर्याय बन गये। बांसुरी के साथ हरि प्रसाद चौरसिया, तबले के साथ उस्ताद अल्लाह रक्खा खां और उनके पुत्र उस्ताद जाकिर हुसैन, सितार के साथ पंडित रविशंकर और शहनाई के साथ उस्ताद बिस्मिल्लाह खां का नाम बड़े सम्मान से लिया जाता है।
उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की बात करें तो वह अपने फन के इस कदर माहिर थे कि उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजा गया। इतिहास में 21 अगस्त का दिन भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के निधन के दिन के तौर पर दर्ज है।
देश-दुनिया के इतिहास में 21 अगस्त की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1790 : जनरल मीडोस की अगुआई में ब्रितानी सेना ने तमिलनाडु के डिंडिगुल पर कब्जा कर लिया।
1915 : पहले विश्व युद्ध के दौरान इटली ने तुर्की के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।
1938: इटली के हाई स्कूलों में यहूदी शिक्षकों पर प्रतिबंध लगा।
1944: अमेरिका, ब्रिटेन, रूस और चीन के प्रतिनिधियों ने संयुक्त राष्ट्र के संगठन की योजनाओं को लेकर मुलाकात की।
1959 : हवाई अमेरिका का 50वां प्रांत बना।
1968 : चेकोस्लोवाकिया के स्थानीय रेडियो द्वारा पराग्वे पर सोवियत संघ के नेतृत्व में हमले की घोषणा।
1997 : पूर्वी चीन में चक्रवाती तूफ़ान विन्नी से 140 लोगों की मौत और तीन हजार लोग घायल।
1986 : कैमरुन में ज्वालामुखी विस्फोट से निकली जहरीली गैस के कारण लगभग 2000 लोगों की मौत हो गई।
1988 : भारत नेपाल सीमा पर आये तीव्र भूकंप से एक हज़ार लोगों की मौत।
2003 : संयुक्त राष्ट्र महासचिव कोफ़ी अन्नान ने इराक में संयुक्त शांति सेना भेजने का प्रस्ताव खारिज किया।
2005 : बांग्लादेश और भारत के बीच संघर्ष विराम समझौता।
2006 : भारत रत्न से सम्मानित प्रख्यात शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खां का निधन।
2008 : मून मिशन पर भारत ने नासा से हाथ मिलाया।
2008 : श्रीनगर और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की राजधानी मुजफ्फराबाद के बीच चलने वाली ‘कारवां-ए-अमन’ बस सेवा फिर शुरू।
2012 : अफ्रीकी देश डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो में इबोला वायरस संक्रमण से 20 लोगों की मौत। (भाषा)
20 अगस्त : दो रेलगाड़ियों के बीच आमने-सामने की टक्कर, सैकड़ों की मौत
नयी दिल्ली, 20 अगस्त। इतिहास में 20 अगस्त का दिन एक दुखद घटना के साथ दर्ज है। दरअसल 1995 में इसी दिन पुरुषोत्तम एक्सप्रेस और कालिंदी एक्सप्रेस के बीच उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में आमने-सामने की भीषण टक्कर में 250 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी।
देश-दुनिया के इतिहास में 20 अगस्त की तारीख पर दर्ज कुछ अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1828 : राम मोहन राय द्वारा स्थापित ब्रह्म समाज का पहला अधिवेशन कलकत्ता (अब कोलकाता) में आयोजित किया गया।
1913 : फ्रांस के एडोल्फ पेगोड पैराशूट के जरिए विमान से उतरने वाले पहले पायलट बने।
1921 : केरल के मालाबार में मोपला विद्रोह की शुरुआत।
1944 : भारत के नौवें प्रधानमंत्री राजीव गांधी का जन्म।
1955 : मोरक्को और अल्जीरिया में फ्रांस-विरोधी दंगों में सैकड़ों लोग मारे गए।
1979 : तत्कालीन प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह ने प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के 23 दिन बाद इस्तीफा दिया।
1988 : भारत और नेपाल में 6.5 की तीव्रता वाले भूकंप से एक हजार लोगों की मौत हुई।
1995 : पुरूषोत्तम एक्सप्रेस और कालिंदी एक्सप्रेस के बीच आमने-सामने की टक्कर में 250 से ज्यादा लोगों की मौत।
1991 : उत्तरी यूरोपीय देश एस्टोनिया ने तत्कालीन सोवियत संघ से अलग होने की घोषणा की।
2002 : फलस्तीनी छापामार नेता अबू निदाल मृत पाया गया। (भाषा)
18 अगस्त : केवल दो दिन में हुआ पांच दिन के टेस्ट मैच का फैसला
नयी दिल्ली, 18 अगस्त। क्रिकेट को समझने वाले इस बात से वाकिफ हैं कि इस खेल के तीनों प्रारूपों में टेस्ट मैच की अवधि सबसे अधिक पांच दिन होती है। सीमित ओवर का मैच एक दिन में खेला जाता है और फटाफट क्रिकेट में 20-20 ओवर की पारी होती है। ऐसे में किसी टेस्ट मैच का दो दिन में खत्म होना इतिहास में जगह बनाने के लिए काफी है। दरअसल, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच 2000 में 17 अगस्त से लार्ड्स में शुरू हुआ मैच 18 अगस्त को खत्म हो गया। इस टैस्ट मैच के पहले दिन जहां नौ विकेट गिरे, वहीं दूसरे दिन 31 विकेट गिर गए और इंग्लैंड ने यह मैच दो विकेट से जीता।
पांच दिन के टेस्ट मैच का दो दिन में खत्म होना दुर्लभ तो है, लेकिन अपनी तरह का अकेला उदाहरण नहीं है। यह सिलसिला 1882 से चल रहा है, जब इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के बीच ओवल में खेला गया टेस्ट मैच दो ही दिन में खत्म हो गया था और इसका ताजा उदाहरण इस वर्ष फरवरी में भारत और इंग्लैंड के बीच अहमदाबाद में खेला गया मैच है, जो मात्र दो दिन में खत्म हो गया था। वैसे कुल मिलाकर 21 मौकों पर ऐसा हो चुका है कि पांच दिन के टेस्ट मैच की तैयारी करके मैदान में उतरी टीमें दो ही दिन में मैच निपटा बैठीं।
