राष्ट्रीय

येदियुरप्पा के पीए खतरे से बाहर, आत्महत्या की कोशिश की थी
28-Nov-2020 7:39 PM
येदियुरप्पा के पीए खतरे से बाहर, आत्महत्या की कोशिश की थी

 बेंगलुरू, 28 नवंबर | कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा के निजी सहायक (पीए) फिलहाल खतरे से बाहर हैं। एम.एस. रमैया अस्पताल ने शनिवार को जानकारी दी कि येदियुरप्पा के निजी सहायक एन.आर. संतोष की हालत पहले से बेहतर है और वह खतरे से बाहर हैं। उन्हें शनिवार की शाम तक गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) से सामान्य वार्ड में स्थानांतरित किया जा सकता है। संतोष को कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश करने के बाद शुक्रवार देर रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शहर की डॉलर्स कॉलोनी निवासी 31 वर्षीय संतोष ने करीब एक दर्जन नींद की गोलियां खा ली थी।

पुलिस ने कहा कि कथित तौर पर यह घटना तब सामने आई, जब संतोष की पत्नी जाह्नवी उनके कमरे में यह पूछने के लिए गई कि रात में खाने के लिए क्या बनाना है।

इसके बाद जाह्नवी उन्हें तुरंत एम.एस. रमैया सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल लेकर गईं, जहां उन्हें भर्ती कराया गया और उपचार दिया गया।

शनिवार की सुबह अस्पताल ने एक बयान जारी किया, जिसमें कहा गया था कि संतोष खतरे से बाहर है और उन्होंने अपना नाश्ता भी कर लिया है। बयान में कहा गया, "वह खतरे से बाहर है और जल्द ही उन्हें आईसीयू से सामान्य वार्ड में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।"

खबर सुनने के बाद शुक्रवार देर रात मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा ने संतोष का हाल जानने और उनकी पत्नी को सांत्वना देने के लिए अस्पताल का दौरा किया। बता दें कि संतोष येदियुरप्पा के रिश्तेदार भी हैं।

येदियुरप्पा ने मीडिया को बताया कि संतोष उनसे शुक्रवार सुबह मिले थे और वह दोनों साथ-साथ टहले भी थे, मगर तब उन्हें ऐसा कोई आभास नहीं हुआ कि संतोष किसी बात को लेकर उदास है। उन्होंने मीडिया से कहा कि वह सामान्य थे और उनके साथ भी खुश दिख रहे थे। येदियुरप्पा ने कहा कि फिलहाल वह खतरे से बाहर हैं।

पत्रकारों से बात करते हुए संतोष की पत्नी जाह्नवी ने शुक्रवार की रात दावा किया था कि उनका एक खुशहाल परिवार है और कोई पारिवारिक समस्या भी नहीं है। जाह्नवी ने इशारा किया कि कोई राजनीति से जुड़ी बात ही इस घटना का कारण हो सकती है। हालांकि उन्होंने इस बारे में अधिक बात नहीं की। (आईएएनएस)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news