ताजा खबर

बीएसपी के ठेका मजदूर ने लगाई फांसी
23-Sep-2022 1:53 PM
बीएसपी के ठेका मजदूर ने लगाई फांसी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 23 सितंबर।
भिलाई इस्पात संयंत्र के कोक ओवन बैटरी क्रमांक 8 के पास ही एक खंडहर नुमा भवन है, जिसका उपयोग कर्मचारी कपड़ा बदलने के लिए करते हैं।
जानकारी के मुताबिक ठेका एजेंसी विनय इंडिया कंपनी का कर्मचारी मोहनलाल (37 वर्ष) निवासी जोरातराई आज सामान्य पाली में सुबह 8 बजे के करीब ड्यूटी पर पहुंचा। वह सीधे कार्यस्थल जाने की बजाय इस खंडहर भवन में पहुंच गया।

बताया जाता है कि करीब 9 बजे इस खंडहर में उक्त ठेका श्रमिक का शव फंदे पर लटकता मिला है। युवक ने खंडहर में लगे एक हुक में ही अपने कपड़े से फांसी लगा ली थी। इसकी जानकारी लगने के बाद विभाग में हडक़ंप मच गया। आनन-फानन में इसकी सूचना आला अधिकारियों को तथा ठेका एजेंसी के अधिकारियों को भी दी गई। मौके पर मौजूद लोगों ने भट्टी थाने में भी फोन कर इसकी सूचना दी।

सूचना के बावजूद भट्टी थाने से 1 बजे तक पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंच पाई थी। इसे लेकर कर्मचारियों में आक्रोश की स्थिति बन गई। कर्मचारियों का कहना था कि सूचना के बावजूद अब तक पुलिस नहीं पहुंची है जबकि शव सुबह से ही फंदे पर लटका है। कर्मचारियों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर सीआइएसएफ के जवानों ने घेराबंदी कर दी और किसी को भी घटनास्थल पर जाने नहीं दिया जा रहा था। दोपहर 1.30 बजे के करीब भट्टी थाना से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इसके बाद आवश्यक जांच कार्यवाही करते हुए शव को नीचे उतारा गया। आत्महत्या का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। मृत ठेका श्रमिक के परिजनों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। भट्टी पुलिस का कहना है कि मामले में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news