महासमुन्द

सरकार बदली: अब राशन कार्ड भी बदल जाएंगे, नये मुख्यमंत्री- खाद्य मंत्री की फोटो लगेगी?
15-Dec-2023 2:35 PM
 सरकार बदली: अब राशन कार्ड  भी बदल जाएंगे, नये मुख्यमंत्री- खाद्य मंत्री की फोटो लगेगी?

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 दिसंबर।
सरकार बदली तो अब राशन कार्ड भी बदल जाएगी। चूंकि राशन कार्ड पर नए मुख्यमंत्री और नए खाद्य मंत्री की तस्वीर छापने की परंपरा शुरू हो चुकी है। अत: हर बार सरकार को महज कार्ड छपवाने के लिए लाखों का नुकसान होता है। 

शहर में चर्चा है कि अब  नवीनीकरण के नाम पर एक बार फिर खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड से तत्कालीन मुख्यमंत्री तथा खाद्य मंत्री की छपी फोटो वाले राशन कार्डों को परिवर्तन किया जा सकता है। इसके स्थान पर अब वर्तमान मुख्यमंत्री तथा भाजपा के खाद्य मंत्री की तस्वीर युक्त राशन कार्ड जारी हो सकते हैं।

चर्चा है कि कांग्रेस सरकार के दौरान बने राशन काडों को वापस लेकर नई सरकार के हिसाब से राशन कार्ड बनाया जाएगा। यह प्रक्रिया बहुत जल्द शुरू की जा सकती है। राज्य या केंद्र में जब कभी सरकारें बदलती हैं तो योजना या नामकरण में बदलाव होना कोई नई बात नहीं है। साल 2018 में भी चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस सरकार ने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार द्वारा लागू कई चीजों को बदल दिया था। सबसे पहले राशन कार्ड में तात्कालीन मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह और खाद्य मंत्री पुन्नुलाल मोहले की तस्वीर को हटाकर कवर पेज पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और खाद्य मंत्री अमरजीत भगत की तस्वीर छापी गईथी।

शहर में इसी बात की चर्चा है कि मंत्री मण्डल का गठन होने के बाद राशन कार्ड पर पुराने मंत्री का फोटो हटाया जा सकता है। मालूम हो कि विकासखंड वार जिले में कुल 298885 राशन कार्ड हैं। 

जबकि नगरीय निकायवार 32206 राशन कार्ड हैं। इनमें से विकासखंडवार अंत्योदय 44988, निराश्रित 2345, प्राथमिकता 217400, नि:शक्त जन 994, एपीएल 33158 कार्ड हैं। वहीं नगरीय निकायवार अंत्योदय 4699, निराश्रित 174, प्राथमिकता 18091, नि:शक्तजन 128, एपीएल 9114 कार्ड है। जिले में 331091 तथा प्रदेश में 7662663 राशन कार्ड की तस्वीरें सत्ता परिवर्तन के साथ हटाई जा सकती हैं।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news