राष्ट्रीय

भाजपा सरकार लोकतंत्र का सम्मान नहीं करती, कर रही केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग: खड़गे
16-Oct-2022 5:47 PM
भाजपा सरकार लोकतंत्र का सम्मान नहीं करती, कर रही केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग: खड़गे

बेंगलुरू, 16 अक्टूबर | कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव से एक दिन पहले कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। पार्टी कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए खड़गे ने केंद्र सरकार पर जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करने और कांग्रेस शासित राज्यों में सरकारों को गिराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार को आरएसएस का समर्थन प्राप्त है।

मध्य प्रदेश, गोवा और मणिपुर जैसे राज्यों में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकारों को अस्थिर करने के लिए मोदी सरकार को दोषी ठहराते हुए, खड़गे ने भाजपा का मुकाबला करने और देश में लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक मजबूत विपक्ष की आवश्यकता पर जोर दिया।

एआईसीसी अध्यक्ष चुनाव के लिए मतदान सोमवार को होना है, जिसके लिए कर्नाटक में पार्टी के 494 पदाधिकारी मतदान के पात्र हैं।

खड़गे ने शशि थरूर के खिलाफ चुनाव लड़ने को 'दोस्ताना लड़ाई' करार देते हुए कहा कि वह पार्टी को मजबूत करने के लिए एआईसीसी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।
 
चुनाव प्रचार के दौरान थरूर द्वारा की गई टिप्पणियों का जवाब नहीं देने का जिक्र करते हुए, खड़गे ने सभी स्तरों पर पार्टी को मजबूत करने के लिए सामूहिक नेतृत्व की आवश्यकता पर जोर दिया।(आईएएनएस)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news