इतिहास के पन्नों में 18 अगस्त की तारीख में दर्ज कुछ अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:- 1800 : लार्ड वेल्जली ने कलकत्ता में फोर्ट विलियम कॉलेज की स्थापना की।
1868 : फ्रांस के खगोलविद पियरे जेनसीन ने हिलियम की खोज की।
1891 : कैरेबियाई द्वीप मार्टिनीक्यु में चक्रवाती तूफान से 700 की मौत।
1900 : विजयलक्ष्मी पंडित का जन्म।
1924 : फ्रांस ने जर्मनी से अपनी सेनाएं वापस बुलानी शुरु कीं।
1940 : पहली बार मौसम मानचित्र का टेलीविजन पर प्रसारण हुआ।
1945 : ऐसी खबर आई कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ताइवान के एक हवाई अड्डे पर हुई विमान दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गए। यह भी कहा गया कि एक निकटवर्ती जापानी अस्पताल में उनकी मौत हो गई। हालांकि इस खबर को लेकर लंबे समय तक रहस्य बना रहा।
1949 : हंगरी में संविधान लागू हुआ।
1951 : पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में भारतीय प्रोद्योगिकी संस्थान की स्थापना।
1973 : अमेरिका के बोस्टन में पहले एफ एम रेडियो स्टेशन के निर्माण को मंजूरी।
1999 : तुर्की में भूकम्प से लगभग 45,000 लोगों की मौत।
2000 : इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को हराकर दो दिन में टेस्ट मैच जीतने का इतिहास रचा।
2008 : पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने महाभियोग की आशंका के बीच इस्तीफा दिया।
2012 : नाटो के हवाई हमले में अफ़ग़ानिस्तान के कम से कम 13 आतंकवादियों की मौत। (भाषा)
14 अगस्त : छलनी हुआ भारत मां का सीना, देश के दो टुकड़े
नयी दिल्ली, 14 अगस्त। देश के इतिहास में 14 अगस्त की तारीख आंसुओं से लिखी गई है। यही वह दिन था, जब देश का विभाजन हुआ और 14 अगस्त 1947 को पाकिस्तान तथा 15 अगस्त, 1947 को भारत को एक पृथक राष्ट्र घोषित कर दिया गया। इस विभाजन में न केवल भारतीय उप-महाद्वीप के दो टुकड़े किये गये, बल्कि बंगाल का भी विभाजन किया गया और बंगाल के पूर्वी हिस्से को भारत से अलग करके पूर्वी पाकिस्तान बना दिया गया, जो 1971 के युद्ध के बाद बांग्लादेश बना।
कहने को तो यह एक देश का बंटवारा था, लेकिन दरअसल यह दिलों का, परिवारों का, रिश्तों का और भावनाओं का बंटवारा था। भारत मां के सीने पर बंटवारे का यह जख्म सदियों तक रिसता रहेगा और आने वाली नस्लें तारीख के इस सबसे दर्दनाक और रक्तरंजित दिन की टीस महसूस करती रहेंगी।
देश दुनिया के इतिहास में 14 अगस्त की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1862 : बंबई उच्च न्यायालय की स्थापना। 1908 : इंग्लैंड के फोकेस्टोन में पहली सौंदर्य प्रतियोगिता का आयोजन।
1917 : चीन ने जर्मनी और आस्ट्रिया के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।
1924 : प्रसिद्ध लेखक एवं पत्रकार कुलदीप नैयर का जन्म।
1938 : बीबीसी की पहली फीचर फिल्म (स्टूडेंट ऑफ प्राग) टेलीविजन पर प्रसारित।
1947 : भारत का विभाजन हुआ और पाकिस्तान पृथक राष्ट्र बना।
1968 : मोरारजी देसाई पाकिस्तान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान निशान-ए-पाकिस्तान से सम्मानित।
1971 : बहरीन को 110 वर्ष के बाद ब्रिटिश शासन से आजादी मिली।
2003 : पूर्वी अमेरिका और कनाडा में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति ठप, जिसका असर न्यूयॉर्क और ओटवा जैसे बड़े शहरों पर भी पड़ा।
2006 : संयुक्त राष्ट्र की पहल पर इजराइल और दक्षिणी लेबनान में पांच सप्ताह से जारी संघर्ष थमा।
2006 : इराक के कहतानिया में बमबारी में 400 लोग मारे गये।
2013 : मिस्र में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़प में 638 लोग मारे गये। (भाषा)
13 अगस्त : भारत में डिजाइन किए गए पहले स्वदेशी विमान ने उड़ान भरी
नयी दिल्ली, 13 अगस्त। इतिहास के पन्नों में 13 अगस्त का दिन देश के विमानन उद्योग के लिए एक मील का पत्थर साबित हुआ था। वर्ष 1951 में इसी दिन भारत में बने पहले विमान हिंदुस्तान ट्रेनर 2 ने पहली उड़ान भरी थी। दो सीट वाले इस विमान का भारतीय वायुसेना और नौसेना के लिए उत्पादन 1953 में शुरू हुआ था।
देश को आजादी मिले अभी ज्यादा समय नहीं हुआ था, ऐसे में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स द्वारा पहला विमान डिजाइन करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि थी। इस विमान का इस्तेमाल सैन्य उद्देश्यों के अलावा भारतीय विमानन स्कूलों द्वारा भी किया गया।
देश-दुनिया के इतिहास में 13 अगस्त की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1642 : डच खगोलशास्त्री क्रिश्चियन ह्यूगेंस ने मंगल के दक्षिणी ध्रुव की चोटी का पता लगाया।
1645 : स्वीडन और डेनमार्क ने शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए।
1784 : भारत में प्रशासनिक सुधारों के लिए पिट्स इंडिया विधेयक ब्रिटिश संसद में पेश।
