ताजा खबर

उत्तर प्रदेश की 10 सीटों पर पूर्वाह्न 11 बजे तक औसतन 26.12 प्रतिशत मतदान
07-May-2024 12:10 PM
उत्तर प्रदेश की 10 सीटों पर पूर्वाह्न 11 बजे तक औसतन 26.12 प्रतिशत मतदान

लखनऊ, 7 मई। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में हाई-प्रोफाइल मैनपुरी सहित उत्तर प्रदेश की 10 सीटों के लिए मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे तक औसतन 26.12 प्रतिशत वोट पड़े।

शुरुआती दो घंटों में नौ बजे तक संभल में 29.55 फीसद, हाथरस में 26.05, आगरा में 25.87, फतेहपुर सीकरी में 27.63, फिरोजाबाद में 24.42, मैनपुरी में 25.13, एटा में 27.17, बदायूं में 26.02, आंवला में 25.98 और बरेली में 23.60 प्रतिशत वोट पड़े।

प्रदेश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत 10 सीटों के लिए मतदान मंगलवार सुबह सात बजे शुरू हो गया। वोट शाम छह बजे तक पड़ेंगे।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि तीसरे चरण के तहत उत्तर प्रदेश की 10 लोकसभा सीटों- संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया जो शाम छह बजे तक होगा।

उन्होंने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है।

बदायूं में धोरणपुर गांव के लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया। उन्होंने अपने गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण की अपनी मांग पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाते हुए राजनेताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

जिलाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि यह उनके संज्ञान में आया है और सम्बन्धित उपजिलाधिकारी को गांव में भेजा गया है और उम्मीद है कि वहां मतदान शुरू हो जाएगा।

संभल में सपा प्रत्याशी जिया-उर-रहमान बर्क ने आरोप लगाया कि एक पुलिस क्षेत्राधिकारी भाजपा कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं और उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से बैग और मतदाता पर्चियां छीनकर उन्हें हिरासत में ले लिया।

उन्होंने चुनाव आयोग से आरोपी अधिकारी को तुरंत हटाने का अनुरोध किया।

उधर, फ़िरोज़ाबाद में नगला जवाहर, नीम खेरिया और नगला उमर गांवों में स्थानीय लोगों ने अपने-अपने गाँव की समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए मतदान का बहिष्कार किया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी रिणवा ने बताया कि मतदान स्थलों पर मतदाताओं एवं मतदान कार्मिंकों को गर्मी और लू से बचाने के लिए आवश्यक प्रबन्ध सुनिश्चित किए गए हैं। मतदान केन्द्रों पर जहां तक मतदाताओं की कतार होगी, वहां तक छाया की व्यवस्था तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। मतदाताओं के लिए मतदेय स्थलों पर छाया हेतु अलग से टेंट लगाया गया है।

रिणवा ने बताया कि मतदेय स्थलों पर मेडिकल किट (ओआरएस पैकेट सहित) का प्रबन्ध किया गया है। इसके साथ ही सहयोग के लिए बूथों पर एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पैरामेडिकल कर्मी की तैनाती की गयी है।

इस चरण में 100 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 1.88 करोड़ मतदाता करेंगे। इनमें एक करोड़ से अधिक पुरुष मतदाता और 87 लाख से अधिक महिला मतदाता शामिल हैं।

तीसरे चरण में केंद्रीय मंत्री एस. पी. सिंह बघेल (आगरा), उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह (मैनपुरी) और राजस्व राज्य मंत्री अनूप प्रधान वाल्मीकि (हाथरस) की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।

लोकसभा चुनाव का यह दौर समाजवादी पार्टी के यादव परिवार के लिए भी महत्वपूर्ण है। डिंपल यादव मैनपुरी लोकसभा सीट को बरकरार रखने के लिये प्रयास कर रही हैं, जिसे उन्होंने अपने ससुर और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद हुए उपचुनाव में जीता था।

सपा के मुख्य राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव फिरोजाबाद सीट को फिर से हासिल करने की कोशिश करेंगे। इस सीट को उन्होंने 2014 में जीता था। बदायूं लोकसभा सीट से चुनावी शुरुआत कर रहे आदित्य यादव सपा का गढ़ मानी जाने वाली इस सीट को जीतना चाहेंगे। वर्ष 2014 में बदायूं सीट पर आदित्य के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव ने जीत हासिल की थी।

तीसरे चरण के चुनाव में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता रहे कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह एटा संसदीय क्षेत्र से हैट्रिक बनाने की उम्मीद कर रहे हैं। बरेली में मुख्य मुकाबला भाजपा के छत्रपाल सिंह गंगवार और सपा के प्रवीण सिंह ऐरन के बीच है। इस सीट पर बसपा उम्मीदवार मास्टर छोटे लाल गंगवार का नामांकन पत्र खारिज हो गया है। (भाषा)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news