खेल

धोनी जब तक चाहें चेन्नै सुपर किंग्स के लिए खेल सकते हैं
17-Aug-2020 5:37 PM
धोनी जब तक चाहें चेन्नै सुपर किंग्स के लिए खेल सकते हैं

चेन्नै, 17 अगस्त। महेंद्र सिंह धोनी ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर भले ही कई लोगों को हैरान कर दिया हो लेकिन चेन्नै सुपर किंग्स को टीम के साथ अपने कप्तान के भविष्य को लेकर कोई चिंता नहीं है। फ्रैंचाइजी चाहते हैं कि धोनी जब तक चाहें टीम के साथ खेलते रहें।

सीएसके के सीईओ काशी विश्वनाथन ने रविवार को हमारे सहयोगी टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, उन्होंने सिर्फ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट छोड़ा है। वह चेन्नै सुपर किंग्स के लिए खेलते रहेंगे। हमारी ख्वाहिश है कि वह तब तक खेलते रहें जब तक उनका दिल करे। दरअसल, हम तो उन्हें 2021 के आईपीएल के बाद भी अपनी टीम में बतौर खिलाड़ी देखना चाहेंगे।

चेन्नै सुपर किंग्स ने शनिवार से अपना ट्रेनिंग कैंप शुरू किया है। रविवार को टीम ने शहर में लॉकडाउन की वजह से प्रैक्टिस नहीं की। धोनी ने पिछले साल जुलाई के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला था, आईपीएल में वापसी के लिए तैयार हैं। इंडियन प्रीमियर लीग का 13वां सीजन 19 सितंबर से 10 नवंबर के बीच यूएई में खेला जाएगा। इस बीच यह भी खबर है कि अगर चेन्नै सुपर किंग्स इस साल आईपीएल का खिताब जीत जाती है तो धोनी क्रिकेट को पूरी तरह अलविदा कह सकते हैं।

विश्वनाथन ने कहा, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला बिलकुल धोनी के अंदाज में था। लेकिन बात जब क्रिकेटीय फैसलों की हो तो हम उसमें दखल नहीं देते। हालांकि हम बेशक ऐसी उम्मीद करते हैं कि वह चेन्नै सुपर किंग्स को छोडऩे को लेकर ऐसा कोई फैसला नहीं करें।

साक्षी सिंह धोनी ने बेहद खास संदेश के साथ धोनी के इस फैसले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर धोनी की एक तस्वीर पोस्ट की और लिखा- आपने जो कुछ भी हासिल किया, उस पर आपको गर्व होना चाहिए। खेल को अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए आपको बधाई। मुझे आपकी उपलब्धियों पर और बतौर इंसान आप जैसे हैं उस पर गर्व है। मुझे यकीन है कि अपने जुनून को अलविदा कहने के लिए आपने अपने आंसुओं को रोके रखा होगा। आपको अच्छा स्वास्थ्य, खुशियां और आने वाले वक्त में शानदार चीजों के लिए शुभकामनाएं।

एमएस धोनी आखिरी बार 2019 वल्र्ड कप सेमीफाइनल में टीम इंडिया की नीली जर्सी में नजर आए थे। उसके बाद से कई बार उनके संन्यास को लेकर अफवाहें उड़ी, लेकिन 15 अगस्त शाम 7.29 बजे धोनी ने ये बड़ा फैसला ले लिया। उनके रिटायरमेंट के ऐलान के साथ ही भारतीय क्रिकेट में उनके एक शानदार दौर का अंत हो गया। भारत के साथ-साथ दुनियाभर में धोनी के फैन और विदेशी क्रिकेटरों ने भी धोनी के योगदान को याद किया।

भारत के लिए 500 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले एमएस धोनी ने अपनी मैच फिनिशिंग और कप्तानी से लोगों को फैन बनाया था। दुनिया के सबसे सफल कप्तानों में उनकी गिनती होती है। धोनी ने भारत को न सिर्फ पहला टी-20 वल्र्ड कप जिताया, बल्कि 28 साल बाद भारत को वर्ल्ड चैंपियन भी बनाया। साथ ही टेस्ट क्रिकेट में भी टीम इंडिया को पहली बार नंबर-1 बनाने का श्रेय धोनी को ही जाता है।

धोनी इकलौते ऐसे कप्तान हैं, जिनके नेतृत्व में भारत आईसीसी की तीनों बड़ी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। धोनी की कप्तानी में भारत ने आईसीसी की वर्ल्ड-टी20 (2007 में), क्रिकेट वर्ल्ड कप (2011 में) और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी (2013 में) का खिताब जीता। क्रिकेट के मैदान में महेंद्र सिंह धोनी को करिश्माई खिलाड़ी के साथ धीर-गंभीर भी माना जाता रहा है। धोनी ने भारत की ओर से 350 वनडे मैच खेले, जिनमें उन्होंने 50 से ज़्यादा की औसत से 10,773 रन बनाए।

धोनी ने वनडे क्रिकेट में 10 शतक और 73 अर्धशतक बनाए। इसके साथ ही उन्होंने विकेटकीपर के तौर पर 321 कैच लपके और 123 खिलाडिय़ों को स्टंप आउट किया। वहीं टी-20 क्रिकेट में धोनी ने भारत की ओर से 98 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 37 से ज़्यादा की औसत से 1617 रन बनाए। टेस्ट क्रिकेट से एमएस धोनी ने 2014 में ही संन्यास ले लिया था। 90 टेस्ट मैचों में धोनी ने 38 से ज़्यादा की औसत से 4876 रन बनाए। टेस्ट मैचों में धोनी ने विकेट के पीछे 256 कैच लपके और 38 स्टंप किए। बल्लेबाज़ के तौर पर उन्होंने छह शतक और 33 अर्धशतक जमाए।

सीएसके का यह अधिकारी शनिवार को उस समय इनचार्ज था जब टीम एमए चिदंबरम स्टेडियम में प्रैक्टिस कर रही थी। इसी प्रैक्टिस सेशन के बाद धोनी ने रिटायरमेंट का ऐलान किया। विश्वनाथन ने कहा कि धोनी जब प्रैक्टिस में बैटिंग कर रहे थे तो उनकी बॉडी लैंग्वेज से इस फैसले का कोई अंदाजा नहीं मिल रहा था। उन्होंने कहा, प्रैक्टिस शाम को 4.30 पर शुरू हुई और सात बजे तक चली। इसके बाद धोनी ड्रेसिंग रूम में वापस चले गए। आधे घंटे बाद, मुझे टीम के मालिक एन. श्रीनिवासन का संदेश मिला कि मैं चेक करूं कि क्या यह खबर सही है। धोनी जब ड्रेसिंग रूम से लौटे तो मैं उनसे बात की और उन्होंने इसकी पुष्टि कर दी। (navbharattimes.indiatimes.com)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news