राष्ट्रीय

राहुल की सदस्यता बहाल होना ‘सत्य की जीत’, विपक्ष को निशाना बनाने की बजाय शासन पर ध्यान दे सरकार: कांग्रेस
07-Aug-2023 12:59 PM
राहुल की सदस्यता बहाल होना ‘सत्य की जीत’, विपक्ष को निशाना बनाने की बजाय शासन पर ध्यान दे सरकार: कांग्रेस

नयी दिल्ली, 7 अगस्त कांग्रेस ने राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल होने को ‘सत्य की जीत’ करार देते हुए सोमवार को कहा कि सरकार को अपने कुछ महीनों के शेष कार्यकाल में विपक्षी दलों को निशाना बनाने की बजाय सही मायने में शासन पर ध्यान देना चाहिए।

‘मोदी उपनाम’ को लेकर की गई टिप्पणी के संबंध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दोषसिद्धि पर उच्चतम न्यायालय द्वारा शुक्रवार चार अगस्त को रोक लगाए जाने के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष की लोकसभा सदस्यता सोमवार को बहाल कर दी गई।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ट्वीट किया, ‘‘राहुल गांधी जी की संसद की सदस्यता बहाल करने का निर्णय एक स्वागत योग्य कदम है। यह (कदम) भारत के लोगों और विशेषकर वायनाड की जनता के लिए राहत लेकर आया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा और मोदी सरकार के कार्यकाल का अब जो भी समय बचा है, उन्हें उसका उपयोग विपक्षी नेताओं को निशाना बनाकर लोकतंत्र को बदनाम करने की बजाय शासन पर केंद्रित करना चाहिए।’’

राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल होने के बाद संसद भवन में खरगे ने कांग्रेस एवं कुछ अन्य विपक्षी दलों के नेताओं को मिठाई भी खिलाई।

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, ‘‘राहुल गांधी जी की संसद सदस्यता बहाल हो गई। यह सत्य की जीत है, भारत के लोगों की जीत है...ये करोड़ों भारतवासियों की जीत है। असत्य के खिलाफ सत्य की जीत है। नफरत के खिलाफ मोहब्बत की जीत है।’’ (भाषा) 

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news