दुर्ग

कांग्रेस नेता और सफाई सुपरवाईजर के खिलाफ छेड़छाड़ का जुर्म दर्ज
15-Jan-2024 6:23 PM
 कांग्रेस नेता और सफाई सुपरवाईजर के खिलाफ छेड़छाड़ का जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 15 जनवरी। भिलाई निगम की महिला सफाई कर्मियों ने सुपरवाइजर गणेश कुमार, कांग्रेस नेता रॉबिन सिंह पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है जिसकी प्राथमिक जांच बाद जामुल पुलिस ने धारा 354 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।

ज्ञात हो कि भिलाई नगर निगम की पीडि़त बहनें और उनकी मां निगम क्षेत्र में सफाई करते हैं। पुलिस दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच में जुट गई है, जहां आरोपियों ने पुलिस द्वारा उन्हें जबरन फंसाने की बात कही जा रही है, वहीं महिलाओं ने जामुल पुलिस पर बयान बदलवाने और दबाव बनाने का आरोप लगाया है।

आरोप है कि वो आए दिन दोनों बहनों के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करते हैं। गणेश उनसे कहता है कि उसके घर पर कोई नहीं है, वो दोनों वहां चलकर उनकी मर्जी से काम करें। उसके साथ शारीरिक संबंध बनाएं। उनका कहना है कि उसके वार्ड में सभी सफाई कर्मी उम्र दराज हैं, वहीं दोनों युवा हैं, इसलिए उनसे वो अपनी मर्जी का काम लेगा। जब महिलाओं ने उसके घर जाने से मना किया, तो उसने उन्हें काम से निकाल देने की धमकी दी। इसके बाद भी जब वो नहीं मानी तो वैशाली नगर जोन के सफाई कर्मियों के जोनल मधु और साहिल उन्हें परेशान करने लगे। उन्होंने कहा कि वो गणेश की बात मानेंगी तो खुश रहेंगी, नहीं तो इसी तरह परेशान रहेगी।

कल शिकायत करने पहुंची महिला देर रात अचानक जामुल थाने में बेहोश हो गई। उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां कुछ देर इलाज के बाद वो ठीक हुईं। उनका आरोप है कि वो अपनी बहन और मां के साथ शाम को थाने पहुंची थी, तब से लेकर देर रात तक पुलिस ने शिकायत लिखने की बजाय उन पर अलग-अलग तरीके से दबाव बनाती रही।

जामुल पुलिस का कहना है कि उन्होंने जब महिला का बयान लिया तो उसने रॉबिन सिंह का नाम शारीरिक शोषण में नहीं लिया। उसके बाद अचानक वो रॉबिन सहित चार लोगों का नाम लेने लगी। महिलाओं को केवल इतना कहा गया वो उन्हीं के खिलाफ शिकायत करें, जिन्होंने उनके साथ गलत किया है।

जामुल टीआई ने बताया कि गणेश और रॉबिन के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया गया है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news