ताजा खबर

जिला कार्यकारिणी बनाने की अनुमति नहीं मिलने से नाराज महासमुंद युकां जिलाध्यक्ष का दो साथियों संग इस्तीफा, भाजपा प्रवेश की तैयारी
01-Apr-2024 2:13 PM
जिला कार्यकारिणी बनाने की अनुमति नहीं मिलने से नाराज महासमुंद युकां जिलाध्यक्ष का दो साथियों संग इस्तीफा, भाजपा प्रवेश की तैयारी

उपेक्षा करने का आरोप, कांग्रेस नेता मान मनौव्वल में जुटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 1 अप्रैल। युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष महासमुंद जसमीत सिंह बादल मक्कड़, वार्ड-13 से पार्षद जसप्रीत प्रीति मक्कड़(बादल मक्कड़ की पत्नी) और जिला संयोजक कांग्रेस सोशल मीडिया रवि सिंह ठाकुर ने कल एकाएक कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देकर सबको चौंका दिया है।

 युकांध्यक्ष बनने के करीब डेढ़ साल भी आज तक जिला कार्यकारिणी बनाने की अनुमति नहीं मिलने से श्री मक्कड़ नाराज चल रहे हैं। इसके लिए उन्होंने कई बार अनुमति मांगी थी। इस बीच उन्हें कांग्रेस भवन में असम्मान जनक स्थितियों से भी गुजरना पड़ा।

सूत्रों के मुताबिक महासमुंद शहर व आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में युकां कार्यकर्ता, कांग्रेस जन, भाजपा प्रवेश की तैयारी कर रहे हैं। तीन अप्रैल को भाजपा प्रत्याशी रूपकुमारी चौधरी लाव-लश्कर के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री तथा संगठन के बड़े नेताओं की उपस्थिति में नामांकन दाखिल करेंगी। संभावना है कि इसके पूर्व होने वाली सभा में इन कांग्रेसियों को भाजपा प्रवेश कराया जा सकता है।

  श्री मक्कड़ ने कल अपना इस्तीफा युकां प्रदेशाध्यक्ष आकाश शर्मा और इसकी प्रतिलिपि संगठन प्रभारी व छग प्रभारी को ई-मेल व वाट्सएप पर भेज दिया है। इसी तरह युकां सोशल मीडिया जिला संयोजक रवि सिंह ठाकुर ने अपना इस्तीफा युकां प्रदेश समन्वयक व प्रदेश सचिव अनूप वर्मा को भेज दिया है। जबकि वार्ड-13 से पार्षद जसप्रीत प्रीति बादल ने जिला कांग्रेसाध्यक्ष को इस्तीफा भेजा है। ऐन लोकसभा चुनाव के वक्त इन पदाधिकारियों ने इस बारे में अभी कुछ भी कहने से किनारा कर रखा है। एक शीर्ष पदाधिकारी ने सिर्फ  इतना कहा कि बातचीत चल रही है।

इस तरह कांग्रेस पार्टी में खलबली मची हुई है। पार्टी के नेता इनके मान-मनौव्वल में जुट गए हैं।

 बादल ने ‘छत्तीसगढ़’ से बातचीत में कहा-कुछ महिनों से पार्टी में मैं उपेक्षित महसूस कर रहा था। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व युकां चुनाव में मैंने रिकार्ड जीत दर्ज की थी। तब से आज तक मुझे जिला कार्यकारिणी बनाने नहीं दी गई। कांग्रेस भवन में कार्यक्रमों के दौरान कभी उचित सम्मान नहीं दिया गया। बीते 3 मार्च को यूथ कांग्रेस की बैठक कांग्रेस भवन में थी। तब बैठक लेने आए जिला प्रभारी ने युकां कार्यकर्ताओं के साथ असम्मानजनक व्यवहार किया था।

कल दिन भर चले इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस नेताओं ने मक्कड़ परिवार और उनके समर्थकों को मनाने की कोशिशें तेज कर दी है। कल जिलाध्यक्ष डॉ.रश्मि चंद्राकर दौरे पर थीं। उन्हें इन इस्तीफों की खबर सोशल मीडिया से मिली। उन्होंने बताया कि बात कर उनकी नाराजगी दूर करने की कोशिश कर रहे हैं।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news