1814 : दास व्यापार को समाप्त करने के लिए ब्रिटेन और हॉलैंड के बीच समझौता।
1892 : अमेरिकी समाचार पत्र ‘एफ्रो अमेरिकन’ का बाल्टीमोर से प्रकाशन शुरू।
1898 : जॉर्ज डेवी के नेतृत्व में अमेरिकी सेना ने फिलिपीन की राजधानी मनीला पर कब्जा किया।
1913 : इंग्लैंड के हैरी ब्रेअर्ली शेफील्ड ने स्टेनलेस स्टील का आविष्कार किया।
1951 : भारत में डिजाइन किए गए और देश में ही निर्मित पहले विमान हिंदुस्तान ट्रेनर 2 ने उड़ान भरी।
1956 : लोकसभा में राष्ट्रीय राजमार्ग विधेयक पारित।
1960 : अफ्रीका फ्रांस के कब्जे से स्वतंत्र हुआ।
1993 : वाशिंगटन में इजराइल और फलस्तीन के बीच शांति समझौता।
1994 : अमेरिका और उत्तरी कोरिया के बीच जेनेवा में परमाणु निरस्त्रीकरण के संबंध में ऐतिहासिक सहमति।
1999 : लेखिका तसलीमा नसरीन की नयी पुस्तक आमार मऐबेला (मेरा बचपन) पर बांग्लादेश सरकार ने प्रतिबंध लगाया।
2008 : विश्व की प्रमुख इस्पात कंपनी टाटा स्टील ने वियतनाम में संयुक्त रूप से इस्पात परिसर के निर्माण के लिए वहां की दो प्रमुख कंपनियों के साथ समझौता किया।
2008 : भारत ने मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्चर (एमबीआरएल) हथियार प्रणाली ‘पिनाक’ का सफल परीक्षण किया। (भाषा)
12 अगस्त : शाह आलम से संधि कर ईस्ट इंडिया कंपनी ने शासन में दखल की नींव रखी
नयी दिल्ली, 12 अगस्त। ईस्ट इंडिया कंपनी व्यापारिक इरादे से भारत आई, लेकिन यहां की रियासतों की आपसी लड़ाई और बिखराव ने उसकी राजनीतिक महत्वाकांक्षा को हवा दी। कंपनी ने 12 अगस्त 1765 को मुगल बादशाह शाह आलम द्वितीय के साथ एक संधि पर हस्ताक्षर किए, जिसे इलाहाबाद की संधि कहा जाता है।
इतिहास में दर्ज है कि इस संधि के जरिए ईस्ट इंडिया कंपनी को देश की राजनीतिक और संवैधानिक व्यवस्था में दखल देने का अवसर मिल गया और यहीं से भारत में ब्रिटिश शासन की नींव पड़ी। दरअसल शाह आलम ने इस संधि के मार्फत कंपनी को पूर्वी प्रांत बंगाल, बिहार और उड़ीसा में बादशाह की तरफ से कर एकत्र करने के अधिकार सौंप दिए और उसके बाद कंपनी को अपने साम्राज्यवादी पंख फैलाने में ज्यादा वक्त नहीं लगा।
देश दुनिया के इतिहास में 12 अगस्त की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 1602 : मुगल बादशाह अकबर के दरबार में मंत्री अबुल फजल को सलीम मिर्जा की शह पर कत्ल कर दिया गया। सलीम ने बाद में जहांगीर के नाम से मुगल सल्तनत संभाली।
1765 : इलाहाबाद संधि के तहत भारत में ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी के शासन में दखल की शुरुआत।
1831 : नीदरलैंड और बेल्जियम के बीच शांति समझौता।
1833 : अमेरिका के शिकागो शहर की स्थापना।
1908 : हेनरी फोर्ड की कार कंपनी ने पहला कार मॉडल बनाया।
1914 : प्रथम विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटेन ने ऑस्ट्रिया-हंगरी पर हमले का ऐलान किया।
1919 : भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के जनक विक्रम साराभाई का जन्म। 1953 : यूनान के लोनियन द्वीप में भूकंप से 435 लोगों की मौत।
1960 : नासा ने अपना पहला सफल संचार उपग्रह ईको-ए प्रक्षेपित किया।
1971 : सीरिया ने जॉर्डन से राजनयिक संबंध तोड़े।
1981 : आईबीएम ने अपना पहला पर्सनल कंप्यूटर पेश किया, जिसकी कीमत 16 हजार डॉलर रखी गई।
1992 : उत्तरी अमेरिका के देशों अमेरिका, कनाडा एवं मेक्सिको में मुक्त व्यापार समझौता।
2006 : यूरोपीय प्रक्षेपण यान एरियन-5 ने जापान के संचार उपग्रह और फ़्रांस के एक सैन्य उपकरण को सफलतापूर्वक अंतरिक्ष की कक्षा में स्थापित किया। (भाषा)
11 अगस्त : जब एक किशोर क्रांतिकारी हाथ में गीता लिए फांसी के फंदे पर झूल गया
नयी दिल्ली, 11 अगस्त। देश की आजादी की लड़ाई में कुछ नौजवानों का बलिदान इतना उद्वेलित करने वाला था कि उसने पूरे देश में स्वतंत्रता संग्राम का रुख बदलकर रख दिया। इनमें एक नाम खुदीराम बोस का है, जिन्हें 11 अगस्त 1908 को फांसी दे दी गई। उस समय उनकी उम्र महज 18 साल कुछ महीने थी। अंग्रेज सरकार उनकी निडरता और वीरता से इस कदर आतंकित थी कि उनकी कम उम्र के बावजूद उन्हें फांसी की सजा सुनाई गयी। यह साहसी किशोर हाथ में गीता लेकर ख़ुशी-ख़ुशी फांसी चढ़ गया।
खुदीराम की लोकप्रियता का यह आलम था कि उनको फांसी दिए जाने के बाद बंगाल के जुलाहे एक खास किस्म की धोती बुनने लगे, जिसकी किनारी पर खुदीराम लिखा होता था और बंगाल के नौजवान बड़े गर्व से वह धोती पहनकर आजादी की लड़ाई में कूद पड़े।
देश दुनिया के इतिहास में 11 अगस्त की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1347 : अलाउद्दीन हसन गंगू ने राजगद्दी संभाली और बहमनी साम्राज्य की स्थापना की।
1908 : क्रांतिकारी खुदीराम बोस को फांसी दी गई।
1914 : फ्रांस ने ऑस्ट्रिया और हंगरी के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।
1929 : पर्शिया और इराक के बीच मैत्री संधि पर हस्ताक्षर किए गए।
1940 : ब्रिटेन के पोर्टलैंड बंदरगाह पर जर्मनी ने हवाई हमला किया।
1944 : अमेरिका ने सुमात्रा द्वीप समूह के पालेमबेंग क्षेत्र पर हवाई हमला किया.
