महासमुन्द

इंडियन आइडल फेम और लेजर शो होगा मुख्य आकर्षण, पहली बार महानदी आरती
18-Feb-2024 2:49 PM
इंडियन आइडल फेम और लेजर शो होगा मुख्य आकर्षण, पहली बार महानदी आरती

सिरपुर महोत्सव की तैयारी जोरों पर, कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 फरवरी।
ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पुरातात्विक नगरी सिरपुर में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव की  तैयारियां जोरों पर है। कलेक्टर प्रभात मलिक ने इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए  हैं।

जिला पंचायत सीईओ को नोडल अधिकारी एवम अनुविभागीय अधिकारी उमेश साहू  सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा अन्य संबंधित अधिकारियों को सफल आयोजन के लिए दायित्व सौंपे गए हैं। कलेक्टर प्रभात मलिक कल शाम सिरपुर स्थल पहुंच कर सिरपुर महोत्सव के आयोजन के लिए की जा रही तैयारियों का पुन: जायजा लिया। उन्होंने सिरपुर अंतर्गत विभिन्न स्थलों का मुआयना करते हुए सुव्यवस्थित आयोजन के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर श्री मलिक ने  तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव में साफ-सफाई, पार्किंग, शौचालय, पेयजल आदि की चाक चौबंध व्यवस्था  के लिए की जा रही तैयारी का जायजा लिया।

उन्होंने मुख्य मंच तक पहुंचने के लिए पर्याप्त जगह छोडऩे तथा व्यवस्थित बाजार व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने  महोत्सव के दौरान सिरपुर सहित स्थानीय व्यवसायियों को दुकान आबंटन के लिए प्राथमिकता दी जाएगी।

इस महोत्सव में स्थानीय एवं छत्तीसगढ़ी स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा बिखरेगी। इसके लिए प्रदेश के ख्याति प्राप्त लोक कला मंचों से सम्पर्क किया जा रहा है। राज्य के ख्यातिनाम कलाकारों में सुप्रसिद्ध गायिका आरू साहू, प्रख्यात गायक सुनील सोनी सहित अन्य कलाकारों से  संपर्क किया जा रहा है। वहीं इंडियन आइडल फेम अभिजीत सांवत द्वारा भी प्रतुति देने की संभावना है। इसके अलावा सांस्कृतिक और ऐतिहासिक नगरी सिरपुर के पुरातात्विक इतिहास को लेजर शो के माध्यम से दिखाने की तैयारी चल रही है। 

महोत्सव के दौरान पहली बार महानदी आरती आयोजन किया जाएगा, इसके लिए भी  तैयारी निर्देश दिए गए हैं। विभिन स्थलों में स्वागत गेट भी लगाया जाएगा। मंदिरों में आकर्षक लाइटिंग की जायेगी।कलेक्टर ने महोत्सव स्थल में स्थाई रूप से बाजार शेड और अन्य विकास कार्यों के लिए भी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि प्रतिदिन शाम 4 से  6 बजे तक स्थानीय लोक कलाकारों को अवसर दिया जाएगा। कलेक्टर श्री मलिक ने विभिन्न स्थलों का जायजा लेते हुए कहा कि इस बार श्रद्धालुओं के स्नान के लिए कुंड भी बनाया जाएगा। 

उन्होंने सडक़ों में लगे स्ट्रीट लाईट में लाईटिंग करने के निर्देश दिए हैं। महोत्सव परिसर के अंतर्गत सडक़ों का मरम्मत करने कहा गया। इस मौके पर एसडीएम महासमुंद उमेश साहू,  लोकनिर्माण के ईई श्री चंद्राकर, आरईएस, सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news