ताजा खबर

राहुल की यात्रा से डर गई भाजपा, इसीलिए मस्जिद, मजार जाना पड़ रहा आरएसएस प्रमुख को-बघेल
27-Sep-2022 7:51 PM
राहुल की यात्रा से डर गई भाजपा, इसीलिए मस्जिद, मजार जाना पड़ रहा आरएसएस प्रमुख को-बघेल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 27 सितंबर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज कहा कि यह राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का ही असर है राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत को मस्जिद और मजारों में जाना पड़ रहा है। अभी यात्रा को 2 सप्ताह भी नहीं हुए और भाजपा इसे मिल रहे समर्थन से डर गई है।

रतनपुर में महामाया दर्शन के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री बघेल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि अनेकता में एकता भारत की खूबी है। छत्तीसगढ़ के विभिन्न संप्रदायों और पंथों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश में नफरत का जहर घोलने का काम किया है, इसलिये राहुल गांधी ने सबको जोड़ने के लिए भारत यात्रा निकाली है।

बिलासपुर-भोपाल हवाई सेवा बंद होने और ट्रेनों के लगातार रद्द करने के सवालों पर बघेल ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री माधवराव सिंधिया और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि सिंधिया को मंत्री बनाने पर उन्होंने कहा था कि एयर एंडिया और महाराजा दोनों बिकाऊ हैं, जिसके चलते वे काफी नाराज हो गए थे। मुझसे नाराजगी का बदला उन्हें छत्तीसगढ़ की जनता से नहीं निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि सौभाग्य या दुर्भाग्य से बिलासपुर के सांसद अरुण साव प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भी हैं, पर वे फ्लाइट सुविधा और ट्रेनों के रद्द होने पर आवाज नहीं उठाते। उनका मुंह केवल कांग्रेस के खिलाफ बोलने के लिए खुलता है। हजारों रेल यात्रियों को परेशानी हो रही है, वे मौन क्यों हैं? क्रूड ऑयल का दाम गिर रहा है फिर भी पेट्रोल डीजल की कीमत कम क्यों नहीं हो रही है। क्यों  बेरोजगारी के सवाल पर मौन हैं।

खराब सड़कों को लेकर सवाल पूछने पर उन्होंने कहा कि यह रमन सरकार की देन हैं, जो चार साल में ही उखड़ने लगी है। सरोज पांडेय तब आवाज नहीं उठा पाती थीं, अब बोल रही हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर मची हलचल को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक पार्टी है, जहां चार लोग होंगे वहां यह सब तो होगा। कोई नई बात नहीं है। कांग्रेस का चुनाव हो रहा है तो पूरे देश को पता चल रहा है लेकिन भाजपा में जयप्रकाश नड्डा दोबारा अध्यक्ष कब चुन लिए गए, यह भाजपा के नेताओं को ही पता नहीं चला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार धान की फसल अच्छी हुई है। अन्नदाता प्रसन्न है। सरकार ने इस बार एक करोड़ मीट्रिक टन धान की खरीदी की व्यवस्था की है।

मुख्यमंत्री बघेल आज दोपहर बाद रतनपुर पहुंचे उनके साथ सलाहकार प्रदीप शर्मा भी थे। महामाया मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष आशीष सिंह ठाकुर, विधायक शैलेष पांडेय सहित अनेक कांग्रेस नेता ने इस मौके पर उनका स्वागत किया।

-0-0

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news