राजनांदगांव

बाजार में दशेरी आम की महक
11-May-2022 1:11 PM
बाजार में दशेरी आम की महक

रसीले आम की कई किस्म की आवक बढ़ी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 मई।
आम के शौकीन लोगों के लिए बाजार में अलग-अलग प्रजातियों के रसीले आम पहुंच गए हैं। इन दिनों बाजार में दशेरी आम की महक ग्राहकों का ध्यान खींच रही है। वहीं आम के घटते दाम से लोग अब खरीददारी करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। बाजार में आवक बढ़ते ही आम के दाम घटने लगे हें। घटते भाव के साथ ग्राहकों की भी रूचि आम खरीदने के लिए बढ़ी है।

बाजार में दीगर प्रांतों से आम की आवक बढ़ी है। खासतौर पर आंध्रा और  तमिलनाडू से आम की खेप लगातार शहर में पहुंच रही है। वहीं देशी आम भी बाजार में पहुंच गया है। लोकल आम की खरीददारी के लिए लोगों का ध्यान ज्यादा है। पिछले कुछ दिनों से बैगन फल्ली प्रजाति के आम की खरीदी को लेकर लोग सामने आ रहे थे। अब दशेरी और लंगड़ा आम भी बाजार में फल कारोबारियों के पास पहुंच गया है। ठेले-खोमचों में भी आम की अलग-अलग प्रजाति दिखाई दे रही है। इस साल भीषण गर्मी के चलते आम की पैदावार को आंशिक नुकसान हुआ है। जिसके चलते बाजार में आम की आमद देर से हुई है। अलग-अलग किस्म के आम के दाम में अंतर है। अब बैगन फल्ली 80 से 90 रुपए प्रति किलो बिक रहा है। वहीं दशेरी आम का भाव करीब 100 से ऊपर है। लंगडे आम की कीमत सबसे अधिक है। दूसरे राज्यों से पहुंचे आम की खरीददारी को लेकर लोगों का ध्यान बढ़ा है। इसके पीछे आम का सस्ता होना एक प्रमुख वजह है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news