दुर्ग

जनदर्शन में 134 आवेदन, दिव्यांग को ट्रायसायकल
16-Jan-2024 3:45 PM
जनदर्शन में 134 आवेदन, दिव्यांग को ट्रायसायकल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 16 जनवरी। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी द्वारा जिले का कमान संभालने के बाद से जनदर्शन में फरियाद करने वालों की भीड़ बढऩे लगी है। जनदर्शन में कलेक्टर के समक्ष जन सामान्य की ओर से आज 134 आवेदन सौंपे गए समस्या से निजात की उम्मीद लेकर प्रति सोमवार को लगने वाले कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन करने लोग कलेक्ट्रेट पहुंच रहे।

जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर ने जिले के विभिन्न स्थानों से आवेदन लेकर पहुंचें लोगों की समस्याएं सुनी और संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई करने के लिए आवश्यक पहल करने निर्देशित किया। जनदर्शन में ट्रायसायकल प्रदाय करने आवेदन लेकर पहुंचे कुम्हारी निवासी दिव्यांग को तत्काल ट्राय सायकल प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि वह अत्यंत गरीब तथा असहाय है, जिसके चलते उसे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कलेक्टर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरेश गेंडरे को समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगता प्रमाण पत्र के आधार पर तत्काल ट्रायसायकल प्रदान कराया। व्हीलचेयर मिलने पर सुरेश गेंडरे ने खुशी जाहिर की।

 ग्राम खम्हरिया निवासी  बलीराम देवांगन वृद्धा पेंशन दिलाने की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि उम्र अधिक होने के कारण किसी प्रकार की रोजी मजदूरी करने में असमर्थ हूॅ। अगर वृद्धा पेंशन मिलता तो भरण-पोषण में सहायता मिल जाती।

 इसी प्रकार भिलाई के एक आवेदक ने आवास आबंटन के लिए आवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि वह पैरों से विकलांग है तथा पूरी तरह से अपने परिवार पर आश्रित है। पत्नी काम करती है, जिससे घर का जीवन यापन चलता है। आवास नही होने के कारण साले के घर में रहना पड़ता है।

 गरीबी रेखा के तहत किसी भी प्रकार की सरकारी योजना का लाभ प्राप्त नही हो पा रहा है। इस पर कलेक्टर ने समाज कल्याण को आवश्यक कार्रवाई करने कहा।

 वहीं संतोषी पारा वार्ड नम्बर 33 केम्प 2 भिलाई निवासियों ने बताया कि उप स्वास्थ्य केन्द्र में डॉक्टर मौजूद नहीं होने कारण महिलाओं को बच्चे के टीकाकरण एवं अन्य उपचारों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व में जो डॉक्टर उपस्थित थे उनका स्थानांतरण हो गया है। विगत एक माह से डॉक्टर पदस्थ नहीं है। उप स्वास्थ्य केन्द्र में मरीजों का आना-जाना हमेशा लगा होता है। यहां पेयजल एवं शौचालय की सुविधा नहीं होने के कारण कार्यरत लोगों एवं मरीजों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस पर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news