ताजा खबर

गजराज ने अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी पर लगाया जमीन हड़पने का आरोप!
20-Apr-2024 4:01 PM
गजराज ने अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी  पर लगाया जमीन हड़पने का आरोप!

  पुराने प्रकरण को लेकर थाने पहुंचे  


‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 अप्रैल। यह एक ऐसा मामला है जिसमें कांग्रेस नेता पूर्व उपमहापौर गजराज पगारिया अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी शशि सिंह पर जमीन हड़पने का आरोप लगाकर थाने पहुंच गए। उन्होंने शशि सिंह, और उनकी मां पुष्पा देवी सिंह के खिलाफ लिखित शिकायत की है। चुनाव के बीच में पूर्व उपमहापौर के आरोपों की राजनीतिक हल्कों में खूब चर्चा हो रही है। 

दिवंगत पूर्व मंत्री तुलेश्वर सिंह की पुत्री शशि सिंह को कांग्रेस ने सरगुजा लोकसभा से टिकट दी है। शशि नामांकन दाखिल कर चुकी हैं, और उनका प्रचार चल रहा है। इन सबके बीच रायपुर के पूर्व उपमहापौर गजराज पगारिया ने दो दिन पहले राजेन्द्र नगर थाने में लिखित शिकायत की है जिसमें उन्होंने दिवंगत पूर्व मंत्री तुलेश्वर सिंह की पत्नी पुष्पा देवी और उनकी पुत्री शशि सिंह पर अपनी जमीन हड़पने का आरोप लगा दिया है। 

पूर्व उपमहापौर के आरोप से दिग्गज पूर्व आदिवासी नेता तुलेश्वर सिंह के परिजन हैरान हैं। उनके परिवार के एक सदस्य ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में बताया कि जमीन के सारे दस्तावेज उनके पास हैं। किसी तरह के बेजा कब्जा का सवाल ही पैदा नहीं होता। और जब उनसे दस्तावेज मांगे जाएंगे तो वो अपना पक्ष रख देंगे। 
दिवंगत पूर्व मंत्री तुलेश्वर सिंह के परिवार से जुड़े लोग गजराज पगारिया के आरोप लगाने की टाइमिंग और नीयत पर सवाल खड़ा कर रहे हैं, और तमाम आरोपों को कांग्रेस प्रत्याशी की छवि खराब करने की कोशिश बता रहे हैं। 

गजराज ने अपनी शिकायत में बताया कि टिकरापारा इलाके में 4275 वर्गफीट जमीन मोहनलाल जैन पिता तुलसी जैन से 29 मार्च 2001 से खरीदी थी। बाद में ये जमीन 4 मार्च 2003 को पुष्पा देवी सिंह पति तुलेश्वर सिंह को विक्रय कर दिया गया। इस विक्रय पत्र के आधार पर 18 मई 2004 को जमीन का नामांतरण करा लिया गया। पुष्पा देवी सिंह ने उक्त जमीन के आधार पर फिर से नामांतरण के लिए 10 मार्च 2022 को तहसीलदार के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया गया। 

शिकायत में गजराज पगारिया ने आगे कहा कि उनके नाम पर एक अन्य जमीन जिसका रकबा 2500 वर्गफीट था जिसे हरीश कुमार वासवानी से खरीद कर स्वामित्व और आधिपत्य प्राप्त किया, उसे पुष्पा देवी सिंह द्वारा उक्त विक्रय पत्र के माध्यम से 2500 वर्गफीट को भी 8 जुलाई 2022 को अपने नाम पर दर्ज करवा लिया गया। यह कार्य आपराधिक कृत्य है। 

यह भी आरोप लगाया कि पुष्पा देवी की पुत्री शशि सिंह द्वारा राजनीतिक दबाव डालकर सारा कार्य कराया गया है। उन्होंने इस मामले पर कार्रवाई कर सक्षम न्यायालय से दंडित कराने का आग्रह किया है। इस पूरे मामले में राजेन्द्र नगर टीआई ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि पगारिया ने जमीन संबंधित शिकायत की है, इसका परीक्षण किया जा रहा है। 

दूसरी तरफ, चुनाव के बीच में कांग्रेस नेता गजराज पगारिया द्वारा अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ आरोप लगाकर उनके लिए मुश्किलें खड़ी करने की बात कह रहे हैं। पार्टी के कुछ नेता अनौपचारिक चर्चा में यह कहने से नहीं चूक रहे हैं कि पगारिया भाजपा के हाथों में खेल रहे हैं। जबकि शशि सिंह के नाम पर जमीन ही नहीं है। बावजूद इसके उनके नाम पर शिकायत की गई है। बहरहाल, चुनाव प्रचार के बीच में रायपुर का जमीन विवाद की गूंज अंबिकापुर तक सुनाई दे सकती है। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news