1960 : अफ्रीकी देश चाड ने फ्रांस से स्वतंत्रता हासिल की।
1961 : दादर नगर हवेली का भारत में विलय और इसे केंद्रशासित प्रदेश बनाया गया।
1984 : तत्कालीन सोवियत रूस ने भूमिगत परमाणु परीक्षण किया।
2003 : उत्तर अटलांटिक संधि संगठन नाटो ने अफगानिस्तान में शांति बल की कमान संभाली।
2004 : भारत और पाकिस्तान ने वांछित अपराधियों की सूचियों की अदला-बदली की।
2012: ईरान के तबरिज के निकट आए भूकंप में कम से कम 306 लोगों की मौत, 3,000 अन्य घायल
2017: मिस्र के एलेक्जेंड्रिया में दो यात्री ट्रेन एक-दूसरे से टकराईं, कम से कम 41 लोगों की मौत और 179 अन्य घायल। (भाषा)
नयी दिल्ली, 9 अगस्त :भाषा। भारत-रूस के संबंधों के इतिहास में 1971 में नौ अगस्त का दिन एक ऐसा दिन था, जिसने दोनो देशों के रिश्तों के स्वरूप को दशकों तक निर्धारित किया और तत्कालीन विश्व के समीकरण में आमूल परिवर्तन कर दक्षिण एशिया के देशों की विदेश नीति को प्रभावित किया।
यह वह समय था, जब भारत के खिलाफ अमेरिका, पाकिस्तान और चीन का गठबंधन मजबूत होता जा रहा था और तीन दिशाओं से घिरे भारत की सुरक्षा को गंभीर ख़तरा महसूस होने लगा था। ऐसे में तत्कालीन सोवियत विदेश मंत्री अंद्रेई ग्रोमिको भारत आए और 1971 को नौ अगस्त ही के दिन उन्होंने भारत के उस समय के विदेश मंत्री सरदार स्वर्ण सिंह के साथ सोवियत-भारत शांति, मैत्री और सहयोग संधि पर हस्ताक्षर किए। यह संधि दोनो देशों के दोस्ताना संबंधों में एक मील का पत्थर बनी।
देश दुनिया के इतिहास में नौ अगस्त की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:- 1173 : इटली में विश्वप्रसिद्ध पीसा की झुकी हुई मीनार का निर्माण शुरू।
1683 : एक घोषणापत्र के द्वारा ब्रिटिश राजशाही ने ईस्ट इंडिया कंपनी को एशिया में शांति अथवा युद्व की घोषणा का अधिकार दिया।
1788 : गुलाम कादिर ने दिल्ली के बादशाह शाह आलम द्वितीय की आंखों में बरछी घोंपकर उन्हें अंधा कर दिया।
1831 : अमेरिका में पहली बार स्टीम इंजन ट्रेन चली।
1892 : थॉमस अल्वा एडिसन ने टू-वे टेलिग्राफ का पेटेंट कराया।
1925 : क्रांतिकारियों ने काकोरी में एक ट्रेन लूट ली। क्रांतिकारियों का मकसद ट्रेन से सरकारी खजाना लूटकर उन पैसों से हथियार खरीदना था।
1942 : महात्मा गांधी को ब्रिटिश सरकार ने गिरफ्तार किया।
1945 : अमेरिका ने जापान के नागासाकी शहर पर परमाणु बम गिराया।
1971 : भारत-रूस मैत्री संधि पर हस्ताक्षर।
1999 : रूस के राष्ट्रपति बोरिस येल्तसिन ने प्रधानमंत्री सर्जेई स्तेपशिन को बर्खास्त कर खुफिया सेवा के प्रमुख ब्लादिमीर पुतिन को कार्यवाहक प्रधानमंत्री नियुक्त किया।
2005 : नासा का मानवयुक्त अंतरिक्ष यान डिस्कवरी 14 दिन की अपनी साहसिक और जोखिम भरी यात्रा के बाद कैलिफ़ोर्निया स्थित एयरबेस पर सकुशल उतरा।
7 अगस्त : गीत सेठी विश्व अमेच्योर बिलियर्ड्स चैंपियन बने
नयी दिल्ली, 7 अगस्त। भारत में बिलियर्ड्स के खेल का जिक्र हो तो गीत सेठी की बात होना लाजिमी है। गीत श्रीराम सेठी ने 1985 में आज ही के दिन विश्व अमेच्योर बिलियर्ड्स चैंपियनशिप में ऑस्ट्रेलिया के बॉब मार्शल को हराकर खिताबी जीत हासिल की थी। दोनों के बीच तकरीबन आठ घंटे तक चले इस मैच की चर्चा लंबे समय तक रही थी।
देश दुनिया के इतिहास में आज की तारीख पर दर्ज कुछ अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 1606 : शेक्सपियर के नाटक मैक्बेथ का पहली बार मंचन किंग जेम्स प्रथम के लिए किया गया।
1753 : ब्रिटेन म्यूजियम की स्थापना की गई।
1905 : भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने ब्रिटिश वस्तुओं के बहिष्कार का आह्वान किया।
1941 : नोबेल पुरस्कार विजेता गुरूदेव रबीन्द्रनाथ टैगोर का निधन। 1944 : पहले कैलकुलेटर के नाम पर 51 फुट लंबी, 8 फुट ऊंची और पांच टन वजन की एक विशाल मशीन का निर्माण।
1947 : मुंबई नगर निगम को बिजली और परिवहन व्यवस्था औपचारिक रूप से हस्तांतरित हुई।
1957 : अमेरिका ने नेवादा परीक्षण स्थल पर परमाणु परीक्षण किया।
1960 : अफ़्रीक़ा महाद्वीप के देश आइवरी कोस्ट को फ़्रांस के अधिकार से आजादी मिली।
1985 : गीत सेठी ने विश्व अमेच्योर बिलियर्ड्स चैंपियनशिप जीती।
1990 : अमेरिका ने सऊदी अरब में सेना तैनात कर ऑपरेशन डेजर्ट शील्ड शुरू किया।
1998 : केन्या एवं तंजानिया की राजधानियों में स्थित अमेरिकी दूतावासों पर आतंकवादी हमले में 200 से अधिक लोगों की मृत्यु।
2018 : देश में द्रमुक राजनीति का सशक्त चेहरा रहे एम. करूणानिधि का निधन। (भाषा)
5 अगस्त : आज ही के दिन लगा था पहला इलेक्ट्रिक ट्रैफिक सिगनल
नयी दिल्ली, 5 अगस्त। सड़क पर चलते हुए आपने जगह जगह ट्रैफिक सिगनल लगे देखे होंगे। यह जानना दिलचस्प होगा कि इसकी शुरूआत कब हुई। दरअसल पहली इलैक्ट्रिक ट्रैफिक लाइट 1914 में पांच अगस्त के ही दिन अमेरिका में लगाई गई थी और उस समय इसमें हरी और लाल रंग की बत्ती ही हुआ करती थी, जिसमें एक रूकने के लिए और दूसरी चलने के लिए थी। बाद में इसमें सावधानी सूचक तीसरी पीली लाइट भी लगाई गई।
