दुर्ग

संविधान बदलने के कांग्रेस के आरोपों को भाजपा नेताओं ने बताया झूठा
02-May-2024 2:51 PM
संविधान बदलने के कांग्रेस के आरोपों को भाजपा नेताओं ने बताया झूठा

कहा कांग्रेस ने सर्वाधिक 80 बार संविधान में किए हंै संशोधन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 2 मई। देश का संविधान बदलने के कांग्रेस के आरोपों को भाजपा ने सिरे से खारिज कर दिया है। इसे लेकर बुधवार को गंजपारा स्थित भाजपा के मुख्य लोकसभा चुनाव कार्यालय में अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता केदार गुप्ता व मुकेश शर्मा ने संयुक्त रूप से मीडिया से चर्चा में कांग्रेस को जमकर घेरा।

अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने चर्चा में कहा कि भाजपा ने कभी नहीं कहा है कि हम संविधान बदलेंगे। छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी भाजपा पर संविधान बदलने का आरोप लगाकर जनता में भ्रम फैला रहे है, जबकि वास्तविकता यह है कि कांग्रेस सरकार ने अपने पूर्व कार्यकाल मेंं सर्वाधिक 80 बार संविधान में संशोधन किए है। जिसमें डॉ. मनमोहन सिंह सरकार ने 30 बार और इंदिरा गांधी सरकार ने 25 बार व पंडित जवाहरलाल नेहरु की कांग्रेस सरकार ने 16 बार संविधान में संशोधन कर चुकी है। इंदिरा गांधी सरकार ने अपनी कुर्सी बचाने संविधान में संशोधन कर संविधान का उपहास उड़ाया था। डॉ.बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान में स्पष्ट है कि इसकी मूल स्वरुप से छेड़छाड़ नहीं की जा सकती है, लेकिन कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर संविधान की हत्या कर दी थी।

श्री कोर्सेवाड़ा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। इसलिए वह निराधार  ल व झूठा आरोप लगा रही है। भाजपा ने सबका साथ-सबका विकास की भावना के साथ सभी वर्गों के लिए कई जनकल्याणकारी कार्य किए है। जिसे जनता जानती व समझती है।

 चर्चा में प्रदेश भाजपा प्रवक्ता केदार गुप्ता ने कहा कि देश के संविधान में कुल 106 बार संशोधन किए गए है। जिसमें कांगे्रस ने सबसे ज्यादा 80 बार संशोधन किए है। कांग्रेस ने हमेशा संविधान के मूल भावनाओं के साथ छेड़छाड़ कर लोकतंत्र का मजाक बनाया है। भाजपा अगर संविधान का संशोधन करेगी, तो वह राष्ट्रहित में संशोधन होगा, लेकिन लोगों के मौलिक अधिकार कभी छिने नहीं जाएंगे।

 प्रदेश भाजपा प्रवक्ता केदार गुप्ता ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े पर भगवान शिव व राम के कथा का आपत्तिजनक वर्णन करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस प्रत्याशी शिव डहरिया को शिव और भाजपा प्रत्याशी को भाजपा के राम के साथ लड़ाई होने की बात श्री खडग़े ने चुनावी सभा में कही थी, उनके इस बयान पर श्री गुप्ता ने श्री खडग़े से पूछा है कि शिव व राम की लड़ाई का उल्लेख किस पौराणिक ग्रंथ में हुआ है ?

श्री गुप्ता ने कहा है कि शिव व राम की लड़ाई की बात कहने का अधिकार श्री खडग़े को किसने दिया है। जो कांग्रेस रामसेतू को काल्पनिक बताती है, ऐसे कांग्रेस से और क्या अपेक्षा की जा सकती है। श्री गुप्ता ने स्पष्ट रुप से कहा कि कांग्रेस का नेतृत्व करने वाला गांधी परिवार उन्हीं को अपना उत्तराधिकारी बनाते है, जो सनातन धर्म का विरोध करते है।

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता केदार गुप्ता ने  कांग्रेस पर महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाया है। उन्होने कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता राधिका खेड़ा के साथ राजीव भवन रायपुर में घटित घटना को महिला अपमान का बड़ा प्रमाण बताया है। महिलाओं को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाना भाजपा के प्राथमिकता में रही है। छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना ने महिलाओं को आर्थिक रुप से सक्षम बनाया है। यह मोदी की गारंटी व विष्णुदेव साय की सुशासन का परिणाम है कि छत्तीसगढ़ तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मीडिया से चर्चा के दौरान दुर्ग जिला भाजपा प्रवक्ता और पूर्व सभापति दिनेश देवांगन भी मौजूद थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news