महासमुन्द

ऋण माफी की आस में सरायपाली के 15 हजारकिसानों ने लिया 85 करोड़ का ऋण
15-Dec-2023 2:33 PM
 ऋण माफी की आस में सरायपाली के 15 हजारकिसानों ने लिया 85 करोड़ का ऋण

सत्ता परिवर्तन से किसान चिंतित, कर्ज जमा करने की जुगत में लगे 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 दिसंबर।
धान खरीदी के दौरान महासमुंद जिले के अकेले सरायपाली विकासखंड के किसानों को 85 करोड़ से अधिक कर्ज चुकाना होगा। यहां के किसानों ने ऋण माफी की आस में चुनावी वर्ष में जमकर ऋण लिया है, लेकिन किसानों को महज दो साल के रुके बोनस की रकम ही सरकार की ओर से जारी होगी।

जिले के सरायपाली वधानसभा चुनाव के पूर्व विभिन्न पार्टियों के द्वारा कई तरह की घोषणाएं की गई थी। जिसमें कांग्रेस के द्वारा एक बार फिर किसानों के कर्जमाफी की घोषणा से सभी किसानों में काफी प्रसन्नता देखी जा रही थी। वहीं कई किसानों ने तो चुनावी वर्ष को देखते हुए कर्जमाफी की आस में पहले से आवश्यकता से अधिक ऋण ले लिया था। लेकिन अब अचानक सत्ता परिवर्तन हो जाने से कर्जमाफी को लेकर किसान भी चिंतित नजर आ रहे हैं और कर्ज जमा करने की जुगत में लग गए हैं। 

विभागीय जानकारी अनुसार सरायपाली विकासखंड के 15 हजार 004 किसानों ने वर्ष 2022-23 में 85 करोड़ 7 लाख 72 हजार रुपए का कर्ज लिया है। किसानों को दो अलग-अलग वर्गों जिसमें सिंचित भूमि हेतु 58 हजार रुपए और असिंचित भूमि पर 44 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर की दर से ऋण दिया गया है। प्रति वर्ष किसानों को बिना ब्याज के इसी तरह से कर्ज उपलब्ध कराया जाता है। पूर्व में भी कांग्रेस सरकार बनने पर सन् 2018 में राज्य सरकार की ओर से किसानों का कर्ज माफ  किया गया था। हालांकि इसमें भाजपा का आरोप था कि किसानों को कांग्रेस के घोषणा पत्र के दावों के अनुरूप कर्ज माफी नहीं मिल पाई। इसे देखते हुए इस बार चुनावी वर्ष में फिर से कर्जमाफी की आस में ब्लॉक के अनेक किसानों ने लक्ष्य से अधिक कर्ज लिया है। इसके बाद चुनाव के कुछ दिनों पूर्व कांग्रेस सरकार के द्वारा पुन: कर्जमाफी की घोषणा किए जाने पर किसानों में प्रसन्नता भी दिखाई दे रही थी। कई किसानों के मुख से यह भी सुनने में आ रहा था कि इस चुनाव में कांग्रेस के द्वारा किए गए घोषणा के अनुसार पुन: कर्जमाफी होगी। 

एक साल पहले किसानों से प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान की खरीदी हो रही थी, जो 20 क्विंटल हुआ। अब भाजपा सरकार अपनी घोषणा के अनुसार 21 क्विंटल खरीदी करेगी। लेकिन चालू सीजन से नहीं। इसके अलावा किसानों को धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपए प्रति क्विंटल भी मिल सकता है। हालांकि किसानों के लिए यह भी राहत की बात यह है कि भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र अनुसार नई सरकार बनने के बाद साल 2016-17 और 2017-18 का बकाया बोनस आगामी 25 दिसम्बर को जारी कर दिया जाएगा। 

विभागीय जानकारी अनुसार सरायपाली विकासखंड के 15004 किसानों ने जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक शाखा सरायपाली अंतर्गत 8545 किसानों ने12473.00 हेक्टेयर हेतु 45 करोड़ 72 लाख 64 हजार रुपए का ऋण लिया है। जबकि जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक शाखा तोरसिंहा अंतर्गत 6459 किसानों ने 10864.50 हेक्टेयर हेतु 39 करोड़ 35 लाख 8 हजार रुपए लिया था। जिसे किसानों को किसी भी हालत में चुकाना ही पड़ेगा। 

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news