ताजा खबर

आदिवासियों के लिए केंद्र व रमन सरकार ने जो किया है उसे याद करने की जरूरत-कुलस्ते
21-Jan-2023 7:43 PM
आदिवासियों के लिए केंद्र व रमन सरकार ने जो किया है उसे याद करने की जरूरत-कुलस्ते

   कहा- आदिवासियों के साथ जो शोषण हो रहा है आंदोलन और तेज करने की जरूरत   

जनजाति महासम्मेलन में उमड़ी हजारों आदिवासियों की भीड़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 21 जनवरी।
केंद्रीय ग्रामीण विकास और इस्पात राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि पिछले 15 वर्ष में भाजपा की पूर्ववर्ती रमन सरकार व केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार को देखें तो उन्होंने आदिवासियों के कल्याण के लिए तरह-तरह के प्रावधान किए, परंतु आज देखिए भूपेश बघेल की सरकार छत्तीसगढ़ में क्या कर रही है। आदिवासियों के लिए केंद्र व रमन सरकार ने जो कार्य किए हैं, उसे याद करने की जरूरत है। इसे याद कर लिया तो 2023 का चुनाव भाजपा का होगा। श्री कुलस्ते ने हजारों आदिवासियों से 2023 के चुनाव के लिए उनसे आशीर्वाद मांगा।

जनजातीय महासम्मेलन में सरगुजा अंबिकापुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कला केंद्र मैदान में आम सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश में कांग्रेस की भूपेश सरकार पर जमकर बरसे।  श्री कुलस्ते ने आगे कहा कि अगर आज भूपेश बघेल की सरकार के बारे में कहेंगे उनके काम को देखेंगे तो दिखेगा कि इन्होंने किस तरह से आदिवासियों का शोषण किया, मजदूरों के साथ कैसा व्यवहार है उन्हें काम करने के बाद अपनी मजदूरी  राशि के लिए किस प्रकार जूझना पड़ रहा है यह सब बहुत ही कष्टदायक है।

 श्री कुलस्ते ने कहा कि आदिवासियों के साथ जो शोषण हो रहा है आंदोलन को और तेज करने की जरूरत है ताकि 2023 के चुनाव में कांग्रेस को पूरी तरह से उखाड़ फेंके और इसका संकल्प उन्होंने सरगुजा से लेने की बात कही। 

श्री कुलस्ते ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अमृत महोत्सव पर जनजाति समाज के मान प्रतिष्ठा को बढ़ाया है,केंद्र सरकार ने बिरसा मुंडा जयंती मनाने का निर्णय लिया,वीर नारायण सिंह जी को क्या स्थान देना चाहिए इसके लिए भाजपा के पूर्व सरकार ने करोड़ो रुपए खर्च किए। आदिवासी समाज की प्रतिष्ठा के लिए प्रधानमंत्री ने आदिवासी समुदाय की महिला को राष्ट्रपति बनाया। 

श्री कुलस्ते ने कहा कि आदिवासियों का कल्याण छत्तीसगढ़ की धरती से हुआ है और इसकी शुरुआत अटल बिहारी वाजपयी ने की है। जब वह प्रधानमंत्री थे तो उन्होंने एकलव्य विद्यालय प्रारंभ किया लेकिन उसके बाद कांग्रेस सरकार केंद्र मे 10 वर्षों तक रही, जिस पर ब्रेक लग गया। 2014 में नरेंद्र मोदी की सरकार बनी तो पुन: यह एकलव्य विद्यालय प्रारंभ हो गए। अटल जी ने प्रधानमंत्री सडक़ योजना चालू किया तो कांग्रेसी पूछते थे पैसा कहा से लाएंगे। आज सभी गांव को पीएम सडक़ योजना से जोड़ा गया। कांग्रेस ने कभी पक्के सडक़ से किसी गांव को नहीं जोडऩे का काम किया। श्री कुलस्ते ने कहा कि अटल बिहारी वाजपयी ने आदिवासियों के लिए कई क्रांतिकारी निर्णय लिया उन्होंने अलग से जनजाति मंत्रालय खोला, जिसकी आज सरगुजा की बेटी रेणुका सिंह केंद्रीय राज्य मंत्री हैं।

आवास, चरण पादुका, कन्यादान योजना चाहिए तो भूपेश सरकार को बदलना पड़ेगा-रमन 
जनजाति सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने भी भूपेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब वह मुख्यमंत्री बने थे तो बस्तर और सरगुजा में क्या स्थिति थी, किसी से छिपी नहीं है। यहां के लोग कनकी और खांडी खाते थे यहां के लोगों ने मुझे मुख्यमंत्री बनाया। मैंने सीएम बनने के बाद पहले एक रुपए किलो चावल की शुरुआत की ताकि इन गरीब तबके के लोगों का पेट भर सके। सरगुजा में नक्सलियों के बंदूक के भय से लोग घर से बाहर नहीं निकलते थे। 

उन्होंने कहा कि जब मैं सीएम बना तो सबसे पहले सरगुजा में नक्सलवाद को खत्म किया,यहां सडक़ों का जाल बिछाया,बिजली बहाली कराई। भूपेश सरकार में सरगुजा का विकास बंद है।

 रमन सिंह ने आगे कहा कि दिल्ली से केंद्र की सरकार ने 16 लाख आवास छत्तीसगढ़ को भेजा पर उसे भूपेश सरकार खा गए। रमन सिंह ने लोगों से कहा कि अगर उन्हें आवास चाहिए, चरण पादुका चाहिए, पुन: कन्यादान योजना लागू चाहिए तो उन्हें भूपेश बघेल की सरकार को बदलना पड़ेगा।

रमन सिंह ने कहा कि उल्टी गिनती शुरू हो गई है तैयार रहना है पिछले बार आप लोग धोखा खा गए थे पर इस बार कमल खिलाना है, तभी विकास की गंगा बहेगी।

सिंहदेव पर रमन सिंह ने ली चुटकी, कहा न ठीक से विधायक बन पाए न सीएम
सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने अंबिकापुर विधायक व स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव पर चुटकी लेते हुए कहा कि वह ठीक से न विधायक बन पाए न तो छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बन पाए। उन्होंने कहा कि जब वह उनसे पूछे तो ढाई ढाई साल का बात होना बताया। 

रमन सिंह ने कहा कि क्षेत्र की जनता को मुख्यमंत्री का लालच देकर सरगुजा की पूरी सीट ले लिया गया, अब जनता को इस अपमान का बदला लेना चाहिए। श्री सिंह ने कहा कि 5 साल आपने बैठा दिया कोई बात नहीं फिर से कमल खिलाना है।  रमन सिंह ने कहा कि 2023 के चुनाव में पूरी की पूरी सीट पर कमल खिलेगा। 

जनजाति सम्मेलन को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह सहित भाजपा के दिग्गज नेता रामविचार नेताम सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया।

जनजाति सम्मेलन में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा अजजा मोर्चा राम विचार नेताम, सांसद गोमती साय, पूर्व मंत्री केदार कश्यप, महेश गागड़ा, ननकीराम कंवर, प्रबल प्रताप, विष्णु देव साय, अनुराग सिंह देव, ज्योति नंद, राम किशुन सिंह, सिद्धनाथ पैकरा, सहित हजारों की संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग मौजूद थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news