राजनांदगांव

गौपालन न केवल हमारी धार्मिक आस्था से बल्कि अर्थव्यवस्था से भी जुड़ा है - बघेल
11-Sep-2023 3:14 PM
गौपालन न केवल हमारी धार्मिक आस्था से बल्कि अर्थव्यवस्था से भी जुड़ा है - बघेल

मुख्यमंत्री ने यादव समाज के पदाधिकारियों को दिलाई शपथ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 सितंबर।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार को पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम राजनांदगांव में जिला नगर कोसरिया यादव महासभा राजनांदगांव द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण जनमाष्टमी महोत्सव एवं शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री का खुमरी पहनाकर पारंपरिक रूप से अभिनंदन किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री बघेल ने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री बघेल ने समाज के नवपदस्थ पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। 

उन्होंने कहा कि यादव समाज मेहनतकश समाज है और हमेशा गौमाता की सेवा करते आए हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने जो राह बताई है, उसका अनुकरण करते आज भी चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि गौपालन न केवल हमारी धार्मिक आस्था से, बल्कि अर्थव्यवस्था से भी जुड़ा हुआ है। खेती-किसानी से जुड़े होने के कारण गौपालन का विशेष महत्व रहा है। वर्तमान समय में औद्योगिकीकरण के कारण परिस्थिति बदली है। शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी की जा रही है। इस योजना से एक ओर गौ सेवा तो हुई है। वहीं गौपालकों ने 2 लाख रूपए तक के गोबर की बिक्री की है। 

उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में 6 हजार गौठानों के लिए 23 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है। प्रदेश में 10 हजार से अधिक गौठान है, जिनमें से 6 हजार गौठान स्वावलंबी हो गए है। इन गौठानों में 3 करोड़ रुपए की राशि गौठान समिति द्वारा गोबर खरीदी के लिए दी गई। वहीं शासन द्वारा 2 करोड़ रुपए की राशि दी गई। गौठान समिति के माध्यम से गौठान धीरे-धीरे स्वावलंबी बनते जा रहे हैं और यह व्यवस्था हमेशा चलती रहेगी। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही गौमूत्र की खरीदी भी की जा रही है। जिससे जीवामृत एवं कीटनाशक बनाए जा रहे हैं।

छत्तीसगढ़ प्रांतीय कोसरिया यादव समाज अध्यक्ष राधेलाल यादव ने कहा कि शासन द्वारा नरवा, गरवा, घुरवा और बाड़ी योजना और गोधन न्याय योजना से समाज को बहुत फायदा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा गोबर और गौमूत्र खरीदी से गौपालकों फायदा हुआ है। जिला अध्यक्ष कोसरिया यादव समाज महासमुंद विनोद यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति  एवं परंपराओं को सहेजने का कार्य किया है। 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री बघेल ने जिले के सर्वाधिक गोबर बेचने वाले 4 गौपालकों और फसल चराई से बचाने रोका-छेका अभियान में सर्वाधित सहयोग करने वाले 12 चरवाहों को शाल-श्रीफल देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। 

इस अवसर पर  दलेश्वर साहू, हेमा देशमुख, धनेश पाटिला, जितेन्द्र मुदलियार, नवाज खान,  हफीज खान, भोलाराम साहू, निखिल द्विवेदी, श्रीकिशन खंडेलवाल, हरिनारायण धकेता, कुलबीर छाबड़ा,  डोमन सिंह,  अभिषेक मीणा, जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार, अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन प्रताप सिंह, एसडीएम राजनांदगांव अरूण वर्मा,  कोसरिया यादव समाज के लोग उपस्थित थे।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news