राष्ट्रीय
बैतूल, 8 सितंबर | मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में चरित्र पर शक के चलते हृदय विदारक घटना हुई, जिसमें एक महिला ने दूसरी महिला और उसे दो मासूम बच्चों को कुएं में धकेल दिया, दोनों मासूमों की तो मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर हालत में है। वाक्या जिला मुख्यालय से करीब 43 किलोमीटर चिचोली थाने के अंतर्गत आने वाले ग्राम कान्हेगांव का है, जहां बीते रोज इस घटना को अंजाम दिया गया। अनुविभागीय अधिकारी, पुलिस (एसडीओपी) महेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि ग्राम कान्हेगांव निवासी संगीता उइके (35) पर पिंकी कुमरे (38) शक करती थी कि उसके पति गोलू कुमरे का संगीता से अवैध संबंध है। इसी शक के चलते पिंकी ने संगीता को रास्ते से हटाने का मन बना लिया था।
मीणा के अनुसार, मंगलवार को संगीता अपने दो बच्चों बेटा अंशु(चार) और डेढ़ वर्षीय बालिका अंशिका के साथ चिचोली साप्ताहिक बाजार करके शाम को लौट रही थी, तभी रास्ते में एक बिना मुंडेर के कुंए के पास पिंकी प्रतिघात लगाकर बैठी हुई थी। संगीता अपने दोनों बच्चों के साथ जैसे ही बिना मुंडेर के कुंए के पास पहुंची तभी झाड़ियों में से निकलकर पिंकी ने संगीता को उसकी गोद में लिए डेढ़ वर्षीय बालिका अंशिका के साथ कुंए में धक्का दे दिया, जिससे दोनों कुंए में जा गिरे। इसके बाद पिंकी कुमरे ने चार वर्षीय अंशू को भी कुंए में उठाकर फेंक दिया।
एसडीओपी मीणा ने बताया कि पिंकी कुमरे का गुस्सा यही शांत नहीं हुआ। कुंए में बच्ची के साथ गिरने के बाद संगीता ने कुंए में एक झाड़ी को पकड़ लिया और बच्ची को सीने से चिपका लिया तब तक बच्ची जिंदा थी। लेकिन पिंकी ने ऊपर से पत्थरों की बौछार करना प्रारंभ कर दिया, जिससे बच्ची जहां संगीता से छूटकर कुंए में गिर गई, वहीं संगीता भी गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना में दो बच्चों की मौत हो गई।
एसडीओपी मीणा ने बताया कि घटना के बाद बुधवार को पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है, वहीं कुंए में पानी अधिक होने से मोटर पंप की सहायता से पानी खाली कराया गया और दोनों बच्चों के शव कुंए से निकाले गए। पिंकी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पिंकी कुमरे ने बताया कि उसे शक था कि संगीता का उसके पति के साथ अवैध संबंध है, इसी के चलते उसने इस घटना को अंजाम दिया।(आईएएनएस)