ताजा खबर

विनोद चौबे की शहादत वाले हमले का नक्सली, आज पुण्यतिथि पर सजा रहा उनकी प्रतिमा
11-Jul-2020 3:14 PM
विनोद चौबे की शहादत वाले हमले का नक्सली, आज पुण्यतिथि पर सजा रहा उनकी प्रतिमा

प्रदीप मेश्राम

राजनांदगांव, 11 जुलाई (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। 12 जुलाई 2009 की वीभत्स नक्सल घटना की कल 11वीं बरसी है। इस लोमहर्षक नक्सली वारदात में तत्कालीन राजनांदगांव एसपी विनोद चौबे समेत 29 जवान नक्सल एम्बुश में फंसकर शहीद हो गए। यह पहला वाकया था जब  नक्सल मोर्चे में किसी आईपीएस को जवानों के साथ शहादत झेलनी पड़ी। इस घटना के बाद तेजी से नक्सल मोर्चे में बड़े बदलाव हुए। ऐसा ही एक बदलाव आत्मसमर्पण नीति के तहत महकमे में व्यापक परिवर्तन आया। नतीजतन नक्सली के तौर पर हमलावर रहा पूर्व नक्सली आज महकमे के साथ जुडक़र बेहतर जीवन जी रहा है। 

इस घटनाक्रम से जुड़े एक पूर्व नक्सली छोटू पद्दा ने अपनी पत्नी सुनीता के साथ 12 जुलाई 2009 की वारदात का प्रत्यक्ष हमलावर रहा है। छोटू पद्दा ने कंपनी नंबर 4 के सेक्शन कमांडर की हैसियत से स्व. विनोद चौबे एवं जवानों पर कई गोलियां दागी। इस हमले में सहयोगी के तौर पर छोटू पद्दा की पत्नी सुनीता भी मौजूद थी।

गढ़चिरौली के रानकट्टा के रहने वाले इस युवक ने स्व. चौबे और पुलिस फोर्स पर कातिलाना हमला बोला था। कोरकोट्टी हमले के दो साल बाद 2012 में छोटू पद्दा ने पत्नी के साथ राजनांदगांव पुलिस के समक्ष समर्पण कर दिया और इसके बाद पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर नक्सलियों की जड़ों को उखाडऩे के मिशन से जुड़ गया। आज वह महकमे में बतौर आरक्षक काम कर रहा है। 11 साल पहले हुए इस हमले के बाद काफी संघर्ष के बाद पुलिस की अंदरूनी इलाकों में ताकत बढ़ी है। आत्मसमर्पण नीति के जरिए छोटू पद्दा एक जिम्मेदार आरक्षक के तौर पर स्व. चौबे की मूर्ति की सफाई करने के साथ-साथ पेंटिंग कर रहा है। 

रंग-रोगन करते इस संवाददाता से चर्चा करते छोटू पद्दा ने कहा कि एक आम इंसान की तरह जीने का अपना अलग महत्व है। पत्नी के साथ वह खुशहाल जीवन जी रहा है। इस बीच कंपनी नंबर 4 में सेक्शन कमांडर के ओहदे में रहते छोटू पद्दा ने कोरकोट्टी हमले में फोर्स पर कई गोलियां दागी थी। सेक्शन कमांडर के तौर पर वह नक्सलियों की टुकड़ी का नेतृत्व भी हमले में कर रहा था। 

बताते हैं कि छोटू पद्दा ने समर्पण के बाद पुलिस के सामने कई राज उगले। माना जाता है कि सेक्शन कमांडर को नक्सल संगठन में काफी महत्व दिया जाता है। यही कारण है कि मानपुर क्षेत्र में नक्सलियों का नकल कसने पुलिस ने छोटू पद्दा ने कई अहम जानकारियां दी। आरक्षक की हैसियत से छोटू पद्दा स्व. चौबे और जवानों पर हमले की वारदात को पीछे छोडक़र पूरी निष्ठा के साथ देश सेवा कर रहा है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news