राजनांदगांव
कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व सीएम बघेल ने भाजपा सरकार की खामियां गिनाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 मार्च। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य की भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा करते दावा किया कि छत्तीसगढ़ की जनता सरकार से बेहद तंग है। समूचे राज्य में योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने में विष्णुदेव सरकार नाकाम रही है।
पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि महतारी वंदन योजना एक लोकलुभावन योजना है। यह सिर्फ लोकसभा चुनाव के मद्देनजर लांच की गई है। प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को लोकसभा चुनाव में जीतने के इरादे से राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि चुनाव निपटने के बाद यह योजना दम तोड़ देगी। पूर्व सीएम ने अपनी बात रखते हुए कहा कि भाजपा सरकार की नीति और नियत छत्तीसगढ़ की जनता के लिए बनाई गई योजनाओं से मेल नहीं खा रही है।
पत्रकारवार्ता में गिरीश देवांगन, हेमा देशमुख, कुलबीर छाबड़ा, सुनील आनंद शुक्ला, इंद्रशाह मंडावी, छन्नी साहू, शाहिद भाई, निखिल द्विवेदी, रूपेश दुबे, आसिफ अली समेत अन्य लोग शामिल थे।
राजनांदगांव लोकसभा के कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर पहली बार शहर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने भाजपा सरकार की खामियों को गिनाते हुए कहा कि हर योजना के लिए हितग्राहियों को तारीख दिया जा रहा है। तीन महीने के भीतर भाजपा सरकार जनता के लिए परेशानी का कारण बन गई है।
उन्होंने कहा कि किसानों को कांग्रेस सरकार ने दो घंटे के भीतर कर्जमाफी और बोनस राशि का वितरण कर दिया था, लेकिन यह सरकार किसानों को उनके हक से दूर कर रही है। कांग्रेस उम्मीदवार की हैसियत से बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने राजनंादगांव संसदीय क्षेत्र में ताबड़तोड़ दौरा किया। राजनांदगांव के विकास में ढ़ेरों योजनाओं के लिए राशि देने में कोई कमी नहीं की।
बघेल ने रविवार को स्थानीय मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि वह अपने मुख्यमंत्रित्व काल में किए गए कार्यों के आधार पर जनता के बीच जाएंगे। राजनांदगांव लोकसभा से विजयी होने पर क्षेत्र के विकास के लिए संसद में पूरे दमदारी के साथ आवाज उठाएंगे।