राजनांदगांव

भगवामय हुआ राजनांदगांव शहर गली-चौराहे तोरन-बैनर से पटे
17-Jan-2024 3:00 PM
भगवामय हुआ राजनांदगांव शहर गली-चौराहे तोरन-बैनर से पटे

रोज निकल रही प्रभातफेरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 जनवरी।
अयोध्या में भगवान राम की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर राजनांदगांव शहर में भी धार्मिक उत्साह का माहौल है। श्रीराम लला की स्थापना के दिन का हर वर्ग को बेसब्री से इंतजार है। शहर के गली-मोहल्लों से लेकर चौक-चौराहे भगवामय हो चुके हैं। शहर के राम मंदिरों को आकर्षक रूप देने के लिए सजाया गया है। 

आलम यह है कि इस अवसर से व्यापारिक गतिविधि में भी तेजी आई है। दुकानों में भगवा झंडों की मांग बढ़ गई है। लोग पूजा-अर्चना के सामान की भी खरीददारी में जुटे हुए हैं। शहर के हर मुख्य मार्ग में तोरण लगाए गए हैं। आगामी 22 जनवरी को शहर में 5 लाख दीये प्रज्जवलित करने की भी तैयारी है। शनिदेव धाम समिति के अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अगुवाई में व्यापक स्तर पर तैयारी चल रही है। 

अयोध्या में आगामी 22 जनवरी को भगवान श्रीराम लला की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर शहर में भी उत्साह और उमंग का माहौल निर्मित हो गया है। धार्मिक संगठनों द्वारा शहर के मुख्य मार्गों को भगवा ध्वज, स्वागत द्वार और होर्डिंग्स से सजाया गया है। साथ ही बाइक रैली व शोभायात्रा भी निकाली जा रही है। इसके अलावा सामूहिक रूप से सुंदरकांड पाठ और भजन संध्या का भी आयोजन किया जा रहा है। सनातन धर्म के पदाधिकारियों द्वारा 22 जनवरी को यादगार बनाने की तैयारी में जुट गए हैं। उनके द्वारा लगातार बैठकें कर आयोजनों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। साथ ही उन्हें जमीनी स्तर पर क्रियान्वित किया जा रहा है। वार्डों में सुबह प्रभातफेरी निकाली जा रही है। साथ ही हर वर्ग के नागरिक इस आयोजन में शामिल हो रहे हैं। 

शहर के अलग-अलग वार्डों के गली-मोहल्लों में  इस दिन को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी चल रही है। वार्ड स्तर पर धार्मिक कार्य आयोजित किए जा रहे हैं। घर-घर अक्षत के साथ अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का न्यौता देने का अभियान अंतिम दौर में पहुंच गया है। जन-जन से 22 जनवरी को दिवाली मनाने की अपील की जा रही है। शहर के मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर को आकर्षक रूप दिया जा रहा है।

दिग्विजय स्टेडियम  में भी रौशनी की जा रही है। शहर के अलग-अलग मंदिरों शीतला मंदिर, बर्फानी सिद्धपीठ, राम-लक्ष्मण मंदिर मिलचाल को भी तोरण-पताका से सजाया गया है।  इन मंदिरों में भी 22 जनवरी को अभिजीत मुहूर्त में  विशेष पूजा-अर्चना और यज्ञ अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा।  जिसमें बड़ी संख्या में भक्तगण शामिल होंगे। धार्मिक संगठनों के अलावा नागरिकों ने 22 जनवरी को दीपोत्सव मनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके अलावा धार्मिक संगठनों द्वारा मंदिरों में दीप प्रज्जवलित किए जाने की तैयारी है। वहीं स्टेडियम और अन्य स्थानों में लाखों की संख्या में दीयों की रौशनी की जाएगी।

5 लाख दीप प्रज्जवलन की तैयारी
संस्कारधानी सनातनी धर्म सेवा परिवार द्वारा अयोध्या में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं। इधर 20 से 22 जनवरी तक संस्कारधानी के अलग-अलग स्थानों में भव्य रूप से दीप प्रज्जवलन की तैयारी चल रही है। आगामी 20 जनवरी को शाम 6.30 बजे मानव मंदिर चौक से जयस्तंभ चौक मार्ग तथा 21 जनवरी को शाम 6.30 से भारत माता चौक से गंज लाईन मार्ग पर भव्य दीप प्रज्जवलन किए जाएंगे। वहीं 22 जनवरी को शाम 6.30 से 8 बजे तक दिग्विजय स्टेडियम में भी बड़ी संख्या में दीप प्रज्जवलन की तैयारी की जा रही है। इधर आयोजन की तैयारी को लेकर संस्कारधानी सनातनी धर्म सेवा परिवार के पदाधिकारी और पुलिस अफसरों ने बुधवार को शहर के अलग-अलग स्थानों में निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस अफसरों और धर्मसेवा परिवार के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्जवलन की तैयारी को लेकर आपसी सहमति से उक्त आयोजन को सफल बनाने जुटे हुए हैं।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news