राष्ट्रीय

बीते 3 वर्षों में 508 भारतीय कैदी पाकिस्तान से वापस लाए गए : केंद्र सरकार
13-Aug-2023 4:45 PM
बीते 3 वर्षों में 508 भारतीय कैदी पाकिस्तान से वापस लाए गए : केंद्र सरकार

नई दिल्ली, 13 अगस्त । साल 2020 से 2023 के बीच पिछले तीन वर्षों में 508 भारतीय कैदियों को पाकिस्तान से वापस लाया गया है, जबकि भारत ने इसी अवधि के दौरान 143 पाकिस्तानी कैदियों को वापस भेजा है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, 1 जुलाई को दोनों देशों के बीच एक्सचेंज किए गए कैदियों की लिस्ट के अनुसार, 266 भारतीय मछुआरे और 42 नागरिक कैदी पाकिस्तानी हिरासत में हैं। जबकि भारतीय हिरासत में पाकिस्तान के 343 नागरिक और 74 मछुआरे हैं।

21 मई 2008 को हस्ताक्षरित भारत-पाकिस्तान 'कॉन्सुलर एक्सेस पर समझौते' के अनुसार, प्रत्येक देश की जेलों में बंद कैदियों की लिस्ट का आदान-प्रदान हर साल 1 जनवरी और 1 जुलाई को किया जाता है।

सूत्रों ने बताया कि सरकार ने पाकिस्तान की हिरासत से नागरिक कैदियों और मछुआरों को उनकी नौकाओं सहित जल्दी रिहाई और स्वदेश वापसी का आह्वान किया है। विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने आगे बताया कि वह पाकिस्तानी हिरासत में भारतीय कैदियों के कल्याण, सुरक्षा और संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।

उन्होंने कहा कि जैसे ही पाकिस्तान द्वारा भारतीय नागरिकों को पकड़ने के मामले सामने आते हैं, इस्लामाबाद में भारतीय मिशन द्वारा पाकिस्तान सरकार से राजनयिक पहुंच की मांग के लिए तत्काल कदम उठाए जाते हैं।

कॉन्सुलर एक्सेस के दौरान, भारतीय उच्चायोग के अधिकारी पाकिस्तानी जेलों में भारतीय कैदियों से मुलाकात करते हैं और उनका हालचाल जानते हैं। साथ ही अधिकारी उन्हें दैनिक उपयोग की कल्याणकारी वस्तुएं देते हैं। भारतीय कैदियों को उनकी शीघ्र रिहाई और स्वदेश वापसी के लिए कानूनी सहायता सहित हर संभव सहायता प्रदान की जाती है।  (आईएएनएस)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news