इस दिन की एक और बड़ी घटना की बात करें तो 1991 में वह पांच अगस्त का ही दिन था जब जस्टिस लीला सेठ को हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट का चीफ जस्टिस बनाया गया। यह ओहदा हासिल करने वाली वह पहली महिला बनीं। दिल्ली हाई कोर्ट की पहली महिला न्यायाधीश होने का श्रेय भी उन्हीं को जाता है।
देश दुनिया के इतिहास में पांच अगस्त की तारीख पर दर्ज कुछ अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
1775 : पश्चिम बंगाल के महाराजा नंदकुमार को कलकत्ता :अब कोलकाता: में फांसी दी गई। ब्रिटिश शासन द्वारा भारत में धोखाधड़ी के लिए दी गई यह अंतिम फांसी थी।
1874 : जापान ने इंग्लैंड की तर्ज पर डाक बचत प्रणाली शुरू की 1888 - कार का अविष्कार करने वाले कार्ल बेंज की पत्नी ने इस कार से पहली बार 104 किलोमीटर की लंबी दूरी तय की।
1912 : जापान में टोक्यो के गिंजा में पहली टैक्सी सेवा शुरू हुई।
1914 : अमेरिका में पहली इलेक्ट्रिक ट्रैफिक लाइट लगाई गई।
1914 : क्यूबा, उरुग्वे, मैक्सिको और अर्जेंटीना ने प्रथम विश्व युद्ध के दौरान तटस्थ रहने की घोषणा की।
1915 : प्रथम विश्व युद्ध के दौरान वारसा पर जर्मनी का अधिकार हो गया इससे पहले यह क्षेत्र रुस के अधिकार में था।
1921 : अमेरिका और जर्मनी ने बर्लिन शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए।
1923 : हेनरी सुलिवान इंग्लिश चैनल पार करने वाले पहले अमेरिकी बने।
1945 : अमेरिकी हवाई जहाज ने जापान के हिरोशिमा पर परमाणु बम गिराया।
1949 : इक्वाडोर की राजधानी क्विटो में 6.7 की तीव्रता वाले भूकंप से छह हजार लोगों की मौत।
1960 : अफ़्रीक़ी देश बुनकिनाफासो ने स्वतंत्रता की घोषणा की।
1963 : रुस ब्रिटेन और अमेरिका ने मॉस्को में परमाणु परीक्षण निषेध सन्धि की।
1991 : न्यायमूर्ति लीला सेठ हिमाचल प्रदेश हाईकोट की पहली महिला चीफ जस्टिस बनीं।
2011: नासा के वैज्ञानिकों ने मंगल ग्रह पर बहता पानी होने का साइंस पत्रिका में दावा किया। भाषा
4 अगस्त : हर दिल अजीज चुलबुले अदाकार किशोर कुमार का जन्मदिन
नयी दिल्ली, 4 अगस्त। निर्देशन, अभिनय और गायन में तरह तरह के प्रयोग करने वाले चुलबुले और हरदिल अजीज फनकार किशोर कुमार का जन्म चार अगस्त को हुआ था। उन्हें हिन्दी सिनेमा में तमाम तरह के किरदारों को बखूबी निभाने के लिए जाना जाता है, लेकिन उनके गायन की शैली और कॉमेडी को लोग आज भी याद करते हैं। देश की पहली कॉमेडी फिल्म ‘‘चलती का नाम गाड़ी’’ में किशोर कुमार ने अपने दोनों भाइयों अशोक कुमार और अनूप कुमार के साथ हास्य अभिनय के ऐसे आयाम स्थापित किए, जो आज भी मील का एक पत्थर हैं। हास्य फिल्मों की बात हो तो इस फिल्म को बेहतरीन फिल्मों में शुमार किया जाता है।
अन्य घटनाओं पर एक नजर डालें तो 2020 का पूरा साल कोरोना के हाहाकार में गुजरा। जुलाई के अंतिम और अगस्त के शुरूआती दिनों में देश में महामारी के नये संक्रमितों की संख्या हर रोज 50 हजार से अधिक होने लगी। चार अगस्त को देश में कोरोना वायरस से संक्रमित 52,050 नए मरीज सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 18,55,745 हो गई। हालांकि इस दौरान 12,30,509 लोग स्वस्थ भी हुए और 5,86,298 लोग इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती थे। मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 66.31 फीसदी हो गई, जबकि मृत्यु दर में गिरावट आई और यह 2.10 फीसदी रह गई।
चार अगस्त 2020 तक देश में कोरोना से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 38,938 तक पहुंच गया। चार अगस्त लगातार छठा दिन रहा जब संक्रमण के मामले 50,000 से ज्यादा आए।
देश दुनिया के इतिहास में चार अगस्त की तारीख में दर्ज कुछ अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
1666 : नीदरलैंड और इंग्लैंड के बीच समुद्री लड़ाई हुई।
1886 : कोलंबिया ने संविधान अंगीकार किया।
1870 : ब्रिटिश रेड क्रॉस सोसाइटी की स्थापना।
19।4 : जर्मनी ने बेल्जियम के खिलाफ और ब्रिटेन ने जर्मनी के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।
1929 : अभिनेता, गायक, निर्देशक किशोर कुमार का जन्म।
1954 : पाकिस्तान सरकार ने हाफीज जलंधरी द्वारा लिखे गए गीत को राष्ट्रगान के रूप में अपनाने पर सहमति दी।
1956 : देश का पहला परमाणु अनुसंधान रिएक्टर अप्सरा शुरू हुआ।
1967 : विश्व के सबसे लंबे चिनाई बांध नागार्जुनसागर का निर्माण।
1997 : मो. ख़ातमी ने ईरान के नये राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली।
2004 : नासा ने एल्टिक्स सुपर कम्प्यूटर केसी को कल्पना चावना नाम दिया।
2007 : मंगल ग्रह की खोज के लिए अमेरिकी अंतरिक्ष यान का प्रक्षेपण।
2008 : सरकार ने भारतीय जहाजरानी निगम को नवरत्न का दर्जा दिया।
2020 : बढ़ते कोरोना हाहाकार के बीच हर रोज 50 हजार से ज्यादा लोग वायरस से संक्रमित। (भाषा)
