ताजा खबर

बोर्ड के सभी टॉप टेन बच्चों को लैपटॉप-टेबलेट देंगे राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा
06-Jul-2020 5:10 PM
बोर्ड के सभी टॉप टेन बच्चों को लैपटॉप-टेबलेट देंगे राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 6 जुलाई।
राज्यसभा सदस्य व कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक के तन्खा ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम 10 की सूची में शामिल सभी बच्चों को लैपटॉप व टेबलेट देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री को लिखे गये पत्र में उन्हें इसकी जानकारी देते हुए प्रदेश में टेलेन्ट हन्ट के लिये विशेष अभियान चलाने का अनुरोध भी किया है। 

विधि कांग्रेस प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संदीप दुबे ने बताया कि इससे पहले तन्खा ने मध्यप्रदेश के प्रावीण्य सूची के बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिये यह घोषणा की थी। हमारे अनुरोध पर उन्होंने छत्तीसगढ़ के लिये भी यह घोषणा की है। 10वीं बोर्ड की परीक्षा में प्रथम 10 स्थान पर आये सभी बच्चों को टेबलेट और 12वीं बोर्ड परीक्षा के टॉप टेन में शामिल सभी बच्चों को लैपटॉप प्रदान किया जायेगा। 

मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में तन्खा ने कहा कि छत्तीसगढ़ उनकी कर्मभूमि रही है। उन्हें प्रसन्नता है कि राज्य के बच्चे व युवा अपनी प्रतिभा व लगन से राज्य को एक नई दिशा देने के लिये प्रयास कर रहे हैं। इस वर्ष का माध्यमिक व उच्चतर माध्यमिक परीक्षा परिणाम खुश कर देने वाला है। कोविड-19 जैसी भयंकर महामारी का सामना करते हुए बच्चों ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।
 
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि हाल ही में मैंने मध्यप्रदेश सरकार से भी अनुरोध किया और आपसे भी करता हूं कि राज्य में विशेष अभियान चलाकर टैलेंट हंट किया जाये, जिससे प्रदेश के होनहारों को राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तैयार किया जा सके। अमेरिका जैसे कई देशों ने इस आवश्यकता को पहचाना है और इसे जिम्मेदारी से लागू किया है। ऐसा अभियान राज्य की छुपी प्रतिभाओं को सामने लाने में मददगार साबित होगा। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news