दुर्ग

अवैध निर्माण तोडऩे पहुंची निगम की टीम पर महिला और पुरुषों ने बरसाए ईंट-पत्थर
20-Jun-2023 1:45 PM
अवैध निर्माण तोडऩे पहुंची निगम की टीम पर महिला और पुरुषों ने बरसाए ईंट-पत्थर

पुलिस से भी की झूमाझटकी, विरोध से बैरंग लौटी टीम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 20 जून।
अवैध निर्माण तोडऩे पहुंची दुर्ग नगर निगम की टीम पर कल लोगों ने ईंट-पत्थर से हमला कर दिया और जब पुलिस ने लोगों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने उनसे भी झूमाझटकी की। इसके बाद निगम की टीम अपनी कार्रवाई बीच में ही रोक कर बैरंग लौट गई।

ज्ञात हो कि दुर्ग नगर निगम के सहायक भवन अधिकारी गिरीश दीवान अपनी टीम के साथ कल दोपहर वार्ड 34 सरस्वती नगर स्थित कुंदरापारा में अवैध कब्जाधारियों का निर्माण तोडऩे गए थे। जैसे ही उन्होंने वहां अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया, गुस्साए लोगों ने वहां पड़े ईंट-पत्थरों से टीम पर अटैक कर दिया। महिलाओं ने निगम टीम के साथ गाली-गलौज भी की। 

महिला पुलिस बल ने महिलाओं को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने उनके साथ ही भी झूमाझटकी की। बस्ती के लोगों ने पुलिस वालों और निगम की टीम के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। मामला बढ़ता देख भवन अधिकारी ने कार्रवाई रोक दी और टीम को वापसी का आदेश दिया।
 बताया गया है कि जल्द ही अधिक पुलिस बल के साथ निर्माण को तोडऩे टीम फिर पहुंचेगी।

निगम के सहायक भवन अधिकारी गिरीश दीवान ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि कुंदरापारा में 12 लोगों ने शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण कर लिया है। निगम उन लोगों को तीन बार निर्माण हटाने का नोटिस दिया था। कुछ लोगों का आरोप है कि उन्हें एक ही बार नोटिस मिला। ये वे लोग हैं, जिन्होंने नया निर्माण किया है। जितने भी लोग यहां रह रहे हैं, उनको अटल आवास या बॉम्बे आवास में शिफ्ट किया जाएगा, उसके बाद यहां से हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news