दो अगस्त : विश्वनाथन आनंद ने विश्व जूनियर शतरंज चैम्पियनशिप जीती
नयी दिल्ली, 2 अगस्त । देश में खेलों के इतिहास में दो अगस्त का दिन एक खास महत्व रखता है। दरअसल यही वह दिन है जब 1987 में भारत के विश्वनाथन आनंद ने फिलिपीन में आयोजित विश्व जूनियर शतरंज चैंपियनशिप में खिताबी विजय हासिल की थी। वह यह कारनामा अंजाम देने वाले पहले एशियाई शतरंज खिलाड़ी थे।
दो अगस्त की अन्य घटनाओं की बात करें तो भारत के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की रचना करने वाले पिंगली वेंकय्या का जन्म भी दो अगस्त को ही हुआ था।
देश दुनिया के इतिहास में दो अगस्त की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
1763 : मुर्शिदाबाद पर कब्जे के बाद ब्रिटिश सेना ने गिरिया की लड़ाई में मीर कासिम को हराया।
1790 : अमेरिका में पहली बार जनगणना हुई।
1831 : नीदरलैंड की सेना ने दस दिन के अभियान के बाद बेल्जियम पर कब्जा किया।
1858 : ब्रिटिश सरकार ने गवर्नमेंट ऑफ इंडिया एक्ट पारित किया, जिसके बाद भारत का शासन ईस्ट इंडिया कंपनी से ब्रिटिश राजशाही के हाथ में चला गया। भारत में ब्रिटिश सरकार के शीर्ष प्रतिनिधि के रूप में वायसराय का ओहदा बनाया गया।
1870 : लंदन में विश्व का प्रथम भूमिगत ट्यूब रेलवे टावर सबबे शुरू हुआ।
1878 : भारत के राष्ट्रीय ध्वज 'तिरंगे' की रचना करने वाले पिंगलि वेंकय्या का जन्म।
1922 : चीन में समुद्री तूफान से लगभग साठ हजार लोगों की मौत।
1944 : तुर्की ने जर्मनी के साथ राजनयिक संबंध तोड़े।
1955 : सोवियत संघ ने परमाणु परीक्षण किया।।
1984: यूरोप की मानवाधिकार अदालत ने ब्रिटेन के एक नागरिक की फोन टैपिंग को यूरोपीय संधि का उल्लंघन बताया।
1987 : विश्वनाथ आनंद ने विश्व जूनियर शतरंज चैम्पियनशिप जीती।
1990 : इराक ने कुवैत पर हमला किया।
1990 : इराक के एक लाख से ज्यादा सैनिकों ने 700 टैंकों के साथ सुबह सवेरे कुवैत पर हमला करके उसपर कब्जा कर लिया। यह पहले खाड़ी युद्ध की वजह बना।
1999 : ब्रह्मपुत्र मेल घैसल में अवध-असम एक्सप्रेस से आमने सामने टकराई। दोनो रेलगाड़ियां विपरीत दिशा से एक ही पटरी पर चल रही थीं।
1999 : चीन ने लम्बी दूरी (8000 किमी.) की सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल का परीक्षण किया।
2001 : पाकिस्तान ने भारत से चीनी आयात को मंजूरी दी।
2010 : पाकिस्तान के खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत में बाढ़ में 1000 से अधिक लोगों की मौत।भाषा
30 जुलाई: जब एक साथ पूरे उत्तर भारत के सात राज्यों की बिजली हो गई गुल
नयी दिल्ली, 29 जुलाई। 30 जुलाई के इतिहास की बात करें तो 2012 का वह दिन सबको याद होगा, जब अचानक रात ढाई बजे बिजली चली गई थी। यूं तो बिजली जाना कोई बड़ी बात नहीं, लेकिन अगर एक साथ पूरे उत्तर भारत के सात राज्यों की बिजली गुल हो जाए, तो यह जरूर एक बड़ी बात है।
दरअसल, 30 जुलाई, 2012 को उत्तरी ग्रिड में खराबी के कारण दिल्ली, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में एक साथ बिजली गुल होने से 36 करोड़ लोग प्रभावित हुए। बिजली ठप्प होने के कारण कई ट्रेनों को बीच रास्ते में रोकना पड़ा।
बिजली पर निर्भरता का असर पहली बार इतने बड़े पैमाने पर महसूस किया गया।
देश दुनिया के इतिहास में 30 जुलाई की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है… 1836: अमेरिका के हवाई में अंग्रेजी भाषा का पहला अखबार प्रकाशित हुआ।
1886: देश की पहली महिला विधायक और समाज सुधारक एस. मुथुलक्ष्मी रेड्डी का जन्म। 1909: राइट बंधुओं ने सेना के लिए पहला विमान बनाया। 1930: एनबीसी रेडियो पर डेथ वैली डेज का पहला प्रसारण हुआ। 1942: जर्मन की सेना ने बेलारूस के मिंस्क में 25,000 यहूदियों की हत्या की। 1957: एक्सपोर्ट रिस्क इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन आफ इंडिया (प्राइवेट) लिमिटेड की स्थापना। 1966: इंग्लैंड ने फुटबॉल का विश्वकप पहली बार जीता। 1980: वानुआतु देश को स्वतंत्रता मिली। 2002: कनाडा ने अलकायदा सहित सात समूहों को आतंकवादी संगठन घोषित किया।
2007: चीनी वैज्ञानिकों ने झेंगझाऊ में लगभग 50 लाख साल पुरानी चट्टानों की खोज की। 2012: उत्तरी ग्रिड में खराबी के चलते दिल्ली सहित सात राज्यों में बिजली गुल। 36 करोड़ लोग प्रभावित। (भाषा)
29 जुलाई : भारत ने ओलंपिक खेलों की हॉकी स्पर्धा में आखिरी बार जीता स्वर्ण
नयी दिल्ली, 29 जुलाई। 29 जुलाई का इतिहास भारतीय हॉकी के स्वर्णिम युग की याद दिलाता है। एक जमाने में एशिया की परंपरागत हॉकी का दुनिया में डंका बजता था। भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक खेलों में 1928 से 1956 के बीच छह बार लगातार स्वर्ण पदक जीता। इसे भारतीय हॉकी का स्वर्णिम युग कहा जाता है। बाद में एशियाई शैली की कलात्मक और कौशलपूर्ण हॉकी का सूरज डूबने लगा और एस्ट्रो टर्फ पर ताकत के दम पर खेली जाने वाली तेज तर्रार हॉकी ने उसकी जगह ले ली। भारत की टीम ने 29 जुलाई 1980 को मास्को ओलंपिक खेलों में आखरी बार हॉकी का स्वर्ण पदक जीता था।
