रायपुर

रायपुर स्मार्ट सिटी फंड में भ्रष्टाचार का आरोप, केंद्रीय मंत्री से मिला भाजपा प्रतिनिधि मंडल
07-Feb-2021 6:16 PM
रायपुर स्मार्ट सिटी फंड में भ्रष्टाचार का आरोप, केंद्रीय मंत्री से मिला भाजपा प्रतिनिधि मंडल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 फरवरी।
भाजपा ने रायपुर स्मार्ट सिटी के अंतर्गत यहां हो रहे विकास कार्यों में भारी भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी से की है। उन्होंने कहा है कि स्मार्ट सिटी के अंतर्गत हो रहे विकास कार्यों की जांच कराई जाए, तो बड़ी गड़बड़ी सामने आ सकती है। केंद्रीय मंत्री श्री पुरी ने पार्षद दल की शिकायत सुनने के बाद उन्हें जांच का भरोसा दिलाया है।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, पूर्व मंत्री राजेश मूणत, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी की उपस्थिति में भाजपा का एक प्रतिनिधि मंडल आज केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी से मिला। प्रतिनिधि मंडल में मृत्युंजय दुबे, मीनल चौबे समेत कई भाजपा पार्षद भी शामिल रहे। प्रतिनिधि मंडल ने केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर रायपुर स्मार्ट सिटी के अंतर्गत हो रहे विकास कार्यों और उसमें अनियमितता के बारे में बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि रायपुर स्मार्ट सिटी के अंतर्गत केंद्रीय फंड से जो विकास कार्य कराए जा रहे हैं उसमें भारी गड़बड़ी सामने आ रही है। खासकर नाली-सडक़ के काम में भारी अनियमितता की शिकायत है। 

पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कल इसी मुद्दे पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए स्मार्ट सिटी फंड से हो रहे विकास कार्यों में भारी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। 
उन्होंने कहा था कि 10 करोड़ सडक़ के नाम से स्वीकृत की गई लेकिन इसमें यह नहीं बताया गया कि कहां और कौन सी जगह पर सडक़ बननी है। दूसरी तरफ इसी राशि से गलियों में नाली का काम कराया जा रहा है। इसी तरह और भी विकास कार्यों में गड़बड़ी सामने आ रही है। 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news