राष्ट्रीय

ओडिशा: डीएमएफ कोष से 9.6 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
29-Apr-2024 4:37 PM
ओडिशा: डीएमएफ कोष से 9.6 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

भुवनेश्वर, 29 अप्रैल ओडिशा पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने मयूरभंज के डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन (डीएमएफ) से 9.6 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

ईओडब्ल्यू के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान पोमेश टेंभरे के रूप में हुई है। वह मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले का रहने वाला है। उसे 26 अप्रैल को गिरफ्तार करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर भुवनेश्वर लाया गया और सोमवार को उसे बालासोर की एक अदालत में पेश किया जाएगा।

बैंक ऑफ इंडिया, बारीपदा के मुख्य प्रबंधक द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, जालसाज ने फर्जी चेक बनाकर 9.56 करोड़ रुपये अंतरित किए।

उन्होंने बताया कि अवैध रूप से अंतरित की गई राशि में से 5.04 करोड़ रुपये के साथ ही 33 खातों में जमा 13.56 लाख रुपये की निकासी पर रोक लगा दी गई है।

पोमेश अपना मोबाइल फोन बंद करके नक्सल प्रभावित एक गांव में छिपा हुआ था। ओडिशा ईओडब्ल्यू टीम ने स्थानीय पुलिस और केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया।

जांच के दौरान ईओडब्ल्यू ने पाया कि पोमेश एक बड़े गिरोह का सदस्य है जिसका जाल छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा तक फैला हुआ है।

ओडिशा पुलिस अन्य जालसाजों तक पहुंचने के लिए आगे की जांच कर रही है।  (भाषा) 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news