दुर्ग

सामाजिक, धार्मिक और मांगलिक कार्यों के लिए नि:शुल्क दिए जाएंगे बर्तन
07-Mar-2023 3:34 PM
सामाजिक, धार्मिक और मांगलिक कार्यों के लिए नि:शुल्क दिए जाएंगे बर्तन

उमदा, गनियारी, मोरिद, सोमनी, चरोदा, उरला और दादर में खुलेगा बर्तन बैंक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 7 मार्च।
डिस्पोजल ग्लास और प्लेट से पर्यावरण को हो रहे नुकसान को देखते हुए भिलाई-3 चरोदा नगर निगम में एक अनोखी पहल की जा रही है। अब निगम क्षेत्र के आजाद चौक, उमदा, गनियारी, मोरिद, सोमनी, इंदिरा पारा चरोदा, उरला और दादर में बर्तन बैंक खोला जाएगा? जिसके संचालन की जिम्मेदारी महिला स्व सहायता समूह को दी जाएगी। यहां से सामाजिक, धार्मिक और मांगलिक कार्यों के लिए बर्तन नि:शुल्क दिए जाएंगे, बर्तन की धुलाई का खर्च और यदि कोई थाली, कटोरी, चम्मच या अन्य सामान गुम हो गए तो उसकी राशि बर्तन लेने वाले को देनी होगी।

निगम की महापौर परिषद की बैठक में यह फैसला किया गया है। महापौर निर्मल कोसरे ने बताया कि गांव हो या शहर सभी स्थानों पर कोई भी मांगलिक या सामाजिक कार्य होता है तो उसमें डिस्पोजल ग्लास और प्लेट का उपयोग किया जाता है। इसके बाद उसे ज्यों का त्यों लोग फेंक देते हैं, इससे पर्यावरण प्रभावित हो रहा है। बर्तन बैंक से अब कार्यक्रमों में लोगों को नि:शुल्क बर्तन मिलेगा और महिलाओं को रोजगार का अवसर भी।

कल दोपहर बाद हुई एमआईसी की बैठक में 8 प्रस्ताव पारित किए गए, जिसमें निर्णय लिया गया कि 14वें वित्त के मद से 1.06 करोड़ की लागत से सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट किया जाएगा। बंधवा तालाब का विकास और सौंदर्यीकरण में करीब 90.60 लाख रुपए खर्च किया जाएगा। आने वाले दिनों में इसकी निविदा बुलाई जाएगी। पालिका बाजार और अस्पताल के पास बनी दुकानों की उच्चतम बोली स्वीकृत की गई। विश्व बैंक कॉलोनी में 98.59 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड बनाया जाएगा।

बैठक में नागरिकों की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा कर निर्णय भी लिए गए। सदस्यों ने भिलाई-3 निगम क्षेत्र व आसपास के गांवों के लिए बर्तन बैंक की पहल को सराहा। बैठक में दो कार्यों का स्थान भी बदला गया है जिसमें अधो संरचना मद से जरवाय में पटवारी कार्यालय से सीसी रोड बनाई जाएगी जो कि पहले गोठान से बनाने का प्रस्ताव था।

इसी तरह चरोदा में मस्जिद के पास सामुदायिक भवन बनाने के स्थान पर अब हथखोज बस्ती में इसका निर्माण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग को इसकी सूचना दी जाएगी। निगम में वेंडिंग जोन, नान वेंडिंग जोन और फुटपाथ में व्यवसाय करने वालों को व्यवस्थित किया जाएगा।

बैठक में आयुक्त अजय त्रिपाठी, एमआईसी सदस्य मोहन साहू, दीप्ति वर्मा, देवकुमारी भलावी, संतोषी निषाद, एस वेंकट रमना, मनोज डहरिया, ईश्वर साहू, सुनील जैन, अश्वनी चंद्राकर, राजकुमार देवांगन, लिंगेश्वर राव उपस्थित रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news