राजनांदगांव

जिला भाजपा अध्यक्ष के करीबी पूर्व पार्षद ने थामा कांग्रेस का दामन
11-Sep-2023 12:11 PM
जिला भाजपा अध्यक्ष के करीबी पूर्व पार्षद ने थामा कांग्रेस का दामन

 अध्यक्ष पटेल के गृह वार्ड में कांग्रेस ने लगाई सेंध 

राजनांदगांव, 11 सितंबर। चुनावी हलचल के बीच कांग्रेस ने जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश पटेल के गृह वार्ड में सेंध लगाते पूर्व पार्षद विट्टल पटेल को अपने पाले में लिया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समक्ष पूर्व भाजपा पार्षद विट्टल भाई पटेल ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। वहीं 50 से ज्यादा अन्य लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पूर्व पार्षद पटेल जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश  पटेल के करीबी माने जाते हैं। ऐसे में महापौर हेमा देशमुख के नेतृत्व में और कांग्रेस सरकार के प्रति समर्पण व्यक्त करते पटेल कांग्रेस में शामिल हो गए।

पटेल के इस रूख से भाजपा को करारा झटका लगा है। वहीं कांग्रेस से मिले झटके से पार्टी के भीतर खलबली मच गई है। कम समय में महापौर हेमा देशमुख के नेतृत्व में बड़ी संख्या में उनके समर्थकों की उपस्थिति दिखाई दी। महापौर हेमा देशमुख द्वारा गाजे-बाजे एवं आतिशबाजी के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का ऐतिहासिक स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री  द्वारा कमला कॉलेज चौक स्थित स्वामी विवेकानंद के मूर्ति में पुष्प अर्पित किया गया एवं पूर्व भाजपा पार्षद सहित 50 अन्य लोगों को भूपेश बघेल ने कांग्रेस का गमछा पहना कर कांग्रेस में प्रवेश दिलाया।विट्टल भाई पटेल कैलाश नगर से 2010 के भाजपा पार्षद थे और 2020 में पुन: भजपा के पार्षद प्रत्याशी थे एवं गुजराती समाज में अच्छी पकड़ रखते है। कुछ समय से वह पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के क्षेत्र में अनुपस्थिति और भाजपा के नीतियों से न खुश चल रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं महापौर हेमा देशमुख के सक्रियता और कार्यशैली से प्रभावित होकर कांग्रेस में प्रवेश लेने का फैसला लिया।

विट्टल पटेल के साथ महेश पटेल, मनोज पटेल, उमेश पटेल, अरविंद यादव, माधुर पटेल, जयेश पटेल, पीयूष पटेल,  मोहन   खाती एवं अन्य के साथ राजनांदगांव ग्रामीण से मगरलोटा से पंच पुत्र यश राजपूत और उनकी युवा टीम, सुरगी से सतनामी समाज प्रमुख राम कोसले, सिन्हा समाज से सौरभ सिन्हा एवं उनके साथीगण के साथ कुल 50 लोगों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की समीप अधिकृत रूप से कांग्रेस में प्रवेश किया स्वागत के दौरान  शहर कांग्रेस एवं ग्रामीण कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने राजनांदगांव से आई आवाज हेमा देशमुख जिंदाबाद एवं छत्तीसगढ़ से आई आवाज  भूपेश बघेल जिंदाबाद के जोशीले नारें लगाए। इस दौरान महापौर परिषद के सदस्य, पार्षद, वरिष्ठ कांग्रेसी, महिला कांग्रस अध्य्क्ष, युवा कांग्रेस एनएसयूआई, सेवादल अध्य्क्ष, अल्पसंख्यक कांग्रेस अध्य्क्ष एवं निगम मंडल आयोग के सदस्य एवं अन्य कांग्रेस के पदाधिकारियों की  उपस्थिति रही।

हेमा ने सीएम के समक्ष की दावेदारी प्रस्तुत 
महापौर हेमा देशमुख ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समक्ष अपनी प्रबल दावेदारी इस कार्यक्रम के साथ प्रस्तुत की है। स्वागत के दौरान सत्ता और संगठन के साथ कांग्रेस पार्टी में हेमा देशमुख के पक्ष में एकजुटता  दिखाई दी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा कोसरिया यादव समाज के कायक्रम में भी अप्रत्यक्ष रूप से हेमा देशमूख  को अधिक तवज्जो दी गई। कोसरिया यादव समाज के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के आगमन से उल्लास का माहौल बना रहा। 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news