ताजा खबर

बिलासपुर में 11 प्लाटूनों ने भव्य एवं आकर्षक परेड का किया प्रदर्शन शहीदों के परिजन सम्मानित
15-Aug-2023 6:32 PM
बिलासपुर में 11 प्लाटूनों ने भव्य एवं आकर्षक परेड का किया प्रदर्शन शहीदों के परिजन सम्मानित

संसदीय सचिव रश्मि सिंह ने ली परेड की सलामी, वयोवृद्ध सेनानी के घर पहुंचा प्रशासन

बिलासपुर,15 अगस्त। आजादी की 77वीं वर्षगांठ जिले में उत्साहपूर्वक मनाया गया। मुख्य समारोह पुलिस ग्राउंड में आयोजित किया गया। संसदीय सचिव एवं तखतपुर विधायक रश्मि सिंह ने ध्वजारोहण किया। कमाण्डर रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र गुप्ता ने राष्ट्रगान की धुन पर सलामी दी। मुख्य अतिथि ने शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाए और हर्षोल्लास और उमंग के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े। पूरे परिधान में सजे हुए 11 प्लाटूनों ने भव्य एवं आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया।

मुख्य अतिथि ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नंदू राम भांगे को उनके घर जाकर शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को भी शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। जिले में उत्कृष्ट गोठान का पुरस्कार कोटा विकासखण्ड के शिवतराई गोठान, मस्तूरी ब्लॉक के जुहली, तखतपुर ब्लॉक के बेलपान एवं बिल्हा ब्लॉक के पौंसरी को दिया गया। इन गोठानों को संचालित करने वाली स्व सहायता समूहों को प्रशस्ति पत्र एवं 25 हजार रुपये नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने शासकीय दायित्वों के उत्कृष्ट निर्वहन के लिए विभिन्न विभागों में कार्यरत 38 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

समारोह में स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। स्वामी आत्मानंद महारानी लक्ष्मी बाई कन्या शाला ने इसमें पहला स्थान हासिल किया। दूसरा स्थान मोहंती उच्चतर माध्यमिक शाला के बच्चों ने और तीसरा स्थान स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक शाला चिंगराजपारा ने प्राप्त किया।

कार्यक्रम में महापौर रामशरण यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, नगर निगम सभापति शेख नजरूद्दीन, अरपा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभयनारायण राय, जिला सहकारी बैक के अध्यक्ष प्रमोद नायक, संभाग आयुक्त केडी कुंजाम, आईजी आनंद छाबड़ा, कलेक्टर संजीव कुमार झा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह, एडीएम आरए कुरूवंशी, नगर निगम कमिश्नर कुणाल दुदावत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अजय अग्रवाल, पार्षद विजय केशरवानी,  विजय पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी, कर्मचारी तथा नागरिक उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news