अंतरराष्ट्रीय

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में आतंकवादियों ने 11 लोगों की हत्या की
13-Apr-2024 10:27 PM
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में आतंकवादियों ने 11 लोगों की हत्या की

(सज्जाद हुसैन)

कराची (पाकिस्तान), 13 अप्रैल। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में दो अलग-अलग घटनाओं में आतंकवादियों ने कम से कम 11 लोगों की हत्या कर दी, जिसमें नौ लोग पंजाब प्रांत के थे।

अधिकारियों ने कहा कि प्रांत के नोशकी इलाके में बस से यात्रा कर रहे कम से कम नौ लोगों की हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि बंदूकधारियों ने यात्रियों को बस से जबरन उतार दिया और यह पुष्टि करने के बाद उनका अपहरण कर लिया कि वे पंजाबी हैं।

क्षेत्र के एक वरिष्ठ असैन्य अधिकारी हबीबुल्लाह मुसाखेल ने कहा, ‘‘लगभग 10-12 बंदूकधारियों ने नोशकी के पास सुल्तान चरहाई के निकट क्वेटा-ताफ्तान राजमार्ग एन -40 को अवरुद्ध कर दिया और एक बस से नौ यात्रियों का अपहरण कर लिया।’’

उन्होंने कहा कि बंदूकधारियों ने पहले यात्रियों के पहचान पत्रों की जांच की और फिर केवल पंजाब प्रांत के लोगों का अपहरण किया। उन्होंने बाद में उनकी हत्या कर दी और उनके शवों को पास के एक पुल के नीचे फेंक दिया।

पुलिस ने बताया कि एक अन्य घटना में इसी राजमार्ग पर बंदूकधारियों ने एक कार पर गोलीबारी की जिसमें दो यात्रियों की मौत हो गयी। उसने कहा कि पीड़ितों में से एक प्रांतीय विधानसभा सदस्य गुलाम दस्तगीर बादिनी का भाई था।

अभी तक किसी भी समूह ने हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन बलूच राष्ट्रवादी पंजाब के लोगों के खिलाफ अकसर हिंसा करते हैं। उनका आरोप है कि पंजाब के लोगों ने बलूचिस्तान की खनिज संपदा निकाली।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इन हमलों की निंदा करते हुए प्राधिकारियों से घटना की रिपोर्ट मांगी है।

उन्होंने लोगों की मौत पर शोक जताया और कहा कि आतंकवादियों को सजा दिलायी जाएगी।

बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर सरफराज बुगती ने कहा कि नोशकी राजमार्ग पर 11 लोगों की हत्या में शामिल आतंकवादियों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें जल्द ही पकड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि इन आतंकवादियों का उद्देश्य बलूचिस्तान की शांति भंग करना है।

गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि सरकार इस मुश्किल वक्त में मृतक के परिवारों के साथ है।

अभी तक किसी भी प्रतिबंधित संगठन ने इन हत्याओं की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन इस साल हाल के हफ्तों में प्रतिबंधित संगठनों और आतंकवादियों द्वारा आतंकी हमलों की घटनाओं में वृद्धि हुई है। (भाषा)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news