रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 अप्रैल। प्रदेश में बीती शाम से मौसम का बदलाव देखने को मिल रहा है। राजधानी समेत प्रदेश के कई जिलों में बीती शाम तेज आंधी के साथ जमकर बारिश हुई। वहीं मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश में आज भी तेज हवा और वज्रपात होने की चेतावनी जारी की है। दोपहर डेढ़ बजे विभाग ने अगले 18 घंटों के लिए यलो, और ऑरेंज चेतावनी जारी की है। इस दौरान सरगुजा संभाग, जशपुर, और बस्तर के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश गाज गिरने के साथ ओले भी गिरेंगे। बिलासपुर, पेंड्रा, मुंगेली, कवर्धा, रायगढ़, कोरबा, कांकेर, और कोंडागांव जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
शनिवार शाम मानसून की तरह बरसे बादल, ओले भी गिरे
इससे पहले शनिवार शाम राजनांदगांव से राजधानी और महासमुंद, रायगढ़ तक हुई अच्छी खासी बारिश ने लोगों को बड़ी राहत पहुंचाई है। प्रदेश में रविवार शाम- रात को भी मौसम ऐसा ही रहने के आसार है। मौसम विभाग ने कहा कि एक द्रोणिका /हवा की अनियमित गति उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश से तमिलनाडु तक स्थित है।
प्रदेश में नमी युक्त हवा का आगमन लगातार बना हुआ है। रविवार को कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है।प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा अंधड़ चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान में सार्थक परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
इससे पहले शनिवार शाम 5 बजे से लेकर रात 8 बजे तक प्रदेश के बड़े इलाके में अंधड़, गरज- चमक के साथ जमकर बारिश हुई। मानपुर - मोहला इलाके में तेज हवा के साथ तेज बारिश हुई। ये बादल आगे बढ़ते हुए राजनांदगांव, महासमुंद के बसना व पिथौरा ब्लॉक में भी बरसे। राजधानी के तिल्दा, और पटेवा के पास बनपचरी में ओलावृष्टि तक हुई।
उसके बाद राजधानी में डेढ़ घंटे तक बारिश हुई। और दूर जशपुर में तेज अंधड़ और गरज के बीच करीब एक घंटे मूसलाधार बारिश दर्ज की गई ।