देश-दुनिया के इतिहास में 29 जुलाई की तारीख पर दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
1567 : जेम्स षष्ठम को स्कॉटलैंड का राजा बनाया गया।
1748 : र्इस्ट इंडिया कंपनी की सहायता के लिये ब्रिटिश सेना की पहली सैन्य टुकड़ी भारत पहुंची।
1876 : साईंस ऐसोसिएशन की स्थापना।
1911 : मोहन बगान ने पहली बार आर्इएफ शील्ड जीती।
1937 : जापानी सेना ने चीन के बीजिंग और तेनत्सिन शहरों पर कब्जा किया।
1949 : ब्रिटिश ब्राडकॉस्टिंग कार्पोरेशन रेडियो पर प्रसारण शुरू।
1957 : संयुक्त राष्ट्र ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) का गठन किया।
1968 : पोप षष्ठम ने ईसाइयों के लिए गर्भ निरोधक के इस्तेमाल पर लगी धार्मिक पाबंदी को बरकरार रखने का ऐलान किया । 1980 : मॉस्को ओलंपिक में भारत ने हॉकी में स्वर्ण पदक जीता।
1981 : लंदन के सेंट पॉल कैथेड्रल में प्रिंस चार्ल्स और डायना की शादी। दुनिया के 75 करोड़ लोगों ने इस शादी को टेलीविजन पर सजीव देखा।
1982 : दिलीप बोस को डेविस कप देशों के प्रबंधन में चुना गया।
1983 : पहले चालक रहित विमान का परीक्षण किया गया।
1987 : भारत और श्रीलंका के बीच शांति समझौता।
2006 : श्रीलंकाई बल्लेबाज माहेला जयवर्धन और कुमार संगकारा ने टेस्ट क्रिकेट में 624 रन की भागीदारी का विश्व रिकार्ड बनाया।
2013 : फ्रांस में कान के एक होटल से 10.3 करोड़ यूरो के हीरे की चोरी। (भाषा)
28 जुलाई : फिंगर प्रिंट को पहचान का जरिया बताने वाले जेम्स हर्शेल का जन्मदिन
नयी दिल्ली, 28 जुलाई। हर इनसानी चेहरा दूसरे से अलहदा होता है, यह तो हम सभी जानते हैं, लेकिन एक समय यह बात किसी को नहीं पता थी कि हर इनसान के एक जैसे दिखने वाले हाथों की उंगलियों की लकीरें भी अलग-अलग होती हैं।
सर विलियम जेम्स हर्शेल ने सबसे पहले इस बात का पता लगाया और हस्ताक्षर की बजाय उंगलियों की छाप को पहचान का बेहतर माध्यम करार दिया। हर्शेल का जन्म 28 जुलाई को ही हुआ था।
हाथ से लिखे शब्दों की नकल तो कोई भी कर सकता है, लेकिन हर इनसान की उंगलियों की छाप एक दूसरे से अलग होती है और उसकी नकल कोई नहीं कर सकता। यही वजह है कि आज इसे पहचान के सबसे सशक्त माध्यम के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है।
देश दुनिया के इतिहास में 28 जुलाई की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
1586 : इंगलैंड से वापस लौटने पर सर थामस हेरिओट ने यूरोप को आलू के बारे में बताया।
1741 : कैप्टन बेरिंग ने माउंट सैंट एलियास, अलास्का की खोज की।
1742 : प्रशिया और आस्ट्रिया ने शांति समझौते पर हस्ताक्षर किये।
1821 : पेरू ने स्पेन से स्वतंत्रता की घोषणा की।
1858 : सर विलियम जेम्स हर्शेल का जन्म, जिन्होंने फिंगर प्रिंट को पहचान का बेहतर जरिया बताया।
1866 : अमेरिका में मापने की मीट्रिक प्रणाली को वैधानिक मान्यता मिली।
1914 : प्रथम विश्व युद्ध की शुरुआत।
1914 : एस.एस. कामागाता मारू को वेंकुवर से निकाला गया और भारत रवाना कर दिया गया।
1925 : हेपेटाइटिस का टीका खोजने वाले बारुक ब्लमर्ग का जन्म। 28 जुलाई को ही विश्व हेपेटाइटिस डे मनाया जाता है।
1976 : चीन में रिक्टर पैमाने पर 8.3 की तीव्रता का भूकंप आने से लाखों लोगों की मौत।
1979 : चरण सिंह देश के पांचवे प्रधानमंत्री बने।
1995 - वियतनाम आसियान का सदस्य बना।
2001 : पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री मोहम्मद सिद्दिकी ख़ान कंजू की हत्या।
2005 : सौरमंडल के दसवें ग्रह की खोज का दावा।
2005: आयरिश रिपब्लिकन आर्मी :आईआरए: ने अपने सशस्त्र संघर्ष को रोकने का ऐलान किया और लोकतांत्रिक तरीके से अपना अभियान चलाने की बात कही। (भाषा)
27 जुलाई : विश्व निशानेबाजी के नक्शे पर जसपाल राणा का पहला स्वर्णिम हस्ताक्षर
नयी दिल्ली, 27 जुलाई। देश के निशानेबाजी के इतिहास में 27 जुलाई का दिन एक बड़ा मील का पत्थर बना, जब जसपाल राणा ने इटली के मिलान शहर में 1994 में 46वीं विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप के जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने रिकार्ड स्कोर (569/600) बनाकर तहलका मचा दिया। विश्व निशानेबाजी के नक्शे पर जसपाल राणा का यह पहला स्वर्णिम हस्ताक्षर था। उन्होंने इसके बाद बहुत सी सफलताएं हासिल कर देश का नाम रौशन किया, लेकिन उनका यह पहला सुनहरा कदम हमेशा यादगार रहेगा।
देश दुनिया के इतिहास में 27 जुलाई की तारीख पर दर्ज अन्य महतवपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है।
1789 : पहली फेडरल एजेंसी द डिपार्टमेंट ऑफ फॉरेन अफेयर्स की स्थापना।
1862 : अमेरिकी शहर कैंटन में तूफान का कहर, 40 हजार लोगों की मौत।
1888 : फिलिप प्राट ने पहले इलेक्ट्रिक ऑटोमोबाइल का प्रदर्शन किया।
1897 : बाल गंगाधर तिलक पहली बार गिरफ्तार किये गये.
