ताजा खबर
3 महिला समेत 12 विधायक लेंगे शपथ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 जुलाई। प्रदेश में करीब डेढ़ साल बाद संसदीय सचिवों की नियुक्ति की जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कल शाम 4 बजे 12 विधायकों को संसदीय सचिवों की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह यहां मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित किया गया है। चर्चा है कि 3 महिला विधायक भी संसदीय सचिव बनाए जा रहे हैं।
प्रदेश में कांग्रेस की सरकार करीब डेढ़ साल से चल रही है, लेकिन यहां संसदीय सचिवों की नियुक्ति नहीं हो पाई थी। जबकि विधायकों और कांग्रेस नेताओं की यह लगातार मांग बनी हुई थी। उनकी इस संबंध में पार्टी के बड़े नेताओं के बीच भी चर्चा चलती रही। अब यह साफ होने लगा है कि कल प्रदेश में संसदीय सचिवों की नियुक्ति हो जाएगी। संसदीय सचिवों के लिए कुछ विधायकों के नाम भी सामने आने लगे हैं।
शपथ लेने वाले संसदीय सचिवों में द्वारिकाधीश यादव, विनोद सेवनलाल चंद्राकर, चन्द्रदेव राय, सुश्री शकुन्तला साहू, विकास उपाध्याय, श्रीमती अंबिका सिंहदेव, चिंतामणी महाराज, यू.डी. मिंज, पारसनाथ राजवाड़े, इंदरशाह मण्डावी, कुंवरसिंह निषाद, गुरूदयाल सिंह बंजारे, डॉ. रश्मि आशीष सिंह, शिशुपाल सोरी और रेखचंद जैन शामिल है।