रायपुर

हर घंटे प्रबल हो रहा मानसून, किस तरह से आगे बढ़ रहा मानसून
12-Jun-2022 5:24 PM
 हर घंटे प्रबल हो रहा मानसून, किस तरह से आगे बढ़ रहा मानसून

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 जून। प्रदेश में पश्चिमी हवाओं के बढ़ते दबाव के साथ ही मानसून भी प्रबल होता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की पहली बारिश 14 या 15 जून तक होने के संकेत हैं। बीते 24 घंटो के दौरान मध्य छत्तीसगढ़ में हुई बारिश को प्री-मानसून कहा जा सकता है।  शनिवार शाम से लेकर रात तक कवर्धा, बालोद, दुर्ग, राजनांदगांव और रायपुर शहर व आसपास प्री-मानसून की बारिश हुई। कल कवर्धा में 102 एमएम, गुंडरदेही में 71.8 मिमी, पाटन में 4 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं राजनांदगांव, दुर्ग-भिलाई में भी रात 8 बजे से एक घंटे तक अच्छी बारिश हुई। इसी दौरान राजधानी रायपुर के कई इलाकों में खंड वर्षा दर्ज की गई। शहर के चंगोराभाठा में आधे घंटे तक गरज-चमक के साथ बारिश हुई तो जयस्तंभ और मेकाहारा का इलाका सूखा रहा। इससे तापमान में भी गिरावट आई है। शनिवार को दोपहर रायपुर में तापमान 38.5 डिग्री था जो आज घटकर 35.5 डिग्री हो गया है।  मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक प्रदेश के उत्तर और दक्षिणी भाग में बारिश कम है। प्रदेश में पश्चिमी हवाओं का दबाव बढ़ रहा है जो अगले 24 घंटे में और प्रबल होगा। माना में हवा की रफ्तार 14 किमी प्रतिघंटा दर्ज की गई है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news