1935 : चीन की यांग जी और होआंग नदी में बाढ़ से दो लाख लोगों की मौत।
1982 : तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की लगभग 11 साल में पहली अमेरिकी यात्रा।
1987 : खोजकर्ताओं ने टाइटेनिक का मलबा खोजा।
1994 : निशानेबाज जसपाल राणा ने विश्व शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता।
1996 : अमेरिका के जार्जिया प्रांत के अटलांटा शहर में आयोजित ओलंपिक खेलों के रंगारंग कार्यक्रम के दौरान बम धमाका।
2003 : दुनिया के कोने कोने में तैनात अमेरिकी सैनिकों के मनोरंजन के लिए मशहूर प्रसिद्ध हास्य कलाकार बॉब होप का निधन।
2006 : रूसी प्रक्षेपण यान नेपर धरती पर गिरा. (भाषा)
26 जुलाई : आसमान से बरसी आफत, किसी के सपने बह गए किसी के अपने
नयी दिल्ली, 25 जुलाई। जून का महीना खत्म होते-होते देश के तमाम हिस्सों में बारिश की टिप-टिप सुनाई देने लगती है और जुलाई में सावन अपने शबाब पर होता है, लेकिन 2005 में 26 जुलाई के दिन बादलों से बारिश नहीं बल्कि आफत बरसी। देश की वाणिज्यिक राजधानी मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई हिस्से बारिश के इस सितम का शिकार हुए। जो जहां था वहीं थम गया, जिसने कुदरत के इस कहर से मुकाबला करने की कोशिश की, उसे मौत ने लील लिया। लोग कई दिनों तक अपने घरों, दफ्तरों, फैक्टरियों और रेलवे स्टेशनों पर फंसे रहे। स्कूल कॉलेज बंद करने पड़े और राज्य को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार उस दिन महाराष्ट्र में कुल 944 मिमी. (37.17 इंच) बारिश हुई। वर्षा जनित घटनाओं में एक हजार से ज्यादा लोगों की जान गई और इस तेज रफ्तार महानगर को दोबारा अपनी चाल पर वापस लौटने में कई हफ्ते लगे।
देश दुनिया के इतिहास में 26 जुलाई की तारीख पर दर्ज कुछ अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:- 1844: भारत के प्रमुख शिक्षाविद् गुरुदास बनर्जी का जन्म।
1876 : कलकत्ता में इंडियन एसोसिएशन की स्थापना।
1945 : विंस्टन चर्चिल ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दिया।
1951 : नीदरलैंड ने जर्मनी के साथ युद्ध खत्म किया।
1953 : कम्युनिस्ट क्रांतिकारी फ़िदेल कास्त्रो के नेतृत्व में क्यूबा की क्रांति की शुरूआत।
1956 : मिस्र ने स्वेज नहर पर कब्ज़ा किया।
1965 - मालदीव ब्रिटेन के कब्जे से स्वतंत्र हुआ।
1974 - फ्रांस ने मुरूओरा द्वीप में परमाणु परीक्षण किया।
1997 : श्रीलंका ने क्रिकेट एशिया कप जीता।
1998 : महानतम महिला एथलीट जैकी जायनर कर्सी ने एथलेटिक्स से सन्यास लिया।
2002 : इंडोनेशिया की एक अदालत ने पूर्व राष्ट्रपति सुहातों के पुत्र को 15 वर्ष कारावास की सज़ा सुनायी।
2005 : मुंबई में अभूतपूर्व बरसात से जनजीवन ठप्प, एक हजार से ज्यादा लोगों की मौत।
2005 : नासा शटल डिस्कवरी का प्रक्षेपण।
2007 : पाकिस्तान ने परमाणु शक्ति सम्पन्न क्रूज मिसाइल बाबर हत्फ़-7 का सफल परीक्षण किया।
2008 : यूरोपीय वैज्ञानिकों ने सौरमंडल के बाहर एक और नये ग्रह की खोज की।
2008 : गुजरात के अहमदाबाद शहर में 21 धमाके, 56 लोग मारे गए और 200 से ज्यादा जख्मी।
2012 - सीरिया में हिंसक घटनाओं में एक दिन में करीब 200 लोगों की मौत।
2013 - पाकिस्तान के पराचिनार में बम विस्फोट, 57 मरे। भाषा
नयी दिल्ली, 25 जुलाई। दुनिया के इतिहास में 25 जुलाई की तारीख पर विज्ञान की एक बड़ी उपलब्धि दर्ज है। दरअसल इसी दिन पहले टेस्ट ट्यूब शिशु का जन्म हुआ था। इंग्लैंड के ओल्डहैम शहर में 1978 में दुनिया के पहले आईवीएफ शिशु लुई ब्राउन का जन्म हुआ। लगभग ढाई किलोग्राम वजन के लुई ब्राउन आधी रात के बाद सरकारी अस्पताल में पैदा हुए।
यह प्रणाली दुनियाभर के नि:संतान दंपतियों के लिए एक वरदान साबित हुई और लुई के जन्म की खबर फैलते ही अकेले ब्रिटेन के ही लगभग 5000 दंपति ने इस नयी प्रणाली के जरिए संतान प्राप्त करने की इच्छा जाहिर की। आज यह पद्धति भारत सहित दुनियाभर में प्रचलित है और हर दिन हजारों महिलाएं इसके जरिए गर्भ धारण कर रही हैं। यह जान लेना दिलचस्प होगा कि इसके बाद आईवीएफ तकनीक की सफलता की याद में हर साल आईवीएफ तकनीक से जन्मे लुई जॉय ब्राउन के जन्मदिन यानी 25 जुलाई को वर्ल्ड एंब्रियोलॉजिस्ट डे के रूप में मनाया जाता है।
देश-दुनिया के इतिहास में 25 जुलाई की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
1689 : फ्रांस ने इंग्लैंड के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।
1813 : भारत में पहली बार नौका दौड़ प्रतियोगिता कलकत्ता में आयोजित।
1837 : इलेक्ट्रिक टेलीग्राफ के इस्तेमाल का पहली बार सफलतापूर्वक प्रदर्शन।
1943 : इटली के तानाशाह बेनिटो मुसोलिनी ने सत्ता छोड़ी, जिसके बाद राजा विक्टर इमैनुएल ने मार्शल पायत्रो बादोग्लिओ को नया प्रधानमंत्री बनाया।
1948 : आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने भारतीय टीम के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल कर रिकॉर्ड बनाया।
1963 : अमेरिका, रूस और ब्रिटेन ने परमाणु परीक्षण प्रतिबंध संधि पर हस्ताक्षर किए।
1978 : दुनिया के पहले आईवीएफ शिशु लुई ब्राउन का इंग्लैंड के ओल्डहैम शहर में जन्म।
1994 : जॉर्डन और इजरायल के बीच 46 वर्ष से चल रहा युद्ध समाप्त।
2000 : एयर फ्रांस का एक कॉनकार्ड विमान उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त होकर एक होटल पर गिरा। हादसे में 109 विमान यात्रियों के अलावा होटल में मौजूद चार लोग भी जान गंवा बैठे।
2007 : प्रतिभा देवी सिंह पाटिल ने भारत की पहली महिला राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। (भाषा)