ताजा खबर

दम घुटने से डोंगरगढ़ में महिला श्रद्धालु की मौत
06-Oct-2024 1:19 PM
 दम घुटने से डोंगरगढ़ में महिला श्रद्धालु की मौत

file Photo

  उमस और गर्मी से आधा दर्जन की बिगड़ी तबियत  
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 6 अक्टूबर।
मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंची एक महिला श्रद्धालु की दम घुटने से रविवार तडक़े मौत हो गई। उमस और गर्मी से आधा दर्जन श्रद्धालुओं की तबियत भी बिगड़ गई है। तत्काल चिकित्सकीय मदद मिलने से बेचैन रहे श्रद्धालुओं की तबियत में सुधार हुआ है। 

इस घटना से डोंगरगढ़ के क्षीरपानी परिसर में आज सुबह काफी गहमा-गहमी रही। हजारों श्रद्धालुओं की एक जगह ठहरने से लोगों को घुटन महसूस होने लगी। इसी आपाधापी में धमतरी जिले की एक महिला की जान चली गई। 

राजनंादगांव रेंज आईजी दीपक झा ने ‘छत्तीसगढ़’ से घटना की पुष्टि करते बताया कि आज सुबह एक महिला श्रद्धालु की मौत हुई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से पुलिस के निर्देश अनुरूप दर्शन करने की प्रक्रिया का पालन करने की अपील की है।

मिली जानकारी के मुताबिक डोंगरगढ़ के ऊपर मंदिर जाने वाले मार्ग में स्थित क्षीरपानी परिसर में आज सुबह एक जगह हजारों भक्त दर्शन करने एकत्रित हो गए। उमस और गर्मी के कारण धमतरी जिले की भखारा क्षेत्र की बागतराई की सोनिया साहू अपने परिवार के साथ भीड़ में फंस गई। इसी दौरान उसे सांस लेने में तकलीफ हुई और घुटन के चलते वह बेहोश हो गई। 

उसे किसी तरह डोंगरगढ़ के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों उसे मृत घोषित कर दिया। मृतिका कुल 8 लोगों के साथ दर्शन करने के लिए डोंगरगढ़ पहुंची थीं। उसके साथ उसकी 14 साल की एक बालिका भी थी।

बताया जा रहा है कि इस रविवार होने के चलते श्रद्धालुओं की भीड़ शनिवार देर शाम से बढऩे लगी। आधी रात के बाद भीड़ में जबर्दस्त इजाफा हुआ। हर नवरात्रि में शनिवार और रविवार को भीड़ बढऩे की संभावना के चलते पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर रहता है। 

बताया जा रहा है कि अलसुबह 2 घंटे के भीतर परिसर में हजारों की तादाद में भक्त एक जगह ठहर गए। जिसके चलते गर्मी और उमस से लोग बेहाल होने लगे। इस बीच प्रशासन ने भी आम भक्तों से नियम-शर्तों के तहत दर्शन करने की अपील की है। भीड़ से बचने की भी प्रशासन ने भक्तों को सलाह दी है।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news