राष्ट्रीय
भोपाल, 20 अगस्त | मध्य प्रदेश के दो विश्वविद्यालयों में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने नियुक्ति की है। जबलपुर स्थित मध्यप्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय का कुलपति जबलपुर के संभागायुक्त बी चंद्रशेखर को बनाया गया है, वहीं उज्जैन के महर्षि पाणिनी संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय के कुलपति की जिम्मेदारी विजय कुमार को सौंपी गई है। राज्यपाल पटेल ने मध्यप्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय अधिनियम, 2011 की अनुसूची की धारा 13 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए राज्य शासन से परामर्श के उपरांत कुलपति की नियुक्ति की है। राज्यपाल पटेल ने कुलपति के पद पर आयुक्त जबलपुर संभाग बी. चन्द्रशेखर को नियुक्त किया है। आयुक्त बी. चन्द्रशेखर वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति नियुक्त किये गए है।
इसी तरह राज्यपाल पटेल ने उज्जैन के महर्षि पाणिनी संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय उज्जैन के कुलपति पद पर वेद एवं व्याकरण विभाग, कविकुलगुरु कालीदास संस्कृत विश्वविद्यालय रामटेक नागपुर के प्रोफेसर श्री विजय कुमार को नियुक्त किया है।
राज्यपाल एवं कुलाधिपति पटेल ने महर्षि पाणिनी संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय अधिनियम 2006 की धारा 28 की उपधारा एक में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए कुलपति की नियुक्ति की है। कुलपति के रुप में प्रोफेसर विजय कुमार का कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से चार वर्ष की कालावधि के लिए होगा। (आईएएनएस)