राजनांदगांव

तीजा मनाने मां संग ननिहाल आया युवक नदी में बहा
23-Sep-2023 1:11 PM
तीजा मनाने मां संग ननिहाल आया युवक नदी में बहा

 24 घंटे बाद भी रेस्क्यू कर रहे गोताखोरों को नहीं मिली सफलता

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

राजनांदगांव, 23 सितंबर। डोंगरगांव शहर से सटे बगदई स्थित घुमरिया नदी में नहाने के दौरान बहे एक युवक की पतासाजी कर रही रेस्क्यू टीम को अब तक सफलता नहीं मिली है। 24 घंटे गुजर जाने के बाद भी एसडीआरएफ और लोकल गोताखोरों की संयुक्त टीम युवक की पतासाजी के लिए नदी में भरसक  कोशिश कर रही है। बताया जा रहा है कि गोताखारों ने अब नदी के दूसरे हिस्से में खोजबीन शुरू की है।  

मिली जानकारी के मुताबिक बगदई से गुजरने वाली घुमरिया नदी में 17 साल के मिथलेश यादव शुक्रवार सुबह नहाने के लिए गया था। नहाते हुए अचानक वह गहरे पानी में चला गया। तेज बहाव होने के कारण वह पानी के अंदर चला गया। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटा, तब परिजनों ने नदी के तट पर पहुंचकर खोजबीन शुरू की। इस दौरान युवक का कपड़ा नदी के किनारे मिला। इसे देखकर पानी में बहने का अंदेशा जाहिर करते गांव वालों को सूचना दी गई। इस बीच गोताखोरों को भी मौके पर बुलाया गया। इसके बाद रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया गया। कल पूरे दिन गोताखोर नदी के हर हिस्से में युवक की पतासाजी के लिए छलांग लगाते रहे। तेज बहाव होने के कारण युवक का पता लगाना गोताखोरों के लिए चुनौती बन गई।

उधर बेटे के पानी में डूबने की खबर से मां चंपाबाई यादव का हाल बुरा है। बताया जा रहा है कि युवक अपनी मां के संग तीजा मनाने के लिए ननिहाल आया था। मूलत: वह डोंगरगढ़ के चौथना का रहने वाला है। कल पूरे दिन लगभग 7 से 8 घंटे खोजबीन करने के बावजूद गोताखोरों को सफलता नहीं मिली। गोताखोरों ने शनिवार सुबह फिर से नदी में युवक की तलाश शुरू की। दुर्ग से पहुंची एसडीआरएफ के जवान लगातार युवक की खोज में जुटी हुई है। घुमरिया नदी और शिवनाथ नदी के संगम स्थल में भी जवान लगातार डुबकी लगाकर युवक को खोजने जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि पानी की धार तेज होने के कारण खोजबीन में जवानों को दिक्कतें खड़ी हो रही है। बोट के सहारे से नदी के सभी दिशाओं में तलाशी अभियान जारी है।  

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news