ताजा खबर

विधायक छन्नी साहू पर जानलेवा हमले की अलग-अलग एंगल से जांच
21-Aug-2023 12:58 PM
विधायक छन्नी साहू पर जानलेवा हमले की अलग-अलग एंगल से जांच

हमला साजिश या हादसा, रहस्य का जल्द होगा खुलासा

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

राजनांदगांव, 21 अगस्त। खुज्जी की कांग्रेस विधायक छन्नी साहू पर हुए कातिलाना हमले की पुलिस अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। वारदात की खबर से सन्न आईजी राहुल भगत जहां मामले की खुद निगरानी कर रहे हैं। वहीं एसपी अभिषेक मीणा घटना की असल वजह का पता लगा रहे हैं।

जिले की सबसे चर्चित विधायक छन्नी साहू पर हुए जानलेवा हमले से उनकी सुरक्षा व्यवस्था धरी की धरी रह गई। हमलावर ने आसानी से विधायक को निशाना बनाया। खुज्जी विधानसभा के जोंधरा में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में पहुंची छन्नी साहू रोज की तरह अपने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से निश्चित भाव में मुलाकात कर रही थी। मंच में लगे पर्दे के पीछे छुपे एक युवक ने अचानक नशे की हालत में विधायक पर पीछे से हमला करने की कोशिश की। उसी दौरान उनकी सुरक्षा में तैनात पीएसओ ने हमला रोकने की कोशिश की। इस आपाधापी में चाकू विधायक के एक हाथ की कलाई में लग गया।

बताया जा रहा है कि घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल विधायक को अस्पताल पहुंचाया गया। इस बीच पुलिस के आलाधिकारियों ने पूरे मामले को लेकर छानबीन शुरू कर दी है। सत्तारूढ़ दल की विधायक होने के कारण मामला गंभीर हो गया है। इस बीच पुलिस वारदात की असल वजह का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। घटना के पीछे साजिश होने की आशंका से भी इन्कार नहीं किया जा रहा है। जल्द पुलिस वारदात से जुड़े रहस्य का पर्दाफाश करेगी।

हमले का उद्देश्य का पता लगाए पुलिस-सिंहदेव
विधायक छन्नी साहू पर हुए हमले की कड़ी भत्र्सना करते उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि हमले के पीछे उद्देश्य का पुलिस को पता लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद निंदनीय है। हमलावर ने किस इरादे से विधायक को निशाना बनाया, इसकी उच्च स्तरीय जांच होना चाहिए। पुलिस का दायित्व है कि ऐसी घटनाओं का पुनर्रावृत्ति न हो, इस पर रोक लगाने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। घटना की खबर के बाद उपमुख्यमंत्री ने विधायक का कुशलक्षेम भी पूछा। खुज्जी विधायक सिंहदेव समर्थक मानी जाती है। घटना के बाद से राजनीतिक गलियारे में कई तरह की चर्चाएं चल रही है।  

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news