रायपुर

साल भर में औसतन हर रोज धोखाधड़ी का एक शिकार हुआ
03-Jan-2024 8:59 PM
साल भर में औसतन हर रोज धोखाधड़ी का एक शिकार हुआ

पुलिस का दावा-चोरी, लूट डकैती और हत्या के प्रयास में कमी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 जनवरी। राजधानी जिला पुलिस ने बुधवार को साल 2023 के अपराध और उनके आरोपियों को गिरफ्तार किया है । पुलिस ने चोरी, लूट डकैती,धोखाधड़ी, हत्या और हत्या के प्रयास जैसे सभी मामलों में दहाई अंकों में कमी का दावा किया है । इस दौरान साल के 365  दिनों में कुल 342 मामले धोखाधड़ी के दर्ज किए गए ।

 वर्ष 2023 में हत्या के 63 प्रकरण दर्ज किये गये, जिसमें 58 प्रकरणों में कुल 124 हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है। वर्ष 2022 में हत्या के 75 मामले दर्ज हुए थे। इस प्रकार गत वर्ष की तुलना में वर्ष 2023 में हत्या के मामलों में 16 प्रतिशत की कमी आई है।

वर्ष 2023 में हत्या के प्रयास के 90 मामलों में से 80 प्रकरणों में कुल 217 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है। वर्ष 2022 में हत्या के प्रयास के 124 प्रकरण दर्ज हुए थे। गत वर्ष की तुलना में वर्ष 2023 में हत्या के प्रयास के मामलों में 27.41 प्रतिशत की कमी आई है।

वर्ष 2023 में दुष्कर्म के 214 मामले दर्ज हुए हैं। गत वर्ष 268 मामलें दर्ज किये गये थे। वर्ष 2023 में दुष्कर्म के मामलों में वर्ष 2022 की तुलना में 19.55 प्रतिशत की कमी आई है।

वर्ष 2023 में शीलभंग के 157 प्रकरण दर्ज हुए है। गत वर्ष 170 मामले दर्ज किये गये थे। गत वर्ष की तुलना में वर्ष 2023 में शीलमंग के मामलों में 7.64 प्रतिशत की कमी आई है।

वर्ष 2023 में उपेक्षापूर्ण कार्य से मृत्यु के 547 मामले दर्ज किये गये है, जबकि गत वर्ष कुल 826 मामले दर्ज किये गये थे। इस प्रकार गत वर्ष की तुलना में वर्ष 2023 में उपेक्षापूर्ण कार्य से मृत्यु के मामलों में 12.81 प्रतिशत की कमी आई है।

वर्ष 2023 में डकैती के 05 प्रकरणों में से सभी 05 प्रकरणों में आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त करते हुए कुल 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वर्ष 2022 में 07 प्रकरणों में 47 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। विगत वर्ष की तुलना में डकैती के मामलों में वर्ष 2023 में 28.57 प्रतिशत की कमी आई है।

वर्ष 2023 में लूट के कुल 87 मामलों में 180 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है। वर्ष 2022 में कुल 110 प्रकरण दर्ज किये गये थे। लूट के मामलों में गत वर्ष की तुलना में वर्ष 2023 में 20.94 प्रतिशत की कमी आई है।

वर्ष 2023 में चोरी के 1587 प्रकरण दर्ज हुए हैं। जबकि पिछले वर्ष 1966 मामले दर्ज किये गये थे, इसी प्रकार वर्ष 2023 में नकबजनी के 505 मामले दर्ज किये गये हैं जबकि पिछले वर्ष 630 मामले दर्ज हुए थे। इस प्रकार गत वर्ष की तुलना में वर्ष 2023 में चोरी एवं नकबजनी के मामलों में क्रमश: 19.27 प्रतिशत एवं 19.84 प्रतिशत की कमी आई है।

 वर्ष 2023 में धोखाधड़ी के कुल 342 प्रकरण दर्ज किये गय है। जबकि गत वर्ष 2022 में कुल 350 प्रकरण दर्ज हुए थे। गत वर्ष की तुलना में वर्ष 2023 में धोखाधड़ी के मामलों में 4.73 प्रतिशत की कमी आई है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news