राजनांदगांव

डोंगरगांव विस के सक्रिय नेता महेंद्र ने भी की दावेदारी
27-Aug-2023 4:16 PM
डोंगरगांव विस के सक्रिय नेता  महेंद्र ने भी की दावेदारी

दो बार के जिपं सदस्य ने ब्लॉक अध्यक्षों को आवेदन सौंपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 अगस्त।
जिला पंचायत सदस्य महेंद्र यादव ने डोंगरगांव विधानसभा क्षेत्र से दावेदारी की है। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ विधानसभा चुनाव 2023 के लिए सांगठनिक प्रक्रिया के तहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मुख्यालय डोंगरगांव में रोशन यदु एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डोंगरगढ़ के अध्यक्ष सुरेश सिन्हा को डोंगरगांव विधानसभा हेतु अपना निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र प्रस्तुत किया।

कांग्रेस के सक्रिय चेहरों में शामिल महेंद्र यादव संगठन में बड़ी जिम्मेदारियों का भी निर्वहन कर चुके हैं। वे कांग्रेस के जिला ओबीसी सेल महासचिव के साथ ही प्रदेश किसान कांग्रेस में महामंत्री रहे हैं। वहीं वर्ष 2017 से 2021 तक जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष का दायित्व उन्होंने संभाला है। छात्रसंघ की राजनीति से उनके राजनीतिक सफर की शुरूआत हुई। जिसके बाद वे एक के बाद एक चुनावी राजनीति में अपना धाक जमाते आए हैं। वर्ष 2005 में वे ग्राम पंचायत बोदेला के सरपंच चुने गए। 2015 में उन्होंने जिला पंचायत की राजनीति में कदम रखा और डोंगरगांव विधानसभा में आने वाले क्षेत्र क्र.14 से 10 हजार से अधिक मतों से चुनाव जीतकर आए। उन्होंने इस चुनाव में कड़ी प्रतिद्वंदिता में शिकस्त देकर अपनी पैठ साबित की।
वर्ष 2020 में उन्होंने दोबारा यहां से जिपं का चुनाव लड़ा और प्रतिद्वंदियों को परास्त करते 7 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। क्षेत्र में सक्रिय नेताओं में शुमार महेंद्र यादव ने अपनी गहरी पैठ बनाई है। वे लगातार लोगों के बीच मौजूद रहते हैं।

15 साल कांग्रेस के विपक्ष में रहते हुए भी उन्होंने कांग्रेस का झंडा बुलंद रखा। उनकी जिपं चुनावों में जीत साबित करती है कि वे अपना जनाधार बनाने में सफल साबित हुए हैं। उन्होंने क्षेत्र में बड़े प्रदर्शनों के माध्यम से पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की कुनीतियों को जनता के सामने लाने का प्रयास किया। उनके समर्थकों की तादाद भी क्षेत्र में काफी बेहतर है। इस बूते ही उन्होंने डोंगरगांव से अपनी दावेदारी को पुख्ता बताया है।

अपनी दावेदारी को लेकर उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीकों से निर्णय लेने वाले कांग्रेस संगठन ने प्रत्येक कार्यकर्ता को अवसर दिया है। क्षेत्र में अपने जनाधार पर विश्वास करते मैंने भी विधानसभा चुनाव में अपनी दावेदारी के लिए आवेदन प्रस्तुत किया है। संगठन के आला नेता इस पर अपना निर्णय लेंगे।

यह भी तय है कि हम दावेदारों में से टिकट चाहे, जिसे मिले डोंगरगांव क्षेत्र में उसकी जीत के लिए हर कार्यकर्ता पूरे समर्पण भाव से मेहनत करेगा और दोबारा बड़ी तादाद में सीटें जीतकर एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news